नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- TRAI : बिना डेटा वाले मोबाइल रिचार्ज प्लान हो सकते हैं काफी सस्ते, कॉल-SMS के लिए अलग प्लान का प्रस्ताव; ट्रूकॉलर जैसे ऐप जरूरी कॉल ब्लॉक नहीं कर पाएंगे
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने 'दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण विनियम, 2026' का मसौदा जारी कर सुझाव मांगे हैं। प्रस्ताव के अनुसार टेलीकॉम कंपनियों को 7, 28, 56 और 84 दिन जैसी सभी वैधताओं में डेटा प्लान के साथ समान अवधि वाले केवल कॉल और SMS प्लान भी उपलब्ध कराने होंगे। लागू होने पर ऐसे प्लान मौजूदा कीमतों से 50-70% तक सस्ते हो सकते हैं, हालांकि अंतिम दरें कंपनियां तय करेंगी। मसौदे में यह भी प्रस्ताव है कि ट्रूकॉलर जैसे कॉल मैनेजमेंट ऐप 1600 और 140 सीरीज की जरूरी कॉल्स ब्लॉक नहीं कर सकेंगे। नियम लागू होने के छह माह बाद TRAI इसकी समीक्षा भी करेगा।
2- ऑकलैंड : पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय से कहा- 25 साल पुराना मफलर आज भी संभालकर रखा, न्यूजीलैंड संग व्यापार दोगुना करने का रखा लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि 25-30 वर्ष पहले मिली एक भेंट का मफलर वह आज भी संभालकर रखते हैं और उसी को इस यात्रा में भी साथ लाए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के लिए किसी देश की जनसंख्या नहीं, बल्कि जनकल्याण की भावना महत्वपूर्ण है। इससे पहले पीएम मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच द्विपक्षीय वार्ता में 18 प्रमुख फैसलों और 10 समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए। दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को लगभग ₹35 हजार करोड़ तक दोगुना करने का लक्ष्य भी रखा।
3- उत्तर प्रदेश : आज 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 35 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे, गोरखपुर से सीएम योगी करेंगे महाअभियान का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश में रविवार को 'पौधरोपण महायज्ञ-2026 : एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में नीम, पीपल और बरगद का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ करेंगे। उनके साथ वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहेंगे। प्रदेशभर में पौधरोपण की प्रगति वन विभाग के सॉफ्टवेयर पर ऑनलाइन अपलोड की जाएगी, जिससे हर जिले की स्थिति की निगरानी की जा सकेगी। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी और ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
4- उत्तर प्रदेश : विधानसभा चुनाव की तैयारी में सपा की नई रणनीति, हर बूथ पर 40-50 डिजिटल सदस्य जोड़ने और घर-घर संपर्क अभियान पर जोर
समाजवादी पार्टी ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए नई संगठनात्मक रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेशभर में घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत कार्यकर्ता गांव, कस्बों और शहरों में जाकर पार्टी की नीतियों और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी देंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रत्येक बूथ पर 40 से 50 नए डिजिटल सदस्यों को मोबाइल ऐप या ऑनलाइन माध्यम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। डिजिटल सदस्यता के जरिए तैयार होने वाला डाटाबेस सीधे केंद्रीय कार्यालय से जुड़ा रहेगा, जिससे चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं तक निर्देश और संदेश तेजी से पहुंचाए जा सकेंगे।
5- उत्तर प्रदेश मौसम : 33 जिलों में बारिश का अलर्ट, महोबा में बारातियों की कार नाले में बही; मेरठ में जलभराव से तांगे वाले और घोड़े की मौत
उत्तर प्रदेश में मानसून का असर रविवार को भी जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई है। शनिवार देर रात महोबा में बारातियों से भरी बोलेरो कार नाले में बह गई, हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से सभी छह लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। मेरठ में भारी बारिश के कारण अंडरपास में जलभराव होने से एक तांगा डूब गया, जिसमें तांगा चालक और घोड़े की मौत हो गई। प्रयागराज में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि बिजनौर में मालन नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- लखनऊ : दुबग्गा में ₹500 के 13 संदिग्ध नकली नोटों के साथ युवक पकड़ा गया, सभी नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे; जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र स्थित झाखरबाग चौराहे पर शनिवार को एक युवक कथित तौर पर ₹500 के संदिग्ध नकली नोट चलाते हुए पकड़ा गया। दुकानदारों के अनुसार युवक कई दुकानों से खरीदारी कर चुका था, तभी एक व्यापारी को नोट संदिग्ध लगे और अन्य व्यापारियों की मदद से उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसके पास से ₹500 के 13 संदिग्ध नोट बरामद किए, जिनके सीरियल नंबर एक जैसे बताए गए हैं। कुछ दुकानदारों ने नोटों का रंग पानी से छूटने का दावा भी किया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पहचान रहीमाबाद थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी संजीव मिश्रा के रूप में बताई है। नोटों को जांच के लिए विशेषज्ञों के पास भेजा जा रहा है।
2- उत्तर प्रदेश : सुप्रीम कोर्ट में जजों से अभद्रता करने वाले अधिवक्ता प्रबल प्रताप यादव को लेकर नए दावे, ईमेल और पुरानी शिकायतें जांच के दायरे में
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान न्यायाधीशों के समक्ष अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले अधिवक्ता प्रबल प्रताप यादव को लेकर जांच में कई नए तथ्य सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक कथित ईमेल मिला है, जिसमें उसने सुप्रीम कोर्ट तक जाकर देशभर में चर्चित होने की बात लिखी थी। जांच में यह भी सामने आने का दावा है कि लखनऊ की एक निजी कंपनी में नौकरी के दौरान दो युवतियों ने उसके खिलाफ शिकायत की थी, जिसके बाद उसे नौकरी से हटाया गया था। वहीं, प्रबल के पिता ने कहा कि बेटा आर्थिक तंगी और कथित साइबर ठगी के कारण तनाव में था तथा न्याय न मिलने से परेशान होकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। मामले की जांच जारी है।
3- रेलवे : IRCTC का नया टिकट बुकिंग पोर्टल 15 जुलाई से होगा लॉन्च, कैप्चा-पॉपअप हटेंगे; सभी क्लास की सीटें एक स्क्रीन पर दिखेंगी
भारतीय रेलवे 15 जुलाई को IRCTC वेबसाइट का नया बीटा वर्जन लॉन्च करेगा। नए पोर्टल में टिकट बुकिंग के दौरान कैप्चा और अनावश्यक पॉप-अप हटाए गए हैं, जिससे बुकिंग प्रक्रिया पहले से तेज और आसान होगी। यात्री एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास की सीट उपलब्धता देख सकेंगे तथा सेव्ड पैसेंजर डिटेल्स के जरिए तेजी से टिकट बुक कर पाएंगे। रेलवे के अनुसार तत्काल टिकटों में बॉट्स के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए भी नए उपाय किए गए हैं। साथ ही 1986 से चल रहे पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को भी आधुनिक तकनीक के साथ बदलने की तैयारी अंतिम चरण में है।
4- साउथैम्पटन : इंग्लैंड ने भारत को 56 रन से हराकर सीरीज में चौथी जीत दर्ज की, बटलर-ब्रूक की रिकॉर्ड साझेदारी से बने कई नए रिकॉर्ड
इंग्लैंड ने पांचवें टी-20 मुकाबले में भारत को 56 रन से हराकर सीरीज में चौथी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 3 विकेट पर 257 रन बनाए, जो टी-20 में भारत के खिलाफ किसी भी टीम का सर्वोच्च स्कोर है। जोस बटलर और हैरी ब्रूक ने 233 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की, जबकि बटलर ने 131 रन की पारी खेली। भारतीय टीम ट्रैफिक में फंसने के कारण स्टेडियम देर से पहुंची, जिससे मैच निर्धारित समय से करीब आधा घंटा देरी से शुरू हुआ। इस हार के साथ भारत पहली बार किसी टी-20 सीरीज या टूर्नामेंट में चार मैच हारने वाली स्थिति में पहुंच गया।
5- वियतनाम : फु क्वोक द्वीप के पास टूरिस्ट बोट पलटने से 15 भारतीयों की मौत, 21 लोगों को बचाया गया; भारत सरकार राहत कार्य में जुटी
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के निकट शनिवार को एक टूरिस्ट बोट पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। मृतकों में 10 तमिलनाडु, 3 आंध्र प्रदेश और 2 केरल के निवासी बताए गए हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार नाव में 4 क्रू सदस्य सहित कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय थे। 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे की वजह समुद्र की ऊंची लहरें मानी जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त किया है। भारतीय दूतावास राहत एवं समन्वय कार्य में जुटा है तथा यात्रियों के परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है।
धन्यवाद !