नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- संसद : लोकसभा से 'बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल-2026' पारित, डिजिटल और वर्चुअल बैंकिंग रिकॉर्ड अब अदालत में बनेंगे मान्य साक्ष्य; 135 साल पुराना कानून होगा खत्म
लोकसभा ने बुधवार (5 अगस्त) को हंगामे के बीच ध्वनिमत से 'बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल, 2026' पारित कर दिया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन में बिल पेश किया। नया कानून 1891 के बैंकर्स बुक्स एविडेंस एक्ट की जगह लेगा और डिजिटल बैंकिंग व्यवस्था को कानूनी मान्यता देगा। इसके लागू होने के बाद UPI, मोबाइल बैंकिंग, ई-स्टेटमेंट, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और वर्चुअल बैंकिंग रिकॉर्ड अदालत में वैध साक्ष्य माने जाएंगे। सरकार के अनुसार इससे साइबर फ्रॉड और वित्तीय अपराधों की जांच मजबूत होगी, बैंकों को भारी-भरकम कागजी रिकॉर्ड पेश नहीं करने पड़ेंगे और न्यायिक प्रक्रिया भी तेज होने की उम्मीद है।
2- नई दिल्ली : पीएम मोदी का फेसबुक पोस्ट हटाने पर Meta ने सरकार से मांगी माफी, कंटेंट मॉडरेशन में चूक स्वीकार; IT मंत्रालय ने जवाबदेही पर दिखाई सख्ती
Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक पोस्ट हटाए जाने के मामले में भारत सरकार से माफी मांगी है। सरकारी सूत्रों के अनुसार कंपनी ने चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज कंटेंट (CSAM), डीपफेक और कंटेंट मॉडरेशन से जुड़ी कमियों को भी स्वीकार किया। जोएल कैपलन के नेतृत्व में Meta की टीम ने केंद्रीय IT मंत्री अश्विनी वैष्णव और IT सचिव एस. कृष्णन से मुलाकात की। सरकार ने स्पष्ट किया कि भारतीय कानूनों के पालन और कंटेंट मॉडरेशन को लेकर Meta अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। बताया गया कि मामले में कंपनी से आगे भी जवाब-तलब किया जाएगा।
3- उत्तराखंड राजनीति : 2027 चुनाव के लिए भाजपा का '23 मिशन' शुरू, हार वाली सीटों पर मुख्यमंत्री, सांसद और वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी
2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली में हुई प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में वर्ष 2022 में हारी 23 विधानसभा सीटों के लिए अलग रणनीति तैयार की गई। पार्टी ने इन सीटों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसदों, मंत्रियों और वरिष्ठ संगठन पदाधिकारियों को सौंपी है। खटीमा सीट की जिम्मेदारी स्वयं मुख्यमंत्री धामी को, जबकि बदरीनाथ सांसद अनिल बलूनी और पिरान कलियर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को सौंपी गई है। बैठक में सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय, गुटबाजी पर नियंत्रण, बूथ स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तक पहुंच बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
4- हरिद्वार : कांवड़ यात्रा आठवें दिन चरम पर, अब तक 1.80 करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर लौटे; सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी
कांवड़ यात्रा के आठवें दिन हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ बनी हुई है। प्रशासन के अनुसार बुधवार शाम तक 37.30 लाख श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए, जबकि यात्रा शुरू होने से अब तक 1 करोड़ 80 लाख 55 हजार से अधिक कांवड़िये जल लेकर लौट चुके हैं। हरिद्वार-रुड़की हाईवे, हर की पौड़ी, प्रमुख गंगा घाटों और कांवड़ मार्गों पर पुलिस, पीएसी, अर्द्धसैनिक बल और स्वयंसेवकों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन ने यात्रा के अंतिम दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना जताते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा है।
5- देहरादून : अल नीनो के असर से उत्तराखंड की अदरक खेती पर संकट, सॉफ्ट रॉट बीमारी से 80% तक फसल प्रभावित होने की आशंका
उत्तराखंड के जौनसार-बावर और कालसी क्षेत्र में अदरक की फसल पर सॉफ्ट रॉट (नरम सड़न) बीमारी तेजी से फैलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम में लगातार बदलाव और अल नीनो के प्रभाव से बनी नमी ने पिथियम फफूंद के प्रसार के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा की हैं। देहरादून जिले के करीब 1100 हेक्टेयर क्षेत्र में संक्रमण के मामले सामने आए हैं और कई इलाकों में 80 प्रतिशत तक उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को संक्रमित पौधों को तुरंत हटाने, जल निकासी की उचित व्यवस्था करने, स्वस्थ बीजों का उपयोग करने तथा वैज्ञानिक सलाह के अनुसार उपचार अपनाने की सलाह दी है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- देहरादून : कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतकर लौटीं जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा, राजधानी में ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 63 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाली उन्नति शर्मा का बुधवार को देहरादून पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। डिफेंस कॉलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने तालियों और ढोल-नगाड़ों के बीच उनका अभिनंदन किया। विद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धि को प्रदेश और देश के लिए गौरव बताते हुए सम्मानित किया। उन्नति ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत को पदक दिलाया। उनके स्वागत समारोह में मेहनत, अनुशासन और खेल भावना को युवाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
2- चारधाम यात्रा : बदरीनाथ मार्ग पर लगेंगी हाईटेक LED स्क्रीन, मौसम, सड़क बंद होने और वैकल्पिक मार्ग की मिलेगी रियल टाइम जानकारी
चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर भद्रकाली और मलेथा (श्रीनगर) में अत्याधुनिक LED डिस्प्ले स्क्रीन लगाई जा रही हैं। करीब ₹68 लाख की लागत वाली इस परियोजना पर कार्य शुरू हो चुका है और इसे इसी माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। स्क्रीन पर यात्रियों को मौसम की स्थिति, भूस्खलन, सड़क बंद होने, ट्रैफिक, वैकल्पिक मार्ग और प्रशासनिक दिशा-निर्देश रियल टाइम में उपलब्ध होंगे। लोक निर्माण विभाग के विद्युत यांत्रिकी खंड, ऋषिकेश के अनुसार यह व्यवस्था बरसात के दौरान यात्रियों को समय रहते सही जानकारी देकर अनावश्यक जाम और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों से बचाने में मदद करेगी।
3- अयोध्या : राम दरबार के दर्शन के लिए पास व्यवस्था समाप्त, अब सभी श्रद्धालु बिना पास कर सकेंगे दर्शन; आरती हेतु तत्काल पास सुविधा शुरू
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर में राम दरबार दर्शन के लिए पास की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। अब श्रद्धालु बिना किसी अलग पास के पहली मंजिल स्थित राम दरबार के दर्शन कर सकेंगे। ट्रस्ट के अनुसार करीब एक वर्ष के ट्रायल के बाद यह निर्णय लिया गया। वहीं रामलला की तीनों आरतियों में शामिल होने के लिए तत्काल पास व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है। तत्काल पास बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित यात्री सुविधा केंद्र से जारी होंगे। हालांकि सुगम दर्शन के लिए ऑनलाइन पास व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी, जबकि पुराने दैनिक पासों की समीक्षा भी की जा रही है।
4- RBI : अप्रैल-मई 2027 से शुरू होगा प्लास्टिक नोटों का चलन, पहले कम मूल्य के नोट आएंगे; लंबे समय तक टिकाऊ और अधिक सुरक्षित होंगे
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने घोषणा की है कि अप्रैल-मई 2027 के बीच देश में पॉलीमर (प्लास्टिक) नोट जारी किए जाएंगे। शुरुआत कम मूल्य के नोटों से होगी क्योंकि इनका उपयोग सबसे अधिक होता है। RBI के अनुसार पॉलीमर नोट पानी, धूल और नमी से कम प्रभावित होंगे, जल्दी नहीं फटेंगे और उनकी आयु कागजी नोटों की तुलना में काफी अधिक होगी। साथ ही इनमें उन्नत सुरक्षा फीचर्स होने से नकली नोटों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। पुराने कागजी नोट फिलहाल चलन में बने रहेंगे और बदलाव चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
5- बांग्लादेश : पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर में देश लौटने का किया दावा, वर्चुअल संबोधन के बाद सरकार ने बयान को बताया भड़काऊ
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने करीब दो वर्ष बाद वर्चुअल संबोधन में दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौटने का दावा किया। उन्होंने कहा कि जेल, मुकदमों या मौत की धमकियां उन्हें नहीं डरा सकतीं और उनके खिलाफ की जा रही कार्रवाई राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है। भाषण के दौरान उनका कैमरा बंद रहा। दूसरी ओर, बांग्लादेश सरकार ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि हसीना ने दिल्ली में रहकर देश और जनता के खिलाफ कथित तौर पर भड़काऊ बातें कहीं। उल्लेखनीय है कि छात्र आंदोलन के बाद अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद से शेख हसीना भारत में रह रही हैं।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1- हिरोशिमा पर गिरा पहला परमाणु बम, बदल गया युद्ध का इतिहास (1945)
6 अगस्त 1945 को द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा पर दुनिया का पहला परमाणु बम 'लिटिल बॉय' गिराया। इस हमले में लाखों लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुए और इसके बाद परमाणु हथियारों तथा वैश्विक शांति को लेकर दुनिया की सोच हमेशा के लिए बदल गई।
2- आम लोगों के लिए खुला वर्ल्ड वाइड वेब, इंटरनेट की दुनिया में आई ऐतिहासिक क्रांति (1991)
6 अगस्त 1991 को वर्ल्ड वाइड वेब (WWW) आम लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया। इसके बाद इंटरनेट केवल वैज्ञानिकों और संस्थानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धीरे-धीरे दुनिया भर के करोड़ों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, शिक्षा, कारोबार और संचार का सबसे बड़ा माध्यम बन गया।
3- पहली बार किसी महिला ने इंग्लिश चैनल तैरकर पार किया, खेल जगत में बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड (1926)
6 अगस्त 1926 को अमेरिकी तैराक गर्ट्रूड एडेर्ले इंग्लिश चैनल पार करने वाली दुनिया की पहली महिला बनीं। उन्होंने यह दूरी उस समय के कई पुरुष तैराकों से भी बेहतर समय में पूरी कर खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा और महिलाओं की खेल भागीदारी के लिए प्रेरणादायक मिसाल पेश की।