नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- न्यूयॉर्क : अमेरिकी कोर्ट ने गौतम अडाणी के खिलाफ रिश्वत-धोखाधड़ी का केस किया खारिज: भारतीय अधिकारियों को कथित रिश्वत और अमेरिकी निवेशकों से धोखाधड़ी के आरोपों का था मामला
ब्रुकलिन की जिला अदालत ने सोमवार को उद्योगपति गौतम अडाणी के खिलाफ रिश्वत और धोखाधड़ी से जुड़े मामले को खारिज करने की मांग मंजूर कर ली। अडाणी पर 2024 में कथित तौर पर भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने की सहमति के आरोप लगाए गए थे, ताकि अडाणी समूह की एक कंपनी को सौर ऊर्जा परियोजना विकसित करने की मंजूरी मिल सके। अडाणी समूह ने आरोपों से इनकार किया था। अमेरिकी न्याय विभाग ने 18 मई को मामले को आगे नहीं बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन कानूनी तौर पर केस खत्म करने के लिए अदालत की मंजूरी जरूरी थी। फैसले के बाद अडाणी ने कहा कि वह अमेरिकी अदालत के फैसले का सम्मान करते हैं। मामले में अमेरिकी निवेशकों से जुड़े करीब 17.5 करोड़ डॉलर के निवेश का भी उल्लेख था।
2- झारखंड : विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों पर कई बार लाठीचार्ज: JPSC-JSSC परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ 17 दिन से आंदोलन, छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो अस्पताल में भर्ती
रांची में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हजारों छात्रों और पुलिस के बीच सोमवार को तनाव की स्थिति बनी। बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा गेट के पास पहुंचे प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने दो-तीन बार लाठीचार्ज किया। पुलिस के अनुसार स्थिति नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया गया। कुछ छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पानी की बोतलें और चप्पलें फेंकने की बात कही गई। भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से ले रही है और उनकी आवाज नजरअंदाज नहीं की जाएगी। राहुल गांधी ने भी बल प्रयोग को गलत बताते हुए बातचीत से समाधान की बात कही।
3- देहरादून : सावन शिवरात्रि पर आज बदला रहेगा ट्रैफिक प्लान, टपकेश्वर में कैंट चौक के बाद वाहन रोकेंगे; ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में पार्किंग से पैदल जाना होगा
सावन शिवरात्रि पर मंगलवार को शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए देहरादून और आसपास के प्रमुख मंदिरों के लिए यातायात व्यवस्था बदली गई है। टपकेश्वर महादेव जाने वाले वाहनों को गढ़ी कैंट चौक से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा कर आगे पैदल जाना होगा। प्रकाशेश्वर मंदिर के पास भीड़ बढ़ने पर कुठालगेट से वाहनों को चरणबद्ध तरीके से रोका जाएगा। जाखन में जाम की स्थिति बनने पर यातायात कैनाल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि रायपुर में वाहनों को छह नंबर पुलिया की तरफ भेजा जाएगा। ऋषिकेश के IDPL स्थित वीरभद्र मंदिर में श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल जाना होगा। SSP प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने लोगों से सड़क किनारे वाहन न खड़ा करने और निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील की है।
4- उत्तराखंड : पिथौरागढ़ में लैंडस्लाइड से 12 से ज्यादा वाहन फंसे, चमोली में बादल फटने से वैली ब्रिज बहा; BRO कर्मचारी समेत 3 वाहन लापता, 17 गांवों का संपर्क कटा
उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच पिथौरागढ़ और चमोली में हालात बिगड़े हैं। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर कुलागाड़ के पास लैंडस्लाइड से सड़क बंद हो गई और 12 से ज्यादा वाहन फंस गए। मौसम को देखते हुए पिथौरागढ़ में आंगनबाड़ी से इंटर कॉलेज तक सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। इससे पहले सोमवार को चमोली की नीती घाटी में बादल फटने से तमक नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव में करीब 40 मीटर लंबा वैली ब्रिज बह गया और BRO/GRIEF की स्कॉर्पियो समेत तीन वाहन भी बह गए। स्कॉर्पियो में सवार BRO कर्मचारी एनके पंकज कुमार के भी बहने की सूचना है। SDRF, NDRF और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हैं। पुल बहने से करीब 17 गांवों का संपर्क कट गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत-बचाव और जरूरी सामान की आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। आज नौ जिलों में यलो अलर्ट है।
