लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : सावन के आखिरी सोमवार पर महाकाल की भस्म आरती; पहलगाम हमले के बाद अटकी शादियों को मिली राह; रक्षाबंधन पर महिलाओं और एक सहयात्री का रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।


🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


1- उज्जैन-वाराणसी : सावन के आखिरी सोमवार पर महाकाल की भस्म आरती, काशी में मंगला आरती; 20 दिन में 55.69 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन

उज्जैन में सावन के चौथे और आखिरी सोमवार पर बाबा महाकाल की सुबह भस्म आरती की गई। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। आज दोपहर 3 बजे महाकाल की सवारी निकाली जाएगी। वहीं वाराणसी स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में भी सावन के अंतिम सोमवार पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए और बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती की गई। मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, सावन के दौरान अब तक 55.69 लाख श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। अंतिम सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने का अनुमान है। इसके अलावा सोमनाथ, विश्वनाथ और महाकाल मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।

2- भारत-पाकिस्तान : पहलगाम हमले के बाद अटकी शादियों को मिली राह; अप्रैल से 150 पाकिस्तानी दुल्हनें परिवार के साथ भारत पहुंचीं, 300 अब भी वीजा के इंतजार में

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बदले हालात में करीब 150 पाकिस्तानी महिलाओं की शादियां रुक गई थीं। ये महिलाएं भारत में रहने वाले पुरुषों से सगाई कर चुकी थीं और शादी के लिए भारत आने का इंतजार कर रही थीं। नागपुर के नेता राजेश झांबिया के अनुसार, केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद इस साल अप्रैल से सिंध की करीब 150 दुल्हनें और उनके परिवार दुबई, ओमान, श्रीलंका, बांग्लादेश तथा अन्य देशों के रास्ते भारत पहुंच चुके हैं। इनमें नागपुर से जुड़े 15 मामले शामिल हैं। शादानी दरबार ने करीब 150 दुल्हनों की सूची तैयार कर गृह मंत्रालय को भेजी थी। सरकार ने हवाई मार्ग से भारत आने की अनुमति दी। झांबिया के मुताबिक पाकिस्तान में करीब 300 महिलाएं अब भी भारत आने और शादी करने के लिए वीजा का इंतजार कर रही हैं।

3- उत्तर प्रदेश : रक्षाबंधन पर महिलाओं और एक सहयात्री का रोडवेज बसों में मुफ्त सफर, 27 अगस्त सुबह से 29 अगस्त रात तक मिलेगी सुविधा; अतिरिक्त बसें चलेंगी

रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। सरकार के निर्देश के अनुसार 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक महिला के साथ एक पुरुष सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। त्योहार पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए 26 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निजी बस, टैक्सी और ऑटो से निर्धारित किराया ही वसूलने के निर्देश दिए हैं। ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, अधिक किराया लेने और यात्रियों से दुर्व्यवहार पर कार्रवाई होगी। अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, वाराणसी, प्रयागराज और विंध्याचल जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष यातायात व्यवस्था की जाएगी। बस अड्डों पर पेयजल, साफ-सफाई, सीसीटीवी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश हैं।

4- कुरुक्षेत्र : पति की हत्या के बाद शरीर से अंग गायब मिलने की जांच, पत्नी पर धारदार हथियार से हत्या का आरोप; मकान मालिक के पहुंचने पर छत से कूदी

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सीतापुर निवासी 40 वर्षीय राजेश की हत्या के मामले में उसकी पत्नी विमला देवी पर गंभीर आरोप लगे हैं। राजेश पिहोवा रोड के पास पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था और वाटर सप्लाई का काम करता था। मकान मालिक के अनुसार शनिवार शाम कमरे से चीखने की आवाज सुनकर वह छत पर पहुंचा, जहां राजेश घायल हालत में पड़ा था और विमला कथित तौर पर उसकी आंतें एक बोरी में रख रही थी। मकान मालिक को देखकर विमला छत से कूद गई और घायल हो गई। पुलिस को मौके से तीन चाकू मिले। पोस्टमॉर्टम के अनुसार राजेश के शरीर पर करीब 37 सेंटीमीटर लंबा गहरा घाव था और करीब आधा लीवर तथा दाईं किडनी गायब मिली। पुलिस हत्या की वजह के साथ अंगों के गायब होने की भी जांच कर रही है। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और हालत सुधरने पर उससे पूछताछ की जाएगी।

