लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में 898 कर्मचारी फंसे, 361 को बचाया गया; बाढ़ की चेतावनी में कथित तौर पर करीब 2 घंटे की देरी; बाघ के पीछे गाड़ी दौड़ाकर रील बनाई तो होगी कार्रवाई

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।


🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


1- नेपाल : हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में 898 कर्मचारी फंसे, 361 को बचाया गया; 6 इंच का छेद कर पहुंचाई जा रही हवा

नेपाल में 26 अगस्त की भीषण बाढ़ के बाद हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे कर्मचारियों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। करीब 898 कर्मचारी अब भी सुरंगों में फंसे बताए जा रहे हैं, जबकि 361 को सुरक्षित निकाला जा चुका है। त्रिशूली-3 ‘ए’ हाइड्रोपावर परियोजना में बचावकर्मी मशीनों से मिट्टी और गाद हटा रहे हैं। सुरंग में करीब 6 इंच का छेद कर पाइप के जरिए हवा पहुंचाई जा रही है और इसे बड़ा कर मैनहोल बनाने की तैयारी है। 26 अगस्त की बाढ़ में नेपाल में 675 और तिब्बत में 16 लोगों की मौत बताई गई है।

2- नेपाल : बाढ़ की चेतावनी में कथित तौर पर करीब 2 घंटे की देरी, लोगों का दावा- सुबह 7:30 बजे ही मिल गई थी सूचना; 691 मौतें

26 अगस्त को भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अलर्ट जारी करने की टाइमिंग पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्हें सुबह 7:30 बजे ही फोन के जरिए बाढ़ की जानकारी मिल गई थी, जबकि सरकारी SMS अलर्ट करीब 9:15 से 9:35 बजे के बीच भेजे जाने की बात सामने आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह 8:37 बजे 4.4 तीव्रता के झटके आए और 13 मिनट बाद नदी का जलस्तर मापने वाला डेटा सिस्टम बंद हो गया। शनिवार तक मृतकों की संख्या 691 और लापता लोगों की संख्या 3 हजार से अधिक बताई गई है, जिनमें 275 भारतीय शामिल हैं। अब तक 7,514 लोगों को बचाया गया है।

3- कॉर्बेट : बाघ के पीछे गाड़ी दौड़ाकर रील बनाई तो होगी कार्रवाई, SOG करेगी पहचान; वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत केस की तैयारी

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में बाघ और अन्य वन्यजीवों की रील बनाने के लिए उनका पीछा करने वाले पर्यटकों पर अब निगरानी बढ़ाई जा रही है। CTR प्रशासन के अनुसार बाघ के बेहद करीब जाने, वाहन से रास्ता रोकने, पीछा करने या हेडलाइट डालकर उसे परेशान करने वालों की पहचान की जाएगी। वन विभाग की टीमों के साथ स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को भी जिम्मेदारी दी गई है। संवेदनशील इलाकों में SOG के जवान सादे कपड़ों में निगरानी करेंगे और सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो की भी जांच होगी। पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह के अनुसार बाघ का पीछा या उसे घेरना उसे उत्तेजित कर सकता है और इंसान-बाघ दोनों के लिए खतरा पैदा कर सकता है। नियम तोड़ने वालों पर नोटिस, जुर्माना और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई संभव है।

4- उत्तराखंड : बारिश से नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर पहाड़ी दरकी, मलबे से सड़क बंद; 2 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड के सभी जिलों में शनिवार से रुक-रुककर बारिश जारी है। रविवार सुबह नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर दो गांव के पास पहाड़ी दरकने से बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे आवाजाही बंद हो गई। NHAI की टीम JCB के साथ मलबा हटाने में जुटी है। भूस्खलन के समय कोई वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। चमोली के गोपेश्वर में तेज बारिश के बाद सड़कें तेज बहाव वाले गदेरों में बदल गईं और होटल-दुकानों में पानी घुस गया। देहरादून में एक डिलीवरी कर्मी नाले में बह गया, जिसे स्थानीय लोगों ने बचा लिया। मौसम विज्ञान केंद्र ने 2 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

5- उत्तराखंड : देहरादून में डिलीवरी कर्मी नाले में बहा, स्थानीय लोगों ने ह्यूमन चेन बनाकर बचाया; बाइक भी सुरक्षित निकाली

देहरादून में भारी बारिश के बीच स्विगी का एक डिलीवरी कर्मी नाले में बह गया। घटना कैनाल रोड लेन नंबर-4 के पास हुई, जहां स्थानीय निवासियों ने तुरंत नाले में उतरकर उसे बचाया। लोगों ने ह्यूमन चेन बनाकर डिलीवरी कर्मी को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी बाइक भी बाहर निकाल ली। उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण कई जगह जलभराव और तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1- हल्द्वानी : खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण पर सियासत तेज, राहुल ने SC/ST एक्ट में FIR की मांग की; धामी बोले- जाति देखकर नहीं हुआ हवन

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद बढ़ गया है। राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली में इसे दलितों, पिछड़ों और वंचितों का अपमान बताते हुए ‘छुआछूत’ करार दिया और प्रधानमंत्री से दोषियों के खिलाफ SC/ST एक्ट में FIR की मांग की। राहुल ने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण BJP-RSS से जुड़े लोगों ने कराया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आरोप खारिज करते हुए कहा कि हवन में BJP का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था और धार्मिक संगठनों ने कथित धार्मिक नारे व गंदगी के विरोध में शुद्धिकरण कराया। भाजपा नेता खजान दास ने भी पार्टी की संलिप्तता से इनकार किया। देहरादून में कांग्रेस ने BJP प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के सरकारी आवास का घेराव किया।

2- उत्तराखंड : बिना मान्यता चल रहे मदरसों पर सरकार का एक्शन, मंगलौर में दो संस्थान सील; सभी जिलों से मांगा गया ब्योरा

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में बिना जरूरी मान्यता संचालित दो मदरसों की इमारतों को प्रशासन ने सील कर दिया। डीएम मयूर दीक्षित के अनुसार मदरसा रोडवुड पब्लिक स्कूल और मदरसा तजबीदुल कुरान सितारजवी पर प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई हुई। दो अन्य मदरसा संचालकों को जरूरी दस्तावेज पेश करने के लिए सोमवार तक का समय दिया गया है। अल्पसंख्यक मामलों के सचिव डॉ. पराग धकाते ने कहा कि बिना अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण (MEA) की मान्यता के संचालित संस्थानों को बंद कराया जाएगा। सरकार ने सभी जिलों को ऐसे मदरसों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई का आधार मान्यता और निर्धारित नियमों का पालन बताया गया है।

3- न्यूयॉर्क : मोहन भागवत बोले- भारत से मुसलमानों को निकालना हिंदुत्व नहीं, धर्म अलग हो सकते हैं लेकिन मानवता एक; ‘मैं-मेरा’ नहीं, ‘हम-हमारा’ समाधान

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को न्यूयॉर्क के ‘वन वर्ल्ड वन ह्यूमैनिटी’ कार्यक्रम में कहा कि यदि कोई हिंदू सोचता है कि भारत में मुसलमान नहीं होने चाहिए, तो वह हिंदू नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि अलग-अलग धर्म हो सकते हैं, लेकिन मानवता एक है और सभी रास्ते ईश्वर तक जाते हैं। भागवत ने कहा कि इंसान अपने दिमाग में बने ‘सॉफ्टवेयर’ से प्रभावित होकर एक ही सत्य को अलग-अलग तरीके से समझता है। उन्होंने राजनीति को स्वार्थ का खेल बताते हुए कहा कि बदलाव की शुरुआत राजनीति से नहीं, समाज से होनी चाहिए। शनिवार देर रात भारतीय समयानुसार न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में उनका संबोधन प्रस्तावित है।

4- लद्दाख : 18,600 फीट की ऊंचाई पर सेना ने मरीज को किया एयरलिफ्ट, खड़ी ढलान पर एक स्किड टिकाकर हेलिकॉप्टर को रखा संतुलित

भारतीय सेना के एविएशन पायलटों ने शनिवार को कारगिल क्षेत्र के पास नुन-कुन पर्वत पर बेहद चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एक मरीज को सुरक्षित निकाला। करीब 18,600 फीट की ऊंचाई पर तेज हवाओं और खड़ी ढलान के कारण सामान्य लैंडिंग संभव नहीं थी। पायलटों ने हेलिकॉप्टर को बेहद कम ऊंचाई पर स्थिर रखते हुए उसका सिर्फ एक स्किड ढलान पर टिकाया और मरीज को एयरलिफ्ट किया। कम वायुदाब के कारण हेलिकॉप्टर की लिफ्ट क्षमता घटने को देखते हुए उड़ान से पहले गैर-जरूरी भारी सामान हटाया गया और सीमित ईंधन रखा गया। इस तकनीक को ‘वन-स्किड लैंडिंग’ कहा जाता है, जिसका इस्तेमाल दुर्गम पहाड़ी इलाकों में बचाव अभियानों के दौरान किया जाता है।

5- ताशकंद : पीएम मोदी आज शास्त्री मेमोरियल और महात्मा गांधी सेंटर जाएंगे, राष्ट्रपति मिर्जियोयेव से द्विपक्षीय बैठक; व्यापार-निवेश पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरे पर हैं। रविवार को ताशकंद में वे शास्त्री मेमोरियल और महात्मा गांधी सेंटर जाएंगे। इसके बाद राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। भारत के ‘विकसित भारत 2047’ और उज्बेकिस्तान के ‘विजन-2030’ के तहत सहयोग के नए रास्तों पर भी बातचीत प्रस्तावित है। उज्बेकिस्तान के बाद प्रधानमंत्री 31 अगस्त से 1 सितंबर तक किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में SCO की 26वीं शिखर बैठक में शामिल होंगे। वहां उनकी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत अन्य नेताओं से मुलाकात हो सकती है।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >

1- 30 अगस्त 2021: अफगानिस्तान से अमेरिका की 20 साल की सैन्य मौजूदगी खत्म हुई

अमेरिका ने 30 अगस्त 2021 को अफगानिस्तान से अपने आखिरी सैनिकों को वापस बुला लिया। इसके साथ 2001 में शुरू हुआ करीब दो दशक लंबा अमेरिकी सैन्य अभियान समाप्त हुआ। यह वापसी अफगानिस्तान में तालिबान के दोबारा सत्ता में आने के बाद हुई और आधुनिक विश्व राजनीति की बड़ी घटनाओं में गिनी जाती है।

2- 30 अगस्त 1983: अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले अफ्रीकी-अमेरिकी बने गियोन ब्लफोर्ड

30 अगस्त 1983 को अंतरिक्ष यान स्पेस शटल चैलेंजर के मिशन STS-8 ने उड़ान भरी। इसमें गियोन ब्लफोर्ड जूनियर अंतरिक्ष में जाने वाले पहले अफ्रीकी-अमेरिकी बने। यह मिशन रात में लॉन्च होने वाला स्पेस शटल कार्यक्रम का पहला मिशन भी था।

3- 30 अगस्त 1963: अमेरिका-सोवियत संघ के बीच ‘हॉटलाइन’ शुरू हुई

शीत युद्ध के दौर में अमेरिका और सोवियत संघ के नेताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने के लिए 30 अगस्त 1963 को वॉशिंगटन-मॉस्को हॉटलाइन शुरू हुई। इसका उद्देश्य दोनों महाशक्तियों के बीच तनाव बढ़ने की स्थिति में तेजी से संवाद करना था, खासकर क्यूबा मिसाइल संकट जैसी घटनाओं के बाद। 


📈 मार्केट में आज कीमतें >


धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
####UK DESK####
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल