नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- देशभर में मानसून का कहर: सूरत में 36 घंटे में 18 इंच बारिश से बाढ़ जैसे हालात, गुरुग्राम में हाईवे धंसा; जबलपुर में 5 मंजिला इमारत गिरी
देश के कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। गुजरात के सूरत में 36 घंटे में 18 इंच बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए, कई वाहन बह गए और करीब 2100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। सूरत और नवसारी में स्कूल, कॉलेज व आंगनबाड़ी बंद हैं। गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर NH-48 धंसने से करीब 10 किमी लंबा जाम लगा, कई इलाकों में दो-दो फीट पानी भर गया और पुलिस ने कंपनियों से वर्क फ्रॉम होम देने की अपील की। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम पांच मंजिला इमारत ढह गई, जबकि राजस्थान और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश से जान-माल का नुकसान हुआ है।
2- नई दिल्ली: कच्चा तेल 6 महीने के निचले स्तर पर, फिर भी पेट्रोल-डीजल सस्ता नहीं; तेल कंपनियां ₹11 प्रति लीटर तक मार्जिन कमा रहीं
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इंडियन बास्केट का कच्चा तेल घटकर 68.69 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जो हाल के महीनों का निचला स्तर है। इसके बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में कोई राहत नहीं दी है। डीएएम कैपिटल के अनुसार मौजूदा कीमतों पर कंपनियां पेट्रोल पर करीब ₹10.5 और डीजल पर ₹11 प्रति लीटर तक मार्जिन कमा रही हैं। इससे पहले 1 जुलाई को निजी कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता किया था, लेकिन IOC, BPCL और HPCL ने अपने दाम नहीं घटाए।
3- देहरादून : 7,466 ग्राम पंचायतों में 15 जुलाई को उपप्रधान पद के चुनाव, हरिद्वार जिला प्रक्रिया से रहेगा बाहर
उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की 7,466 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव 15 जुलाई को 12 जिलों में होगा, जबकि हरिद्वार जिला इस प्रक्रिया में शामिल नहीं रहेगा। आयोग के अनुसार नामांकन सुबह 10 से 11 बजे तक होगा, इसके बाद जांच, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक कराया जाएगा और शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी। इस चुनाव में संबंधित ग्राम पंचायतों के निर्वाचित सदस्य मतदान करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग जिलों में अधिसूचना जारी करेंगे।
4- देहरादून : मदरसों और अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों पर सख्ती, नियम उल्लंघन पर ₹5 लाख जुर्माना, प्रशासक की नियुक्ति और FIR का प्रावधान
उत्तराखंड सरकार ने उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम (संशोधन) अध्यादेश-2026 लागू कर मदरसों और अन्य अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के लिए नियम और कड़े कर दिए हैं। संशोधित प्रावधानों के अनुसार बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा देने या अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने पर जांच के बाद संस्थान को सील किया जा सकेगा, संचालकों पर ₹5 लाख तक का जुर्माना लगाया जाएगा तथा प्रशासक नियुक्त किया जा सकेगा। आवश्यक होने पर आपराधिक मामलों में एफआईआर दर्ज कराने का भी प्रावधान रखा गया है। हालांकि कार्रवाई से पहले संबंधित संस्थान को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। सरकार ने मान्यता, वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक नियमों के पालन को भी अनिवार्य बनाया है।
5- हल्द्वानी : उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का 29 अगस्त को होगा शिलान्यास, राष्ट्रीय खेल दिवस से ही शुरू होंगी कक्षाएं
उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शुभारंभ राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को होगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। इसी दिन से पहले शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं भी शुरू करने की तैयारी है। शुरुआती चरण में बीएससी स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म सहित कई व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और शोध की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है, ताकि उत्तराखंड को खेल शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान मिल सके।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- रुद्रप्रयाग : तुंगनाथ मंदिर के वैज्ञानिक संरक्षण की शुरुआत, झुकाव के बाद पत्थर-दर-पत्थर होगी कोडिंग; मूल स्वरूप से नहीं होगी छेड़छाड़
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग स्थित विश्व के सबसे ऊंचे शिव मंदिर तुंगनाथ के वैज्ञानिक संरक्षण का कार्य शुरू हो गया है। करीब 12,800 फीट की ऊंचाई पर स्थित लगभग एक हजार वर्ष पुराने मंदिर में संरचनात्मक झुकाव के संकेत मिलने के बाद केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (CBRI), रुड़की ने जिम्मेदारी संभाली है। योजना के तहत मंदिर को पत्थर-दर-पत्थर खोलकर प्रत्येक पत्थर की यूनिक कोडिंग की जाएगी, उसकी मजबूती और नींव की वैज्ञानिक जांच के बाद उसी क्रम में दोबारा स्थापित किया जाएगा। CBRI के अनुसार पूरी प्रक्रिया के दौरान मंदिर की मूल वास्तुकला और धार्मिक स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मॉडल भविष्य में अन्य प्राचीन मंदिरों के संरक्षण में भी उपयोगी साबित हो सकता है।
2- ऊधम सिंह नगर : 200 किलो संदिग्ध गोवंश मांस के साथ ऑटो जब्त, पुलिस को देखकर खेतों में भागे चार आरोपी; नमूने जांच के लिए भेजे गए
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में गोवंश संरक्षण स्क्वाड ने कार्रवाई करते हुए एक ऑटो से करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध गोवंश मांस और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की गई थी। रोकने का प्रयास करने पर चालक ऑटो लेकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर वाहन रोक लिया गया। इस दौरान सोहेल और शोएब समेत चार आरोपी कथित तौर पर धान के खेतों की ओर भाग निकले। पशु चिकित्साधिकारी ने प्रथम दृष्टया मांस को गोवंशीय बताया है, हालांकि अंतिम पुष्टि के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पुलिस ने उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
3- केरल: वायनाड में लैंडस्लाइड से 4 की मौत, कई लापता; CCTV में मलबे के साथ 200 फीट तक बहता दिखा टैंकर
केरल के वायनाड में मंगलवार को भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। हादसा मलप्पुरम-वायनाड टनल परियोजना के पास हुआ, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज बहाव के साथ मलबा और एक टैंकर करीब 200 फीट तक बहते दिखाई दे रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश के कारण पहले ही निर्माण कार्य रोक दिया गया था।
4- जकार्ता: भारत-इंडोनेशिया के बीच 20 समझौते, पीएम मोदी बोले- दोनों देशों का रिश्ता ‘म्युचुअल ट्रस्ट’ के DNA पर आधारित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और इंडोनेशिया का रिश्ता आपसी विश्वास की मजबूत नींव पर बना है। उन्होंने कहा कि यहां ‘कुछ-कुछ होता है’ फिल्म लोकप्रिय है और जब दोनों देश साथ चलते हैं तो "बहुत कुछ" संभव होता है। इससे पहले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के कई सफल मॉडल अपनाने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच मंगलवार को 20 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल की अतिरिक्त यूनिट भी उपलब्ध कराएगा।
5- नई दिल्ली: पेट्रोल में 25% एथेनॉल मिलाने की योजना फिलहाल टल सकती है, माइलेज और पुरानी गाड़ियों पर असर की शिकायतों के बाद सरकार सतर्क
पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा 20% से बढ़ाकर 25% करने की योजना फिलहाल आगे बढ़ सकती है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सरकार वाहन मालिकों और ऑटो कंपनियों से मिले फीडबैक के बाद इस बदलाव को चरणबद्ध तरीके से लागू करने पर विचार कर रही है। ARAI की एक स्टडी में कथित तौर पर यह सामने आया है कि पुरानी E10 कंप्लायंट गाड़ियों में E20 ईंधन के इस्तेमाल से रबर आधारित फ्यूल सिस्टम पार्ट्स प्रभावित हो सकते हैं, हालांकि यह रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं सरकार पहले कह चुकी है कि बड़े स्तर की टेस्टिंग में गाड़ियों को नुकसान पहुंचने के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 841 70700 65