5- लखीमपुर : महाराष्ट्र में खौलते गुड़ की कड़ाही में गिरकर 25 वर्षीय मजदूर की मौत, कर्ज चुकाने गया था कमाने; साथियों ने निकालकर अस्पताल पहुंचाया

लखीमपुर-खीरी के ईसानगर क्षेत्र के मूड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय दानिश की महाराष्ट्र के एक गुड़ प्लांट में हादसे के दौरान मौत हो गई। घटना 21 अगस्त को दोपहर करीब 2:25 बजे हुई। बताया गया कि गुड़ की कड़ाही के किनारे काम कर रहे दानिश को अचानक चक्कर आया और संतुलन बिगड़ने से वह खौलते गुड़ में गिर गया। साथियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दानिश करीब चार महीने पहले 15 अन्य लोगों के साथ महाराष्ट्र मजदूरी करने गया था। परिवार के अनुसार, करीब 70 हजार रुपये का कर्ज चुकाने के लिए वह कमाने गया था। शनिवार को शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने उसके साथ गए मजदूरों पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने प्लांट की सीसीटीवी फुटेज दिखाई, जिसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस के अनुसार अभी मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1- अयोध्या : अजय राय के कांग्रेस सम्मेलन में मछली भोज पर विवाद, भाजपा ने बताया सनातन का अपमान; आयोजक बोले- संविधान में सावन में मछली न खाने की बात नहीं

अयोध्या में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के स्वागत में आयोजित सम्मेलन के दौरान मछली भोज को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। रविवार को अजय राय ने हनुमानगढ़ी में हनुमान चालीसा का पाठ किया और रामलला के दर्शन के बाद तारुन बाजार स्थित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। सम्मेलन का आयोजन हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए राम निहाल निषाद ने किया था। यहां मछली परोसे जाने की बात सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इसे सनातन आस्था का अपमान बताया। भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। वहीं राम निहाल निषाद ने कहा कि संविधान में सावन में मछली न खाने की कोई बात नहीं है और कार्यक्रम में शाकाहारी भोजन भी था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि उन्हें मछली भोज की जानकारी नहीं थी।

2- उत्तर प्रदेश : 17 IAS अधिकारियों का तबादला, संगीता सिंह बनीं मुरादाबाद की कमिश्नर; आन्जनेय सिंह को नहीं मिला आठवां सेवा-विस्तार, सिक्किम लौटेंगे

उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं 2005 बैच के सिक्किम कैडर के आईएएस आन्जनेय सिंह का उत्तर प्रदेश में कार्यकाल समाप्त हो गया। उन्हें आठवीं बार सेवा-विस्तार नहीं मिला और अब उनके मूल कैडर सिक्किम लौटने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आन्जनेय सिंह 6 मार्च 2021 से 14 अगस्त 2026 तक मुरादाबाद के मंडलायुक्त रहे। वे रामपुर के जिलाधिकारी रहते आजम खान के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद भी चर्चा में आए थे। फेरबदल में डॉ. राजशेखर को जल निगम (ग्रामीण) के एमडी पद से हटाकर नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है। योगेश कुमार को जल निगम (ग्रामीण) का एमडी बनाया गया। चैत्रा वी को आयुष विभाग से हटाकर राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) बनाया गया।

3- पाकिस्तान : ऑपरेशन सिंदूर में क्षतिग्रस्त जैश का बहावलपुर मुख्यालय फिर तैयार होने का दावा; मरकज सुभानअल्लाह की मरम्मत पर 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपए खर्च

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के बहावलपुर में क्षतिग्रस्त हुए जैश-ए-मोहम्मद के मरकज सुभानअल्लाह मुख्यालय के दोबारा तैयार होने का दावा किया गया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, करीब 15 महीने में परिसर की मरम्मत की गई। क्षतिग्रस्त गुंबदों को दोबारा बनाया गया, नया संगमरमर और प्लास्टर लगाया गया तथा पूरी इमारत पर नया पेंट किया गया। रिपोर्ट में दावा है कि पाकिस्तान सरकार ने मरम्मत के लिए जैश को 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपए दिए। मदरसा अल-सबीर और जैश कमांडरों के रहने वाले हिस्से का भी पुनर्निर्माण किए जाने की बात कही गई है। यह परिसर भारत-पाकिस्तान सीमा से करीब 100 किलोमीटर दूर और लगभग 18 एकड़ में फैला है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां जैश आतंकियों की भर्ती, प्रशिक्षण और कथित तौर पर ब्रेनवॉश की गतिविधियां चलाता था। ऑपरेशन सिंदूर में 6-7 मई 2025 की रात इसे निशाना बनाया गया था।

4- दिल्ली/पुणे : स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी से कहा- महिला समर्थक हैं तो 33% आरक्षण लागू कराने का समर्थन करें; वंदे मातरम के पूरे संस्करण पर भी उठाया सवाल

भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने रविवार को राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वे महिलाओं के समर्थक हैं तो उन्हें 33% महिला आरक्षण लागू कराने का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से वंदे मातरम का पूरा संस्करण गाने का भी आग्रह किया। स्मृति का बयान राहुल गांधी के पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्राओं से पितृसत्ता खत्म करने की अपील के बाद आया। राहुल ने कहा था कि महिलाओं को जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर पुरुष रिश्तेदारों के अधीन रहना पड़ता है और समाज में उनके खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल किया जाता है। वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल पहले कह चुके हैं कि पार्टी 1937 के कांग्रेस फैसले के अनुसार कार्यक्रमों में इसके दो अंतरे गाएगी। भाजपा ने 15 अगस्त के कांग्रेस मुख्यालय समारोह को लेकर भी आरोप लगाए थे।

5- लखनऊ : रिंकू सिंह ने 7 गेंदों में ठोके 29 रन, 414.29 के स्ट्राइक रेट से मेरठ की जीत; गोरखपुर को 10 विकेट से हराकर लगातार छठी जीत

यूपी टी20 लीग के 16वें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने गोरखपुर लायंस को 10 विकेट से हराकर लगातार छठी जीत दर्ज की। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बारिश के कारण मुकाबला 8-8 ओवर का कर दिया गया था। गोरखपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 6 विकेट पर 91 रन बनाए। मेरठ ने 6.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 92 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान रिंकू सिंह ने सिर्फ 7 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 414.29 रहा। स्वास्तिक चिकारा ने नाबाद 44 रन बनाए। गेंदबाजी में जीशान अंसारी ने 2 ओवर में 10 रन देकर 4 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने। जीत के बाद मेरठ 12 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर है। स्वास्तिक 6 मैचों में 229 रन के साथ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >

1. क्रिकेट : 1971 में इंग्लैंड की धरती पर भारत ने रचा इतिहास
24 अगस्त 1971 को भारत ने द ओवल में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर उसकी धरती पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की। अजीत वाडेकर की कप्तानी वाली टीम की यह जीत इतनी ऐतिहासिक थी कि इसी के साथ भारत ने इंग्लैंड में पहली टेस्ट सीरीज जीत भी हासिल की।

2. स्वतंत्रता संग्राम : 24 अगस्त 1908 को जन्मे थे शहीद राजगुरु
शिवराम हरि राजगुरु का जन्म 24 अगस्त 1908 को पुणे के खेड़ में हुआ था। वे भगत सिंह और सुखदेव के साथ हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन से जुड़े और ब्रिटिश शासन के खिलाफ क्रांतिकारी गतिविधियों में सक्रिय रहे। 23 मार्च 1931 को उन्हें भगत सिंह और सुखदेव के साथ फांसी दी गई।

3. राजनीति : 24 अगस्त 1969 को वी.वी. गिरि ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली
24 अगस्त 1969 को वराहगिरी वेंकट गिरि (वी.वी. गिरि) ने भारत के चौथे राष्ट्रपति के रूप में पद संभाला। वे 24 अगस्त 1969 से 24 अगस्त 1974 तक राष्ट्रपति रहे और भारत के पहले ऐसे राष्ट्रपति थे, जो स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित हुए। 


📈 मार्केट में आज कीमतें >


धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
####UP DESK####
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल