लोड किया जा रहा...

क्षेत्रीय मॉर्निंग न्यूज़ बुलेटिन : पढ़ें जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टॉप ख़बरें - 05.08.2026

 नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है ! 

चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 अयोध्या मंडल की टॉप 5 खबरें :


बाराबंकी: रास्ता भटकी मानसिक रूप से अस्वस्थ 12 वर्षीय किशोरी को मिशन शक्ति टीम ने परिजनों से मिलाया, पुलिस की तत्परता की हो रही सराहना
बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र में रास्ता भटककर पहुंची एक मानसिक रूप से अस्वस्थ 12 वर्षीय किशोरी को पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने सकुशल उसके परिजनों से मिलवा दिया। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को सुरक्षा में लिया, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक न होने से वह अपने बारे में जानकारी नहीं दे सकी। इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर परिजनों का पता लगाया और उन्हें थाने बुलाकर औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को सुपुर्द किया। परिजनों ने मिशन शक्ति टीम और बाराबंकी पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने अपील की है कि भटके बच्चों, बुजुर्गों या मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों की सूचना तुरंत दें।

बाराबंकी: मुख्यमंत्री अप्रेंटिसशिप योजना के तहत 125 युवाओं को मिले प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, जिलाधिकारी बोले- उद्योग और संस्थान मिलकर बढ़ाएं रोजगार
बाराबंकी में मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में मुख्यमंत्री अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण योजना को बढ़ावा देने के लिए कार्यशाला आयोजित हुई। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने अप्रेंटिसशिप को रोजगार और प्रशिक्षण के बीच मजबूत कड़ी बताते हुए उद्योगों, शिक्षण संस्थानों और प्रशासन से समन्वय की अपील की। कार्यक्रम में पहले चरण में 125 युवाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए और "प्रशिक्षण से अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार तक (2026-27)" कार्ययोजना का विमोचन हुआ। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह सहित आईआईए व आईटीआई अधिकारी मौजूद रहे।

सुल्तानपुर: बकरी चोरी मामले में थाने-चौकी के सीसीटीवी खराब निकले, कोर्ट ने एसपी से मांगा जवाब, अब 7 अगस्त को होगी बहस
सुल्तानपुर के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में बकरी चोरी के आरोपी मुनव्वर की रिमांड सुनवाई के दौरान मंगलवार को विवेचक ने अदालत को बताया कि थाना और द्वारिकागंज चौकी के सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। इस पर एसीजेएम मयूरेश श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है। मामला 30 जुलाई को इनायतपुर निवासी सलाहुद्दीन की शिकायत पर दर्ज हुआ था। बचाव पक्ष ने आरोप लगाया कि आरोपी को 30 जुलाई दोपहर से ही अवैध हिरासत में रखा गया। मामले की अगली सुनवाई अब 7 अगस्त को तय की गई है।

सुल्तानपुर: भाजपा विधायक विनोद सिंह पर महिला ने लगाया दुष्कर्म प्रयास का आरोप, कहा- नाबालिग बेटी से गैंगरेप-एसिड अटैक की मिली धमकी; विधायक बोले- गिरफ्तारी से बचने की साजिश
सुल्तानपुर से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री विनोद सिंह पर एक महिला ने दुष्कर्म का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने सोमवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि 3 जून को लखनऊ के एक अपार्टमेंट में विधायक ने कथित तौर पर उनके साथ बदसलूकी की, और बाद में उनकी 10 वर्षीय बेटी के साथ गैंगरेप और एसिड अटैक की धमकी दिलवाई गई। महिला के अनुसार शिकायत करने पर उल्टे उन्हीं पर धोखाधड़ी का केस दर्ज करा दिया गया। वहीं विधायक विनोद सिंह ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश बताया। उनका दावा है कि आरोप लगाने वाली महिला के पति ने एफसीआई गोदाम दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेजों से ठगी की कोशिश की थी, जिसके बाद उन्होंने पति-पत्नी के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच जारी है।

प्रयागराज: एक ही कमरे में मूक-बधिर पति-पत्नी और एक महिला की हत्या, खून से सने मिले तीनों के शव
प्रयागराज में मंगलवार को सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर सामने आया, जिसमें एक ही कमरे में पति, पत्नी और एक अन्य महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीनों बोल-सुन नहीं सकते थे और बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिले। सुबह कमरे का दरवाजा आधा खुला देख पड़ोसियों ने अंदर झांका तो शव देखकर हड़कंप मच गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले की जांच जारी है।

अमेठी: तमंचा-कारतूस के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार, चोरी के 3 हजार रुपए भी बरामद, शादी का झांसा देकर ठगी की भी बात कबूली
अमेठी पुलिस ने संग्रामपुर थाना क्षेत्र निवासी दिलीप कुमार उर्फ विशाल को गिरफ्तार कर उसके पास से 12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और चोरी के 3 हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर यह गिरफ्तारी हुई। पूछताछ में आरोपी ने 27 जुलाई रात मिश्रौली में एक दुकान में नकब लगाकर चोरी करने और एक युवती को शादी का झांसा देकर यूपीआई से पैसे ठगने की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अमेठी: लव मैरिज से खफा ससुराल वालों ने दामाद की आंखें फोड़ीं, प्राइवेट पार्ट काटकर रेता गला, आरोपी चाचा मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार
अमेठी के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे लव मैरिज से नाराज ससुराल वालों ने कथित तौर पर दामाद अंकित कश्यप (22) की बर्बरतापूर्वक हत्या कर दी। आरोप है कि श्वेता के चाचा सुकई, चाची सरिता, दादा राम सुंदर और दादी रंजना ने बाजार से लौट रहे अंकित को घसीटकर घर ले जाकर पीटा, उसकी आंखें फोड़ीं, प्राइवेट पार्ट काटा और गला रेत दिया। लखनऊ रेफर करते वक्त रास्ते में अंकित की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने रात 11 बजे हाईवे जाम कर दिया, जिसे 7 थानों की फोर्स पहुंचकर शांत कराया। मुख्य आरोपी सुकई को मंगलवार को टिकरिया जंगल में मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि चाची और दादा-दादी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे। अंकित और श्वेता की लव मैरिज करीब 3 साल पहले हुई थी और दोनों दिल्ली में रह रहे थे।

अंबेडकरनगर: तमसा नदी किनारे मिली संदिग्ध महिला व दो बच्चों को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित, एसपी प्राची सिंह ने दिए प्रशस्ति पत्र
अंबेडकरनगर में तमसा नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में मिली एक महिला और उसके दो बच्चों को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने वाले अहिरौली थाने के पुलिसकर्मियों को एसपी प्राची सिंह ने मंगलवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 31 जुलाई को डायल-112 पर सूचना मिलने पर आरक्षी धीरज सिंह और मानवेंद्र पाल ने मिशन शक्ति टीम के साथ मिलकर महिला व बच्चों को संरक्षण में लिया था। मानसिक स्थिति सामान्य न होने के बावजूद टीम ने धैर्यपूर्वक परिजनों का पता लगाकर उन्हें सुपुर्द किया।

अंबेडकरनगर: कोटे की दुकानें होंगी हाईटेक, जिले में बनेंगे 150 मॉडल अन्नपूर्णा भवन, प्रति भवन खर्च होंगे साढ़े 8 लाख रुपए
अंबेडकरनगर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए 150 मॉडल अन्नपूर्णा भवन बनाए जाएंगे, जिन पर प्रति भवन करीब 8.50 लाख रुपए खर्च होंगे। शासन ने 2026-27 तक यह लक्ष्य तय किया है, जिसके तहत अब तक 140 भवनों के लिए भूमि चिन्हित हो चुकी है। जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय के अनुसार, इन भवनों से जिले के करीब सवा चार लाख राशन कार्ड धारकों को राशन के साथ दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी रियायती दरों पर मिल सकेंगी।

अयोध्या: कृषि विश्वविद्यालय में किसान हेल्पलाइन शुरू, कुलपति ने खुद फोन पर सुनीं किसानों की समस्याएं, 10 साल बाद फिर सक्रिय हुआ एटीआईसी
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे किसान हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 1800 18 04 229 का शुभारंभ किया। शुभारंभ के दौरान कुलपति ने स्वयं टोल-फ्री नंबर पर किसानों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और वैज्ञानिकों के जरिए समाधान बताया। उल्लेखनीय है कि कुलपति ने कार्यभार संभालने के बाद करीब दस वर्षों से बंद पड़े कृषि तकनीकी सूचना केंद्र (एटीआईसी) को फिर सक्रिय कराया है। कार्यक्रम में निदेशक प्रसार डॉ. राम बटुक सिंह सहित सभी विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ वैज्ञानिक मौजूद रहे।

अयोध्या: सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल जिला अस्पताल रेफर, पुलिस जांच में जुटी
अयोध्या में मंगलवार रात करीब 9 बजे गोपालपुर के पास हुए सड़क हादसे में सराय मंझन निवासी शिवा दयाल रावत की मौत हो गई, जबकि सराय मुगल निवासी रोहित गौतम और विशाल गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पहले सीएचसी रुदौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवा दयाल को मृत घोषित कर दिया और दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। रुदौली कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य के अनुसार परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल