नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- संसद : लोकसभा से 'बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल-2026' पारित, डिजिटल और वर्चुअल बैंकिंग रिकॉर्ड अब अदालत में बनेंगे मान्य साक्ष्य; 135 साल पुराना कानून होगा खत्म
लोकसभा ने बुधवार (5 अगस्त) को हंगामे के बीच ध्वनिमत से 'बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल, 2026' पारित कर दिया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन में बिल पेश किया। नया कानून 1891 के बैंकर्स बुक्स एविडेंस एक्ट की जगह लेगा और डिजिटल बैंकिंग व्यवस्था को कानूनी मान्यता देगा। इसके लागू होने के बाद UPI, मोबाइल बैंकिंग, ई-स्टेटमेंट, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और वर्चुअल बैंकिंग रिकॉर्ड अदालत में वैध साक्ष्य माने जाएंगे। सरकार के अनुसार इससे साइबर फ्रॉड और वित्तीय अपराधों की जांच मजबूत होगी, बैंकों को भारी-भरकम कागजी रिकॉर्ड पेश नहीं करने पड़ेंगे और न्यायिक प्रक्रिया भी तेज होने की उम्मीद है।
2- नई दिल्ली : पीएम मोदी का फेसबुक पोस्ट हटाने पर Meta ने सरकार से मांगी माफी, कंटेंट मॉडरेशन में चूक स्वीकार; IT मंत्रालय ने जवाबदेही पर दिखाई सख्ती
Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक पोस्ट हटाए जाने के मामले में भारत सरकार से माफी मांगी है। सरकारी सूत्रों के अनुसार कंपनी ने चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज कंटेंट (CSAM), डीपफेक और कंटेंट मॉडरेशन से जुड़ी कमियों को भी स्वीकार किया। जोएल कैपलन के नेतृत्व में Meta की टीम ने केंद्रीय IT मंत्री अश्विनी वैष्णव और IT सचिव एस. कृष्णन से मुलाकात की। सरकार ने स्पष्ट किया कि भारतीय कानूनों के पालन और कंटेंट मॉडरेशन को लेकर Meta अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। बताया गया कि मामले में कंपनी से आगे भी जवाब-तलब किया जाएगा।
3- उत्तर प्रदेश : पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय, आज 25 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट; 7 अगस्त के बाद कमजोर पड़ सकती हैं गतिविधियां
उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार गुरुवार को आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और औरैया समेत पांच जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बुंदेलखंड, कानपुर मंडल और पश्चिमी यूपी के लगभग 20 अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। बुधवार को हमीरपुर में 150 मिमी, बांदा में 113.2 मिमी और संभल में 112 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल मानसून सक्रिय है, हालांकि 7 अगस्त के बाद भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। लोगों को जलभराव और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
4- उत्तर प्रदेश राजनीति : विधानसभा चुनाव से पहले सपा का बदला जातीय समीकरण, अखिलेश बोले- PDA में 'P' का मतलब अब पंडित भी
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने सामाजिक समीकरणों पर फोकस तेज कर दिया है। लखनऊ में आयोजित जनेश्वर मिश्र जयंती कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के PDA में अब 'P' का अर्थ पंडित भी है। उन्होंने भाजपा पर ब्राह्मण समाज की उपेक्षा और प्रताड़ना के आरोप लगाए तथा कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों का उल्लेख किया। अखिलेश ने प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर से जुड़े मामलों का हवाला देते हुए ब्राह्मण समाज को साधने का प्रयास किया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार विधानसभा चुनाव से पहले सपा की यह रणनीति ब्राह्मण मतदाताओं को जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश मानी जा रही है।
5- उत्तर प्रदेश : बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, ब्रेन कैंसर से थे पीड़ित; रसड़ा में होगा अंतिम संस्कार
बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से तीन बार विधायक और बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह (55) का बुधवार रात दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में ब्रेन कैंसर के चलते निधन हो गया। वह लंबे समय से उपचाराधीन थे। उमाशंकर सिंह वर्ष 2012, 2017 और 2022 में लगातार रसड़ा से विधायक चुने गए थे और पूर्वांचल में बसपा का प्रमुख चेहरा माने जाते थे। बसपा प्रमुख मायावती ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें पार्टी का वफादार नेता बताया और परिवार को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को रसड़ा में किया जाएगा।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- प्रतापगढ़ : लगातार बारिश में 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत; मलबे से एक सदस्य जीवित निकला
प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित महुली मोहल्ले में बुधवार देर रात लगातार बारिश के बीच करीब 100 साल पुराना मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सात सदस्य एक कमरे में सो रहे थे। छत गिरने से प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता (55), छोटे बेटे नितिन (25), बहू माधुरी (23) और दो मासूम बच्चों माधव (2) व अद्विक (10 माह) की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं बड़े बेटे अमन श्रीवास्तव किसी तरह बाहर निकलकर बच गए और शोर मचाकर लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल ने करीब दो घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
2- उत्तर प्रदेश : लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे उद्घाटन के 18 दिन में 84 जगह धंसा, NHAI ने निर्माण कंपनी पर कार्रवाई की; IIT खड़गपुर करेगी जांच
हाल ही में शुरू हुए 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे पर उद्घाटन के महज 18 दिनों के भीतर 84 स्थानों पर सड़क धंसने और मरम्मत की नौबत आ गई। NHAI ने निर्माण कंपनी PNC इंफ्राटेक लिमिटेड को नॉन-परफॉर्मर घोषित करते हुए उसके तीन अधिकारियों को हटाया और दो वर्ष के लिए प्रतिबंधित कर दिया। मामले की तकनीकी जांच अब IIT खड़गपुर की टीम करेगी। रिपोर्टों के अनुसार कई स्थानों पर दोबारा सड़क बनाई गई, फिर भी दरारें और धंसाव सामने आए। विशेषज्ञों ने प्रारंभिक तौर पर फाउंडेशन निर्माण में कथित अनियमितताओं की आशंका जताई है। यह एक्सप्रेस-वे करीब ₹4,700 करोड़ की लागत से बना है और इसे प्रदेश का सबसे महंगा एक्सप्रेस-वे बताया जा रहा है।
3- अयोध्या : राम दरबार के दर्शन के लिए पास व्यवस्था समाप्त, अब सभी श्रद्धालु बिना पास कर सकेंगे दर्शन; आरती हेतु तत्काल पास सुविधा शुरू
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर में राम दरबार दर्शन के लिए पास की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। अब श्रद्धालु बिना किसी अलग पास के पहली मंजिल स्थित राम दरबार के दर्शन कर सकेंगे। ट्रस्ट के अनुसार करीब एक वर्ष के ट्रायल के बाद यह निर्णय लिया गया। वहीं रामलला की तीनों आरतियों में शामिल होने के लिए तत्काल पास व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है। तत्काल पास बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित यात्री सुविधा केंद्र से जारी होंगे। हालांकि सुगम दर्शन के लिए ऑनलाइन पास व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी, जबकि पुराने दैनिक पासों की समीक्षा भी की जा रही है।
4- RBI : अप्रैल-मई 2027 से शुरू होगा प्लास्टिक नोटों का चलन, पहले कम मूल्य के नोट आएंगे; लंबे समय तक टिकाऊ और अधिक सुरक्षित होंगे
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने घोषणा की है कि अप्रैल-मई 2027 के बीच देश में पॉलीमर (प्लास्टिक) नोट जारी किए जाएंगे। शुरुआत कम मूल्य के नोटों से होगी क्योंकि इनका उपयोग सबसे अधिक होता है। RBI के अनुसार पॉलीमर नोट पानी, धूल और नमी से कम प्रभावित होंगे, जल्दी नहीं फटेंगे और उनकी आयु कागजी नोटों की तुलना में काफी अधिक होगी। साथ ही इनमें उन्नत सुरक्षा फीचर्स होने से नकली नोटों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। पुराने कागजी नोट फिलहाल चलन में बने रहेंगे और बदलाव चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
5- बांग्लादेश : पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर में देश लौटने का किया दावा, वर्चुअल संबोधन के बाद सरकार ने बयान को बताया भड़काऊ
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने करीब दो वर्ष बाद वर्चुअल संबोधन में दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौटने का दावा किया। उन्होंने कहा कि जेल, मुकदमों या मौत की धमकियां उन्हें नहीं डरा सकतीं और उनके खिलाफ की जा रही कार्रवाई राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है। भाषण के दौरान उनका कैमरा बंद रहा। दूसरी ओर, बांग्लादेश सरकार ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि हसीना ने दिल्ली में रहकर देश और जनता के खिलाफ कथित तौर पर भड़काऊ बातें कहीं। उल्लेखनीय है कि छात्र आंदोलन के बाद अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद से शेख हसीना भारत में रह रही हैं।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1- हिरोशिमा पर गिरा पहला परमाणु बम, बदल गया युद्ध का इतिहास (1945)
6 अगस्त 1945 को द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा पर दुनिया का पहला परमाणु बम 'लिटिल बॉय' गिराया। इस हमले में लाखों लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुए और इसके बाद परमाणु हथियारों तथा वैश्विक शांति को लेकर दुनिया की सोच हमेशा के लिए बदल गई।
2- आम लोगों के लिए खुला वर्ल्ड वाइड वेब, इंटरनेट की दुनिया में आई ऐतिहासिक क्रांति (1991)
6 अगस्त 1991 को वर्ल्ड वाइड वेब (WWW) आम लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया। इसके बाद इंटरनेट केवल वैज्ञानिकों और संस्थानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धीरे-धीरे दुनिया भर के करोड़ों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, शिक्षा, कारोबार और संचार का सबसे बड़ा माध्यम बन गया।
3- पहली बार किसी महिला ने इंग्लिश चैनल तैरकर पार किया, खेल जगत में बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड (1926)
6 अगस्त 1926 को अमेरिकी तैराक गर्ट्रूड एडेर्ले इंग्लिश चैनल पार करने वाली दुनिया की पहली महिला बनीं। उन्होंने यह दूरी उस समय के कई पुरुष तैराकों से भी बेहतर समय में पूरी कर खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा और महिलाओं की खेल भागीदारी के लिए प्रेरणादायक मिसाल पेश की।