लोड किया जा रहा...

Uttar Pradesh News: Morning Bulletin UP - 10 July 2026 *SDFG* #989

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- नई दिल्ली : ट्रूकॉलर जैसे कॉल मैनेजमेंट ऐप्स पर सख्ती की तैयारी, स्पैम-फर्जी कॉल रोकने के लिए TRAI ने सरकार से मांगी मंजूरी

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने ट्रूकॉलर जैसे कॉल मैनेजमेंट ऐप्स को विनियमित करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) से मंजूरी मांगी है। प्रस्तावित नियमों के तहत ऐसे ऐप्स को वास्तविक बातचीत वाली कॉल या 140 व 1600 सीरीज से आने वाली अधिकृत व्यावसायिक व सेवा संबंधी कॉल्स को टैग, ब्लॉक या फ़िल्टर करने से रोका जा सकता है। TRAI का कहना है कि इससे स्पैम और धोखाधड़ी वाली कॉल्स पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलेगी। वहीं ट्रूकॉलर के CEO ऋषित झुनझुनवाला ने इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए दावा किया कि इससे लोगों को मिलने वाली भरोसेमंद कॉल जानकारी प्रभावित होगी और स्पैम रोकने के प्रयास कमजोर पड़ सकते हैं।

2- देश : पूरे भारत में मानसून का असर, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से 1000 यात्री फंसे; यूपी में बारिश से 10 मौतें, कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित

देशभर में मानसून सक्रिय रहने से कई राज्यों में भारी बारिश का असर देखने को मिला। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे भूस्खलन के कारण बंद हो गए, जिससे करीब 1000 यात्री फंस गए। उत्तर प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि राजस्थान में मकान ढहने की घटनाओं और जलभराव के चलते छह ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली में भी कई इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार फिलीपींस के पास बने सुपर टायफून 'बावी' के प्रभाव से दो दिन बाद देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।

3- अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज, आरोपियों के ठिकानों से 10 लाख के जेवर और नकदी बरामद; 30 बैंक खाते फ्रीज
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय के ठिकानों से करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर तथा लगभग 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने अनुकल्प की स्विफ्ट कार भी जब्त की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में कथित तौर पर आरोपियों ने चोरी की रकम शेयर बाजार में निवेश करने, ब्याज पर देने और रिश्तेदारों के खातों के जरिए लेनदेन करने की जानकारी दी है। जांच के दौरान 30 संदिग्ध बैंक खाते भी फ्रीज किए गए हैं। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

4- उत्तर प्रदेश : बारिश बनी आफत, अलग-अलग हादसों में 14 मौतें; 46 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट, कई जगह स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और गुरुवार को बारिश से जुड़े विभिन्न हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई। सबसे अधिक मौतें पूर्वांचल में बिजली गिरने की घटनाओं में हुईं, जबकि बुलंदशहर में दीवार गिरने से दो लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट शामिल है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सहारनपुर समेत कई जिलों में कक्षा 12 तक के स्कूल बंद किए गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 13 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी मानसूनी बारिश जारी रहने की संभावना है।

5- लखनऊ : देर रात 20 IAS अधिकारियों के तबादले, तीन जिलों के CDO बदले; कई विभागों में प्रशासनिक फेरबदल
उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सचिव और विशेष सचिव स्तर सहित 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस दौरान आजमगढ़, बलिया और इटावा के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को भी बदला गया है। सुधा वर्मा को श्रमायुक्त, नेहा शर्मा को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा तथा डॉ. सारिका मोहन को महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। सरकार ने कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां और अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे हैं। यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- गोरखपुर : जन्मदिन के अगले दिन युवक ने की आत्महत्या, पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप; गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र में डीजे संचालक पंकज कुमार निषाद (30) की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी प्रतिमा साहनी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार परिजनों की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। पंकज ने मौत से पहले सोशल मीडिया पर कई भावुक स्टेटस पोस्ट किए थे, जिनमें पिता के नाम संदेश और अंतिम पोस्ट "राम-राम सभी लोगों को" भी शामिल था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से दोनों के बीच लगातार विवाद और मानसिक प्रताड़ना चल रही थी। पुलिस अब मोबाइल चैट, सोशल मीडिया पोस्ट व अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

2- मेरठ : थप्पड़ कांड पर SSP का पक्ष आया सामने, बोले- 4 घंटे समझाने के बाद करना पड़ा बल प्रयोग; बाहरी लोगों पर माहौल बिगाड़ने का आरोप
मेरठ के चर्चित थप्पड़ कांड पर एसएसपी अविनाश पांडेय ने कहा कि दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को करीब चार घंटे तक समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कथित तौर पर कुछ बाहरी लोग सड़क जाम कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने पर अड़े रहे। उनके अनुसार सभी प्रयास विफल होने के बाद न्यूनतम बल प्रयोग किया गया। पुलिस ने प्रदर्शन के मामले में 13 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं इस कार्रवाई को लेकर मानवाधिकार आयोग और अनुसूचित जाति आयोग में शिकायतें भी भेजी गई हैं। शुक्रवार को सांसद चंद्रशेखर आजाद और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

3- विदेश : पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग का उद्घाटन मैच पहली बार भारत में; 12 दिसंबर को चेन्नई में होगा मुकाबला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और पूर्व कप्तान स्टीव वॉ की मौजूदगी में घोषणा की कि ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) का उद्घाटन मुकाबला इस वर्ष 12 दिसंबर को चेन्नई में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी टी-20 क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत में आयोजित किया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को न्यूजीलैंड पहुंचेंगे, जहां द्विपक्षीय वार्ता, संभावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और भारतीय समुदाय के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

4- नई दिल्ली : स्मार्टफोन-लैपटॉप और स्मार्ट टीवी हो सकते हैं सस्ते, सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स पर कस्टम ड्यूटी हटाई
केंद्र सरकार ने स्मार्टफोन, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले डिस्प्ले असेंबली, लीथियम-आयन सेल तथा कई प्रमुख कंपोनेंट्स और मशीनों पर बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) समाप्त कर दी है। वित्त मंत्रालय के अनुसार यह छूट 31 मार्च 2029 तक लागू रहेगी। सरकार का उद्देश्य घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को बढ़ावा देना, कंपनियों की लागत कम करना और आयात पर निर्भरता घटाना है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि उत्पादन लागत घटने का लाभ आने वाले समय में ग्राहकों तक पहुंच सकता है, जिससे इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में कमी संभव है।

5- नई दिल्ली : BSNL ने लॉन्च किया सैटेलाइट फोन, बिना सिम और मोबाइल नेटवर्क होगी कॉल; खरीदने के लिए सरकारी मंजूरी अनिवार्य
सरकारी दूरसंचार कंपनी BSNL ने भारत में नया सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है, जिसकी कीमत टैक्स सहित ₹1,34,166 रखी गई है। यह फोन सामान्य मोबाइल नेटवर्क या सिम कार्ड के बजाय सीधे सैटेलाइट नेटवर्क के माध्यम से काम करता है, जिससे दूरदराज और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में भी वॉयस कॉल की सुविधा मिलती है। कंपनी ने इसे ग्लोबल सैटेलाइट सेवा प्रदाता इनमारसैट के सहयोग से विकसित किया है। यह फोन विशेष रूप से आपदा, आपातकाल और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में संचार के लिए उपयोगी माना जा रहा है। हालांकि, भारत में इसे खरीदने या इस्तेमाल करने से पहले दूरसंचार विभाग (DoT) से सरकारी अनुमति लेना अनिवार्य होगा।


धन्यवाद !

आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

अपना नाम दर्ज करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए