DBUP India | APP
लोड किया जा रहा...

Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 08 July 2026 #980 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- देशभर में मानसून का कहर: सूरत में 36 घंटे में 18 इंच बारिश से बाढ़ जैसे हालात, गुरुग्राम में हाईवे धंसा; जबलपुर में 5 मंजिला इमारत गिरी

देश के कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। गुजरात के सूरत में 36 घंटे में 18 इंच बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए, कई वाहन बह गए और करीब 2100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। सूरत और नवसारी में स्कूल, कॉलेज व आंगनबाड़ी बंद हैं। गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर NH-48 धंसने से करीब 10 किमी लंबा जाम लगा, कई इलाकों में दो-दो फीट पानी भर गया और पुलिस ने कंपनियों से वर्क फ्रॉम होम देने की अपील की। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम पांच मंजिला इमारत ढह गई, जबकि राजस्थान और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश से जान-माल का नुकसान हुआ है।

2- नई दिल्ली: कच्चा तेल 6 महीने के निचले स्तर पर, फिर भी पेट्रोल-डीजल सस्ता नहीं; तेल कंपनियां ₹11 प्रति लीटर तक मार्जिन कमा रहीं

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इंडियन बास्केट का कच्चा तेल घटकर 68.69 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जो हाल के महीनों का निचला स्तर है। इसके बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में कोई राहत नहीं दी है। डीएएम कैपिटल के अनुसार मौजूदा कीमतों पर कंपनियां पेट्रोल पर करीब ₹10.5 और डीजल पर ₹11 प्रति लीटर तक मार्जिन कमा रही हैं। इससे पहले 1 जुलाई को निजी कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता किया था, लेकिन IOC, BPCL और HPCL ने अपने दाम नहीं घटाए।

3- लखनऊ : AKTU दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की नसीहत, आत्मनिर्भर बनने के बाद ही शादी करें; छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर भी उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के 24वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के दौरान ऐसे कदमों से बचना चाहिए जिनकी जिम्मेदारी बाद में परिवार और सरकार पर आए। उन्होंने कहा कि प्रेम विवाह से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन शादी तभी करनी चाहिए जब युवक-युवती आत्मनिर्भर बन जाएं। राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए खिड़कियों, स्वच्छता, पानी की टंकियों, मेस की गुणवत्ता और भवनों की डिजाइन में सुधार की जरूरत बताई। समारोह में 62,537 विद्यार्थियों को डिग्री और 53 शोधार्थियों को पीएचडी प्रदान की गई।

4- अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में तीन आरोपी 40 घंटे की पुलिस रिमांड पर, प्राण-प्रतिष्ठा समेत बड़े आयोजनों के खर्च की भी जांच शुरू
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने आरोपी लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय को बुधवार सुबह 40 घंटे की रिमांड पर लिया। पुलिस टीम फैजाबाद जेल से तीनों को पुलिस लाइन लेकर पहुंची। SIT रिपोर्ट के अनुसार, CCTV फुटेज में तीनों कथित तौर पर नोट जेब में रखते हुए दिखाई दिए थे। उधर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि, पूर्व महासचिव चंपत राय से मिलने पहुंचे। वहीं SIT ने अब 22 जनवरी 2024 की प्राण-प्रतिष्ठा और 25 नवंबर 2025 के ध्वजारोहण सहित ट्रस्ट के बड़े आयोजनों के खर्च, बिल और वाउचरों की भी जांच शुरू कर दी है।

