नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- नई दिल्ली : 12% से अधिक अल्कोहल वाली दवाएं अब बिना डॉक्टर की पर्ची नहीं मिलेंगी, कफ सिरप-टॉनिक की बिक्री पर सख्ती; मेडिकल स्टोर को 3 साल तक रखना होगा रिकॉर्ड
केंद्र सरकार ने ड्रग्स रूल्स, 1945 में संशोधन करते हुए 12% से अधिक अल्कोहल वाली 30 मिलीलीटर से बड़ी दवाओं को शेड्यूल H1 के दायरे में ला दिया है। अब ऐसी दवाएं डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बिना खरीदी या बेची नहीं जा सकेंगी। मेडिकल स्टोर्स को इनकी बिक्री का अलग रजिस्टर रखना होगा और कम से कम 3 वर्ष तक रिकॉर्ड सुरक्षित रखना होगा। सरकार के अनुसार यह कदम कफ सिरप और टॉनिक जैसी दवाओं के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा मरीजों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए उठाया गया है। डॉक्टर की सलाह होने पर मरीजों को दवाएं पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी।
2- विशाखापत्तनम : स्वदेशी स्टेल्थ फ्रिगेट INS महेंद्रगिरि आज भारतीय नौसेना में होगा शामिल, एडवांस मिसाइल और एंटी-सबमरीन सिस्टम से लैस
भारतीय नौसेना को शनिवार को एक और आधुनिक स्वदेशी युद्धपोत मिलने जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में विशाखापत्तनम में INS महेंद्रगिरि को नौसेना में शामिल किया जाएगा। प्रोजेक्ट-17A के तहत विकसित यह नीलगिरि श्रेणी का छठा स्टेल्थ फ्रिगेट है, जिसमें 75% से अधिक स्वदेशी तकनीक का उपयोग किया गया है। युद्धपोत आधुनिक सरफेस-टू-सरफेस और सरफेस-टू-एयर मिसाइलों, एंटी-सबमरीन वॉरफेयर सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और इंटीग्रेटेड कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम से लैस है। स्टेल्थ डिजाइन के कारण इसे रडार पर ट्रैक करना भी अपेक्षाकृत कठिन माना जाता है।
3- देहरादून : 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में 17 जुलाई को युवाओं से संवाद करेंगे राहुल गांधी, कांग्रेस ने शुरू की तैयारियां
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचकर 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। कांग्रेस का दावा है कि यह कार्यक्रम युवाओं की समस्याओं, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। गोदियाल ने भाजपा सरकारों पर युवाओं के भविष्य की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी सीधे छात्रों और नौजवानों की बात सुनेंगे। राजस्थान में शुरुआत के बाद उत्तराखंड इस अभियान का अगला प्रमुख पड़ाव होगा। कार्यक्रम देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित किए जाने की तैयारी है।
4- बदरीनाथ : चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच पूरी, BKTC की चार सदस्यीय समिति जल्द सौंपेगी रिपोर्ट; आरोपी कर्मचारी पहले ही निलंबित
बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) की चार सदस्यीय जांच समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है। शिकायत भैरव सेना के केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री द्वारा दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान समिति ने सीसीटीवी फुटेज, गणना कक्ष की व्यवस्था और कर्मचारियों की ड्यूटी सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। प्रारंभिक जांच के आधार पर कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पहले गणना और प्रोटोकॉल कार्यों से हटाया गया था, बाद में उन्हें निलंबित भी कर दिया गया। BKTC के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने जांच पूरी होने की पुष्टि की है। अब समिति की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
5- नैनीताल : कुमाऊं विश्वविद्यालय ने विकसित किया कॉर्डिसेप्स मिलिटेरिस उत्पादन का नया प्रोटोकॉल, पेटेंट और व्यावसायिक उपयोग की तैयारी
कुमाऊं विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने औषधीय गुणों वाले दुर्लभ परजीवी कवक 'कॉर्डिसेप्स मिलिटेरिस' के प्रयोगशाला उत्पादन के लिए नया कल्टीवेशन प्रोटोकॉल विकसित किया है। शोधकर्ताओं के अनुसार, नियंत्रित तापमान, प्रकाश और पोषण संतुलन के जरिए कम समय में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया गया है। विश्वविद्यालय जल्द इस तकनीक का व्यावसायिक पेटेंट कराने की तैयारी कर रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह प्राकृतिक यार्सागुम्बा (कीड़ा जड़ी) नहीं है, लेकिन इसके कई औषधीय गुण उससे मिलते-जुलते माने जाते हैं। बड़े पैमाने पर उत्पादन सफल होने पर फार्मास्युटिकल रिसर्च, बायोटेक्नोलॉजी और स्टार्टअप सेक्टर को लाभ मिल सकता है, साथ ही हिमालयी क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव भी कम हो सकता है।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- नैनीताल : नशे में धुत पर्यटकों का हाईवोल्टेज हंगामा, स्कॉर्पियो से तीन गाड़ियों को मारी टक्कर; महिला घायल, पांच युवक पुलिस हिरासत में
उत्तर प्रदेश के लखनऊ से नैनीताल घूमने पहुंचे पांच युवकों पर शराब के नशे में उत्पात मचाने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम तल्ला कैंची क्षेत्र में युवकों का एक होमस्टे संचालक से विवाद हुआ, जिसके बाद कथित तौर पर मारपीट भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी स्कॉर्पियो से भागने लगे। भवाली में नाकेबंदी की जानकारी मिलने पर उन्होंने वाहन वापस मोड़ा और कैंची बाजार में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक ऑल्टो कार सवार महिला गंभीर रूप से घायल हुई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने चार युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी कुछ समय के लिए फरार हो गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो सीज कर मेडिकल जांच कराई है, रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
2- देहरादून : LUCC घोटाले में CBI का बड़ा खुलासा, निवेशकों का पैसा निवेशकों में बांटकर चलाया जा रहा था कथित नेटवर्क; 800 करोड़ जुटाने का दावा
LUCC मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी मामले की जांच में CBI को कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी का कोई ऐसा नियमित व्यवसाय नहीं था जिससे वास्तविक आय होती हो। आरोप है कि निवेशकों से जमा धनराशि का उपयोग अन्य निवेशकों को भुगतान करने में किया जाता था। CBI के मुताबिक कंपनी ने करीब 800 करोड़ रुपये जुटाए, जिनमें से लगभग 400 करोड़ रुपये लौटाए गए, जबकि शेष राशि विभिन्न निवेशों और अन्य गतिविधियों में लगाई गई। जांच में 10 कथित शेल कंपनियों के बैंक खातों के माध्यम से धन के लेन-देन और लेयरिंग के संकेत भी मिले हैं। मुख्य आरोपी समीर अग्रवाल समेत कई लोगों की भूमिका की जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
3- नई दिल्ली : 2029 तक लागू हो सकता है 'वन नेशन-वन इलेक्शन', संसदीय समिति अध्यक्ष बोले- 99% लोगों ने समर्थन दिया; राज्यों से भी ली जा रही राय
'वन नेशन-वन इलेक्शन' पर विचार कर रही संसद की संयुक्त समिति (JPC) 2029 तक देश में एक साथ चुनाव कराने की दिशा में काम कर रही है। समिति के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने दावा किया कि अब तक चर्चा में शामिल लगभग 99% नागरिकों और संगठनों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। समिति विभिन्न राज्यों के विशेषज्ञों और सरकारों से भी सुझाव ले रही है। प्रस्ताव लागू करने के लिए संविधान के कई अनुच्छेदों में संशोधन और राज्यों की मंजूरी आवश्यक होगी। सूत्रों के अनुसार सरकार दो चरणों वाले ट्रांजिशन मॉडल पर भी विचार कर रही है।
4- ऑकलैंड : भारत-न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट फाइनल, पीएम मोदी बोले- 15 साल में ₹1.72 लाख करोड़ निवेश करेगा न्यूजीलैंड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) सहित कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए। पीएम मोदी ने कहा कि केवल 9 महीनों में FTA का पूरा होना एक रिकॉर्ड है और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर (करीब ₹1.72 लाख करोड़) का निवेश करेगा, जिससे 'विकसित भारत 2047' अभियान को भी गति मिलेगी। प्रधानमंत्री शनिवार को ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
5- बांग्लादेश : पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का दावा- दिसंबर में लौटकर कोर्ट में करूंगी सरेंडर, कहा- देश की धरती पर ही मरना चाहती हूं
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने रॉयटर्स को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया कि वह इस वर्ष दिसंबर में बांग्लादेश लौटकर अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगी। उन्होंने कहा कि अवामी लीग के कई वरिष्ठ नेता भी उनके साथ सरेंडर करेंगे। हसीना ने स्पष्ट किया कि उनकी वापसी को लेकर सरकार से कोई बातचीत नहीं हुई है और लोकतंत्र व न्याय जैसे मुद्दों पर पर्दे के पीछे समझौता संभव नहीं है। उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि यदि उनकी सरकार से कोई गलती हुई है तो उसका फैसला जनता को करना चाहिए। बांग्लादेश सरकार और भारत की ओर से उनके ताजा दावों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 841 70700 65