5- उत्तराखंड : दो नए हाई-एल्टीट्यूड ट्रेकिंग सर्किट विकसित करने की तैयारी, 13 हजार फीट तक पहुंचेगा ट्रेक; नंदा देवी से चौखंबा तक दिखेंगी हिमालयी चोटियां
उत्तराखंड सरकार ने हाई-एल्टीट्यूड ट्रेकिंग को बढ़ावा देने के लिए पिथौरागढ़ के राथन खारक और टिहरी-रुद्रप्रयाग के पनवाली कंथा ट्रेक को विकसित करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। स्वदेश दर्शन योजना के तहत करीब 15 करोड़ रुपए की परियोजना प्रस्तावित है। राथन खारक ट्रेक नामिक से सरमुल्ली तक करीब 61.5 किमी और पनवाली कंथा ट्रेक कालीबागी से त्रियुगीनारायण तक करीब 44 किमी लंबा होगा। दोनों को छह-छह दिन के ट्रेकिंग सर्किट के रूप में विकसित करने की योजना है। राथन खारक की ऊंचाई करीब 12,900 फीट और पनवाली कंथा का सबसे ऊंचा पड़ाव 13,002 फीट होगा। ट्रेकर्स को नंदा देवी, त्रिशूल, हरदेओल, बंदरपुंछ, काला नाग और चौखंबा जैसी चोटियों के दृश्य मिलेंगे। योजना में स्थानीय गांवों को होमस्टे, गाइड, पोर्टर, भोजन और स्थानीय उत्पादों की बिक्री से जोड़कर रोजगार बढ़ाने पर भी जोर है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- देहरादून : यूपी नंबर के मिक्सर ट्रैक्टर ने दो बहनों को कुचला, B.Tech छात्रा की मौत; दिल्ली से पढ़ने आई वैष्णवी की मौके पर गई जान, बहन गंभीर
देहरादून के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार मिक्सर ट्रैक्टर की चपेट में आने से 18 वर्षीय B.Tech छात्रा वैष्णवी रावत की मौत हो गई, जबकि उनकी बड़ी बहन कृतिका घायल हैं। दिल्ली के पटेल नगर निवासी दोनों बहनें रात करीब 8:45 बजे चार खंभा चौक से पैदल कमरे की ओर लौट रही थीं। आरोप है कि पीछे से आए यूपी नंबर के मिक्सर ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। वैष्णवी ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गईं। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। वैष्णवी ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में B.Tech प्रथम वर्ष की छात्रा थीं। पुलिस के अनुसार, परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
2- बागेश्वर : बेटे को जन्म देने के बाद प्रसूता की मौत, अत्यधिक रक्तस्राव से बिगड़ी हालत; परिजनों ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठाए सवाल, CMO ने जांच के दिए निर्देश
बागेश्वर के बैजनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद भावना देवी की हालत बिगड़ गई और जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार शाम प्रसव पीड़ा के बाद उन्हें आशा कार्यकर्ता सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची थीं। रात 7:32 बजे उन्होंने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। करीब एक घंटे बाद उनका रक्तचाप बढ़ने लगा और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। पहले से खून की कमी और छठवीं गर्भावस्था के कारण उन्हें हाई रिस्क श्रेणी में रखा गया था। गंभीर स्थिति में रात करीब 8:30 बजे उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां 10:30 बजे पहुंचने के बाद ऑक्सीजन, रक्त चढ़ाने और ICU में इलाज दिया गया। रात करीब 12:25 बजे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने CHC में पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने का आरोप लगाया है। CMO डॉ. आदित्य तिवारी ने रिपोर्ट मांगकर जांच के निर्देश दिए हैं।
3- कोलकाता : सौरव गांगुली और पत्नी डोना को जान से मारने की धमकी: छह महीने से आ रहे पत्र, CAB कार्यालय पहुंचे दो धमकी भरे लेटर के बाद पुलिस जांच में जुटी
पूर्व भारतीय कप्तान और BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को उनकी पत्नी डोना गांगुली और स्टाफ समेत जान से मारने की कथित धमकी मिली है। सोमवार को बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के कार्यालय में कुरियर से भेजे गए पैकेट में अंग्रेजी में लिखे दो पत्र मिले, जिनमें हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। गांगुली परिवार की शिकायत पर ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। परिवार के अनुसार, पिछले करीब छह महीने से इस तरह के पत्र मिल रहे थे। पुलिस पत्र भेजने वाले की पहचान, पत्रों के स्रोत और कुरियर के पूरे रास्ते की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में उत्तर 24 परगना के बेलघरिया से किसी व्यक्ति के संभावित संबंध की बात सामने आई है। पुलिस एक सिम कार्ड और कुरियर एजेंसी से मिली जानकारी की भी जांच कर रही है।
4- नई दिल्ली : केंद्र ने कहा- पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं: सरकार ने वित्तीय बोझ बढ़ने का दिया तर्क, पांच राज्यों के NPS से OPS में लौटने के फैसले का भी संसद में जिक्र
केंद्र सरकार ने लोकसभा में स्पष्ट किया है कि फिलहाल पुरानी पेंशन योजना (OPS) को दोबारा लागू करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लिखित जवाब में कहा कि OPS की बहाली से सरकारी खजाने पर वित्तीय बोझ बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश ने NPS से OPS में वापस जाने की जानकारी केंद्र सरकार और पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) को दी है। सरकार के अनुसार, राज्यों में OPS बहाल करना संबंधित राज्य का नीतिगत फैसला है, हालांकि CAG ने इसके वित्तीय प्रभावों को लेकर अपनी रिपोर्टों में चिंता जताई है। केंद्र कर्मचारियों के लिए NPS 1 जनवरी 2004 से लागू है, जबकि 1 अप्रैल 2025 से UPS को विकल्प के तौर पर लागू किया गया है।
5- दिल्ली : जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी और जेपी नड्डा आमने-सामने: राहुल ने लाठीचार्ज का आदेश देने वाले की जिम्मेदारी तय करने की मांग की, नड्डा बोले- वहां गोली नहीं चली
दिल्ली में जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बीच सोमवार को बयानबाजी तेज हो गई। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि युवाओं पर कार्रवाई के लिए लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया, इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से संसद में बयान देने की मांग की और विपक्ष की तीन मांगें गिनाईं—युवाओं पर कथित गोली चलाने की जिम्मेदारी स्पष्ट करना, प्रधानमंत्री से माफी की मांग और राम मंदिर में चोरी के मुद्दे पर चर्चा। राहुल के बयान के बाद जेपी नड्डा ने कहा कि जंतर-मंतर पर कोई गोली नहीं चली और राहुल गांधी भ्रम फैला रहे हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि गृह मंत्री सदन में विस्तार से जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष को बहस से नहीं भागने का भरोसा देना होगा। लोकसभा ने सोमवार को ट्रिब्यूनल्स रिफॉर्म्स बिल, 2026 बिना चर्चा के पारित किया।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. ओलंपिक में भारत का पहला व्यक्तिगत गोल्ड मेडल (2008)
11 अगस्त 2008 को बीजिंग ओलंपिक में निशानेबाज़ अभिनव बिंद्रा ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। यह ओलंपिक इतिहास में किसी भी व्यक्तिगत खेल में भारत का पहला गोल्ड मेडल था, जिसने भारतीय खेल जगत का चेहरा हमेशा के लिए बदल दिया।
2. महान क्रांतिकारी खुदीराम बोस की शहादत (1908)
भारत के सबसे कम उम्र के स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल खुदीराम बोस 11 अगस्त 1908 को देश के लिए फांसी के फंदे पर झूल गए थे। महज़ 18 साल की उम्र में उनकी इस महान शहादत ने पूरे देश के युवाओं में आजादी की अलख जगा दी थी।
3. दादरा और नगर हवेली का भारत में विलय (1961)
11 अगस्त 1961 को दादरा और नगर हवेली औपचारिक रूप से भारत का सातवां केंद्र शासित प्रदेश बना था। लंबे समय तक पुर्तगाली कब्जे में रहे इस इलाके को 1954 में स्थानीय लोगों ने आजाद कराया था, जिसके बाद इसे आधिकारिक तौर पर भारतीय संघ में शामिल किया गया।