नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- नई दिल्ली : ट्रूकॉलर जैसे कॉल मैनेजमेंट ऐप्स पर सख्ती की तैयारी, स्पैम-फर्जी कॉल रोकने के लिए TRAI ने सरकार से मांगी मंजूरी
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने ट्रूकॉलर जैसे कॉल मैनेजमेंट ऐप्स को विनियमित करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) से मंजूरी मांगी है। प्रस्तावित नियमों के तहत ऐसे ऐप्स को वास्तविक बातचीत वाली कॉल या 140 व 1600 सीरीज से आने वाली अधिकृत व्यावसायिक व सेवा संबंधी कॉल्स को टैग, ब्लॉक या फ़िल्टर करने से रोका जा सकता है। TRAI का कहना है कि इससे स्पैम और धोखाधड़ी वाली कॉल्स पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलेगी। वहीं ट्रूकॉलर के CEO ऋषित झुनझुनवाला ने इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए दावा किया कि इससे लोगों को मिलने वाली भरोसेमंद कॉल जानकारी प्रभावित होगी और स्पैम रोकने के प्रयास कमजोर पड़ सकते हैं।
2- देश : पूरे भारत में मानसून का असर, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से 1000 यात्री फंसे; यूपी में बारिश से 10 मौतें, कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित
देशभर में मानसून सक्रिय रहने से कई राज्यों में भारी बारिश का असर देखने को मिला। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे भूस्खलन के कारण बंद हो गए, जिससे करीब 1000 यात्री फंस गए। उत्तर प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि राजस्थान में मकान ढहने की घटनाओं और जलभराव के चलते छह ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली में भी कई इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार फिलीपींस के पास बने सुपर टायफून 'बावी' के प्रभाव से दो दिन बाद देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
3- उत्तराखंड : भूजल संरक्षण के लिए बनेगी नई रिचार्ज नीति, नदियों के पुनर्जीवन और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर सरकार का फोकस
उत्तराखंड सरकार ने भूजल संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए नई ग्राउंड वाटर रिचार्ज पॉलिसी तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने SARRA की उच्च स्तरीय बैठक में वर्षा जल संरक्षण और भूजल रिचार्ज को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। प्रस्तावित नीति में आवासीय सोसायटियों और निजी संस्थानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही पौराणिक धारे-नौलों के संरक्षण और 'एक जनपद-एक नदी' अभियान के तहत नदियों के पुनर्जीवन के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) भी तैयार की जाएगी, ताकि जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को व्यवस्थित और तेज गति से आगे बढ़ाया जा सके।
4- चमोली : बद्रीनाथ चढ़ावा विवाद में निलंबित कर्मचारी का अब तक सुराग नहीं, फोन बंद; जांच तेज, गणना व्यवस्था में बड़े बदलाव
बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितता के मामले में निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल का अब तक पता नहीं चल सका है। बीकेटीसी के अनुसार निलंबन के बाद से वह कार्यालय नहीं पहुंचे हैं और उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ है। पुलिस दस्तावेज, ड्यूटी रिकॉर्ड और CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है, जबकि मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित उच्चस्तरीय समिति भी मामले की जांच में जुटी है। इस बीच चढ़ावा गणना प्रक्रिया में कई बदलाव किए गए हैं। अब गणनाकर्मियों के लिए बिना जेब वाली ड्रेस अनिवार्य होगी, निजी सामान ले जाने पर रोक रहेगी, CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है तथा गणना के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति और निगरानी को और सख्त किया गया है।
5- उत्तराखंड : भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड से 1000 यात्री फंसे; तीन जिलों में रेड अलर्ट, 10 जिलों में स्कूल बंद
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित है। उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन होने से करीब 1000 यात्री फंसे हुए हैं, हालांकि प्रशासन के अनुसार सभी सुरक्षित हैं और मार्ग खोलने का कार्य जारी है। गंगोत्री हाईवे सहित कई अन्य मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत के लिए रेड अलर्ट तथा कई अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार खराब मौसम को देखते हुए देहरादून, हरिद्वार, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल समेत 10 जिलों में 12 जुलाई तक स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- देहरादून : 17 जुलाई को उत्तराखंड आएंगे राहुल गांधी, छात्रों-युवाओं से करेंगे सीधा संवाद; परेड ग्राउंड पहली पसंद, तैयारियां तेज
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून दौरे की तैयारी कांग्रेस ने तेज कर दी है। पार्टी 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, भर्ती में देरी और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सीधा संवाद कराने की योजना बना रही है। कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड को पहली पसंद बनाया गया है, हालांकि अंतिम निर्णय प्रशासन की अनुमति के बाद होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी की कोर टीम देहरादून पहुंचकर सुरक्षा, मंच और आयोजन स्थल का निरीक्षण कर रही है। इससे पहले जून में उनका उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण पूरा नहीं हो सका था।
2- पिथौरागढ़ : भारत-चीन सीमा व्यापार की शुरुआत फिर टली, तकलाकोट में दुकानें-गोदाम अधूरे; गुंजी में 100 व्यापारी कर रहे इंतजार
लिपुलेख दर्रे से छह वर्ष बाद शुरू होने जा रहे पारंपरिक भारत-चीन सीमा व्यापार की शुरुआत एक बार फिर टल गई है। चीन की ओर से तकलाकोट मंडी में भारतीय व्यापारियों के लिए दुकानें और गोदाम तैयार न होने के कारण नई तारीख अभी तय नहीं की गई है। फिलहाल करीब 100 भारतीय व्यापारी गुंजी और नाबीढांग में रुके हुए हैं। प्रशासन के अनुसार भारत की ओर से कस्टम क्लीयरेंस सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और व्यापारियों को ट्रेड पास भी जारी किए जा चुके हैं। चीन से अंतिम अनुमति मिलने के बाद ही व्यापार शुरू होगा। इस बार व्यापार सड़क आधारित नई व्यवस्था के तहत संचालित किए जाने की तैयारी है।
3- विदेश : पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग का उद्घाटन मैच पहली बार भारत में; 12 दिसंबर को चेन्नई में होगा मुकाबला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और पूर्व कप्तान स्टीव वॉ की मौजूदगी में घोषणा की कि ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) का उद्घाटन मुकाबला इस वर्ष 12 दिसंबर को चेन्नई में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी टी-20 क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत में आयोजित किया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को न्यूजीलैंड पहुंचेंगे, जहां द्विपक्षीय वार्ता, संभावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और भारतीय समुदाय के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
4- नई दिल्ली : स्मार्टफोन-लैपटॉप और स्मार्ट टीवी हो सकते हैं सस्ते, सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स पर कस्टम ड्यूटी हटाई
केंद्र सरकार ने स्मार्टफोन, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले डिस्प्ले असेंबली, लीथियम-आयन सेल तथा कई प्रमुख कंपोनेंट्स और मशीनों पर बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) समाप्त कर दी है। वित्त मंत्रालय के अनुसार यह छूट 31 मार्च 2029 तक लागू रहेगी। सरकार का उद्देश्य घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को बढ़ावा देना, कंपनियों की लागत कम करना और आयात पर निर्भरता घटाना है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि उत्पादन लागत घटने का लाभ आने वाले समय में ग्राहकों तक पहुंच सकता है, जिससे इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में कमी संभव है।
5- नई दिल्ली : BSNL ने लॉन्च किया सैटेलाइट फोन, बिना सिम और मोबाइल नेटवर्क होगी कॉल; खरीदने के लिए सरकारी मंजूरी अनिवार्य
सरकारी दूरसंचार कंपनी BSNL ने भारत में नया सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है, जिसकी कीमत टैक्स सहित ₹1,34,166 रखी गई है। यह फोन सामान्य मोबाइल नेटवर्क या सिम कार्ड के बजाय सीधे सैटेलाइट नेटवर्क के माध्यम से काम करता है, जिससे दूरदराज और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में भी वॉयस कॉल की सुविधा मिलती है। कंपनी ने इसे ग्लोबल सैटेलाइट सेवा प्रदाता इनमारसैट के सहयोग से विकसित किया है। यह फोन विशेष रूप से आपदा, आपातकाल और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में संचार के लिए उपयोगी माना जा रहा है। हालांकि, भारत में इसे खरीदने या इस्तेमाल करने से पहले दूरसंचार विभाग (DoT) से सरकारी अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
धन्यवाद !