5- उत्तर प्रदेश : 15 शहरों में बारिश से जनजीवन प्रभावित, मथुरा में नाले में बहा डिलीवरी बॉय; 68 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार सुबह मथुरा, गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ समेत 15 शहरों में बारिश दर्ज की गई। मथुरा में तेज बहाव के बीच एक डिलीवरी बॉय बाइक समेत नाले में बह गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला। हाथरस में कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया और कुछ स्थानों पर कारें तथा बाइक बहती नजर आईं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से सक्रिय सिस्टम के कारण अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- आगरा : पंचायत में थप्पड़ मारने के बाद पति ने पत्नी की चाकू से हत्या की, पेट में किए 6 वार; 8 महीने से मायके में रह रही थी महिला
आगरा के ताजगंज क्षेत्र में मंगलवार शाम घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, पति रणवीर ने अपनी पत्नी कुंती की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और महिला पिछले आठ महीने से मायके में रह रही थी। मंगलवार को समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई थी, जहां कथित तौर पर पत्नी द्वारा थप्पड़ मारने के बाद आरोपी वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह चाकू लेकर लौटा और कुंती को कमरे से घसीटकर बरामदे में लाकर पेट में छह वार कर दिए। परिजन आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

2- लखनऊ : टिन्नू यादव प्रकरण पर अखिलेश यादव ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को भेजा मानहानि नोटिस, दोनों पक्षों में बयानबाजी तेज
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बीच विवाद गहरा गया है। अखिलेश यादव की ओर से मंगलवार को निशिकांत दुबे को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा गया, जिसमें सोशल मीडिया पर किए गए कथित दावों को झूठा और दुर्भावनापूर्ण बताया गया है। सपा नेताओं ने इटावा में शिकायत भी दर्ज कराई है। वहीं निशिकांत दुबे ने कहा कि यदि मानहानि हुई है तो संबंधित व्यक्ति स्वयं एफआईआर दर्ज कराएं, साथ ही उन्होंने अदालत जाने की बात भी कही। दोनों पक्ष सोशल मीडिया और कानूनी कार्रवाई के जरिए आमने-सामने हैं।

3- केरल: वायनाड में लैंडस्लाइड से 4 की मौत, कई लापता; CCTV में मलबे के साथ 200 फीट तक बहता दिखा टैंकर
केरल के वायनाड में मंगलवार को भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। हादसा मलप्पुरम-वायनाड टनल परियोजना के पास हुआ, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज बहाव के साथ मलबा और एक टैंकर करीब 200 फीट तक बहते दिखाई दे रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश के कारण पहले ही निर्माण कार्य रोक दिया गया था।

4- जकार्ता: भारत-इंडोनेशिया के बीच 20 समझौते, पीएम मोदी बोले- दोनों देशों का रिश्ता ‘म्युचुअल ट्रस्ट’ के DNA पर आधारित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और इंडोनेशिया का रिश्ता आपसी विश्वास की मजबूत नींव पर बना है। उन्होंने कहा कि यहां ‘कुछ-कुछ होता है’ फिल्म लोकप्रिय है और जब दोनों देश साथ चलते हैं तो "बहुत कुछ" संभव होता है। इससे पहले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के कई सफल मॉडल अपनाने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच मंगलवार को 20 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल की अतिरिक्त यूनिट भी उपलब्ध कराएगा।

5- नई दिल्ली: पेट्रोल में 25% एथेनॉल मिलाने की योजना फिलहाल टल सकती है, माइलेज और पुरानी गाड़ियों पर असर की शिकायतों के बाद सरकार सतर्क
पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा 20% से बढ़ाकर 25% करने की योजना फिलहाल आगे बढ़ सकती है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सरकार वाहन मालिकों और ऑटो कंपनियों से मिले फीडबैक के बाद इस बदलाव को चरणबद्ध तरीके से लागू करने पर विचार कर रही है। ARAI की एक स्टडी में कथित तौर पर यह सामने आया है कि पुरानी E10 कंप्लायंट गाड़ियों में E20 ईंधन के इस्तेमाल से रबर आधारित फ्यूल सिस्टम पार्ट्स प्रभावित हो सकते हैं, हालांकि यह रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं सरकार पहले कह चुकी है कि बड़े स्तर की टेस्टिंग में गाड़ियों को नुकसान पहुंचने के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं

प््रोफ्ाइल सुविधा जल्द आने वाली है

प््रोफ्ाइल विकल्प को अभी बंद किยा गया है, कृपया प्रतीक्षा करें।