लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : सावन के आखिरी सोमवार पर महाकाल की भस्म आरती; पहलगाम हमले के बाद अटकी शादियों को मिली राह; पहाड़ों में अब डाकिया नहीं, ड्रोन पहुंचा सकता है डाक और पार्सल

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।


🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


1- उज्जैन-वाराणसी : सावन के आखिरी सोमवार पर महाकाल की भस्म आरती, काशी में मंगला आरती; 20 दिन में 55.69 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन

उज्जैन में सावन के चौथे और आखिरी सोमवार पर बाबा महाकाल की सुबह भस्म आरती की गई। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। आज दोपहर 3 बजे महाकाल की सवारी निकाली जाएगी। वहीं वाराणसी स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में भी सावन के अंतिम सोमवार पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए और बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती की गई। मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, सावन के दौरान अब तक 55.69 लाख श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। अंतिम सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने का अनुमान है। इसके अलावा सोमनाथ, विश्वनाथ और महाकाल मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।

2- भारत-पाकिस्तान : पहलगाम हमले के बाद अटकी शादियों को मिली राह; अप्रैल से 150 पाकिस्तानी दुल्हनें परिवार के साथ भारत पहुंचीं, 300 अब भी वीजा के इंतजार में

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बदले हालात में करीब 150 पाकिस्तानी महिलाओं की शादियां रुक गई थीं। ये महिलाएं भारत में रहने वाले पुरुषों से सगाई कर चुकी थीं और शादी के लिए भारत आने का इंतजार कर रही थीं। नागपुर के नेता राजेश झांबिया के अनुसार, केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद इस साल अप्रैल से सिंध की करीब 150 दुल्हनें और उनके परिवार दुबई, ओमान, श्रीलंका, बांग्लादेश तथा अन्य देशों के रास्ते भारत पहुंच चुके हैं। इनमें नागपुर से जुड़े 15 मामले शामिल हैं। शादानी दरबार ने करीब 150 दुल्हनों की सूची तैयार कर गृह मंत्रालय को भेजी थी। सरकार ने हवाई मार्ग से भारत आने की अनुमति दी। झांबिया के मुताबिक पाकिस्तान में करीब 300 महिलाएं अब भी भारत आने और शादी करने के लिए वीजा का इंतजार कर रही हैं।

3- उत्तराखंड : पहाड़ों में अब डाकिया नहीं, ड्रोन पहुंचा सकता है डाक और पार्सल; पौड़ी से पायलट प्रोजेक्ट की तैयारी, असम-हिमाचल में 150 रूट का मॉडल

दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में डाक पहुंचाने के लिए उत्तराखंड डाक विभाग ड्रोन डिलीवरी शुरू करने की तैयारी कर रहा है। संभावित पायलट प्रोजेक्ट पौड़ी जिले से शुरू किया जा सकता है। शुरुआती चरण में ऐसे इलाकों को चुना जाएगा, जहां सड़क मार्ग से डाक पहुंचाने में अधिक समय लगता है। उत्तराखंड में बारिश, भूस्खलन और बर्फबारी के दौरान सड़क संपर्क बाधित होने की स्थिति में ड्रोन डिलीवरी उपयोगी हो सकती है। डाक विभाग ने असम और हिमाचल प्रदेश में करीब 150 ड्रोन रूट तैयार किए हैं। हिमाचल के मंडी में 12 किलोमीटर की दूरी ड्रोन ने करीब 6-7 मिनट में तय करने का ट्रायल किया था। उत्तराखंड में रूट तय करते समय मौसम, हवा की गति और पहाड़ी ऊंचाई जैसे कारकों को ध्यान में रखा जाएगा। हालांकि ड्रोन डिलीवरी की लागत अभी तय नहीं हुई है और ट्रायल के बाद ही वास्तविक खर्च का आकलन होगा।

4- उत्तराखंड : 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, पौड़ी में भूस्खलन से सड़क क्षतिग्रस्त; राज्य में 80 मार्ग बंद, आपदाओं में अब तक 44 मौतें

उत्तराखंड में सोमवार को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पौड़ी के बीरोंखाल ब्लॉक में रविवार को मैठाणाघाट–ग्वीन–रसियादेव मोटरमार्ग पर पहाड़ी दरकने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और आवाजाही बंद हो गई। उत्तरकाशी में खराड़ी झूला पुल के पास यमुना के तेज बहाव में फंसे एक श्रमिक को पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ ने रस्सियों की मदद से सुरक्षित निकाला। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में 80 सड़कें बंद हैं। राज्य आपदा प्रबंधन रिपोर्ट के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से अब तक प्राकृतिक आपदाओं में 44 लोगों की मौत, 46 लोग घायल और एक व्यक्ति लापता है। देहरादून में आज हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना है। 25 से 27 अगस्त तक भी प्रदेश में बारिश जारी रहने का अनुमान है।

5- पिथौरागढ़ : छह साल बाद फिर हुई कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी, अंतिम दल भारत लौटा; 10 दलों में 477 यात्रियों ने किए कैलाश के दर्शन

छह साल के अंतराल के बाद शुरू हुई कैलाश मानसरोवर यात्रा का अंतिम दल रविवार को भारत लौट आया। इस वर्ष उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रे के रास्ते 10 दलों में कुल 477 यात्रियों ने चीन के तिब्बत क्षेत्र स्थित कैलाश पर्वत और मानसरोवर के दर्शन किए। अंतिम दल तकलाकोट से लिपुलेख पहुंचा और गुंजी होते हुए धारचूला आया, जहां यात्रा अधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत किया और उन्हें बुरांश का जूस पिलाया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के भी दर्शन किए। कोरोना महामारी के कारण 2020 से यात्रा बंद थी और भारत-चीन के बीच सहमति के बाद इस साल इसे दोबारा शुरू किया गया। यात्रा के दौरान एक कैलाश यात्री और केएमवीएन के एक कुक की मौत भी हुई। यात्रियों ने लिपुलेख तक सड़क पहुंचाने के लिए बीआरओ और यात्रा व्यवस्था में सहयोग के लिए आईटीबीपी, सेना व केएमवीएन कर्मचारियों की सराहना की। अंतिम दल सोमवार को चौकोड़ी और फिर जागेश्वर धाम होते हुए दिल्ली रवाना होगा।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1- हल्द्वानी : गोरापड़ाव के निजी कार्यालय में 8 लाख की डकैती का खुलासा, दिल्ली-पीलीभीत-किच्छा से 4 और आरोपी गिरफ्तार; क्रेटा-स्कॉर्पियो, तमंचे और कारतूस बरामद

हल्द्वानी के गोरापड़ाव स्थित तीनपानी के एक निजी कार्यालय में 19 अगस्त को हुई डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 10 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने कार्यालय में घुसकर नारायण दास और उनके साथियों को बंधक बनाकर करीब 8 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठियां लूटी थीं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर 50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने सर्विलांस और सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में किच्छा निवासी यश सिडाना, दिल्ली निवासी अमनदीप सिंह तथा पीलीभीत के अमरिया निवासी शिवराज सिंह और अफजल मलिक शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल क्रेटा और स्कॉर्पियो, 4 अवैध तमंचे, 7 कारतूस और 18 हजार रुपये बरामद किए हैं। दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

2- पौड़ी : CM धामी को नेपाली मूल का बताने वाली कथित सोशल मीडिया पोस्ट पर UKD के पूर्व नेता आशुतोष नेगी पर केस; पुलिस ने शुरू की डिजिटल जांच

उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता आशुतोष नेगी के खिलाफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेकर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पौड़ी कोतवाली पुलिस ने उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य राजेशी कोली की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है। शिकायत के अनुसार, नेगी की पोस्ट में मुख्यमंत्री को नेपाली मूल का बताया गया था, लेकिन इसके समर्थन में कोई प्रमाण या तथ्य नहीं दिए गए थे। तहरीर में जाति और धर्म से जुड़े आपत्तिजनक संदर्भों तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। पुलिस अब पोस्ट के मूल स्रोत, अकाउंट की प्रामाणिकता, पोस्ट की सामग्री और उसके प्रसार से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। नेगी इससे पहले भी कानूनी मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं। जून 2026 में UKD ने उन्हें पार्टी से निष्कासित किया था।

3- पाकिस्तान : ऑपरेशन सिंदूर में क्षतिग्रस्त जैश का बहावलपुर मुख्यालय फिर तैयार होने का दावा; मरकज सुभानअल्लाह की मरम्मत पर 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपए खर्च

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के बहावलपुर में क्षतिग्रस्त हुए जैश-ए-मोहम्मद के मरकज सुभानअल्लाह मुख्यालय के दोबारा तैयार होने का दावा किया गया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, करीब 15 महीने में परिसर की मरम्मत की गई। क्षतिग्रस्त गुंबदों को दोबारा बनाया गया, नया संगमरमर और प्लास्टर लगाया गया तथा पूरी इमारत पर नया पेंट किया गया। रिपोर्ट में दावा है कि पाकिस्तान सरकार ने मरम्मत के लिए जैश को 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपए दिए। मदरसा अल-सबीर और जैश कमांडरों के रहने वाले हिस्से का भी पुनर्निर्माण किए जाने की बात कही गई है। यह परिसर भारत-पाकिस्तान सीमा से करीब 100 किलोमीटर दूर और लगभग 18 एकड़ में फैला है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां जैश आतंकियों की भर्ती, प्रशिक्षण और कथित तौर पर ब्रेनवॉश की गतिविधियां चलाता था। ऑपरेशन सिंदूर में 6-7 मई 2025 की रात इसे निशाना बनाया गया था।

4- दिल्ली/पुणे : स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी से कहा- महिला समर्थक हैं तो 33% आरक्षण लागू कराने का समर्थन करें; वंदे मातरम के पूरे संस्करण पर भी उठाया सवाल

भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने रविवार को राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वे महिलाओं के समर्थक हैं तो उन्हें 33% महिला आरक्षण लागू कराने का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से वंदे मातरम का पूरा संस्करण गाने का भी आग्रह किया। स्मृति का बयान राहुल गांधी के पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्राओं से पितृसत्ता खत्म करने की अपील के बाद आया। राहुल ने कहा था कि महिलाओं को जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर पुरुष रिश्तेदारों के अधीन रहना पड़ता है और समाज में उनके खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल किया जाता है। वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल पहले कह चुके हैं कि पार्टी 1937 के कांग्रेस फैसले के अनुसार कार्यक्रमों में इसके दो अंतरे गाएगी। भाजपा ने 15 अगस्त के कांग्रेस मुख्यालय समारोह को लेकर भी आरोप लगाए थे।

5- लखनऊ : रिंकू सिंह ने 7 गेंदों में ठोके 29 रन, 414.29 के स्ट्राइक रेट से मेरठ की जीत; गोरखपुर को 10 विकेट से हराकर लगातार छठी जीत

यूपी टी20 लीग के 16वें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने गोरखपुर लायंस को 10 विकेट से हराकर लगातार छठी जीत दर्ज की। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बारिश के कारण मुकाबला 8-8 ओवर का कर दिया गया था। गोरखपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 6 विकेट पर 91 रन बनाए। मेरठ ने 6.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 92 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान रिंकू सिंह ने सिर्फ 7 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 414.29 रहा। स्वास्तिक चिकारा ने नाबाद 44 रन बनाए। गेंदबाजी में जीशान अंसारी ने 2 ओवर में 10 रन देकर 4 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने। जीत के बाद मेरठ 12 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर है। स्वास्तिक 6 मैचों में 229 रन के साथ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >

1. क्रिकेट : 1971 में इंग्लैंड की धरती पर भारत ने रचा इतिहास
24 अगस्त 1971 को भारत ने द ओवल में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर उसकी धरती पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की। अजीत वाडेकर की कप्तानी वाली टीम की यह जीत इतनी ऐतिहासिक थी कि इसी के साथ भारत ने इंग्लैंड में पहली टेस्ट सीरीज जीत भी हासिल की।

2. स्वतंत्रता संग्राम : 24 अगस्त 1908 को जन्मे थे शहीद राजगुरु
शिवराम हरि राजगुरु का जन्म 24 अगस्त 1908 को पुणे के खेड़ में हुआ था। वे भगत सिंह और सुखदेव के साथ हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन से जुड़े और ब्रिटिश शासन के खिलाफ क्रांतिकारी गतिविधियों में सक्रिय रहे। 23 मार्च 1931 को उन्हें भगत सिंह और सुखदेव के साथ फांसी दी गई।

3. राजनीति : 24 अगस्त 1969 को वी.वी. गिरि ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली
24 अगस्त 1969 को वराहगिरी वेंकट गिरि (वी.वी. गिरि) ने भारत के चौथे राष्ट्रपति के रूप में पद संभाला। वे 24 अगस्त 1969 से 24 अगस्त 1974 तक राष्ट्रपति रहे और भारत के पहले ऐसे राष्ट्रपति थे, जो स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित हुए। 


📈 मार्केट में आज कीमतें >


धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
####UK DESK####
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल