नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1. नई दिल्ली : पेपर लीक संशोधन विधेयक पर आज लोकसभा में फिर होगी चर्चा, शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर राहुल-प्रियंका के आरोपों पर सत्ता पक्ष का हंगामा
लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षाओं में नकल व पेपर लीक रोकने से जुड़े पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 पर मंगलवार को करीब 9 घंटे चर्चा के बावजूद फैसला नहीं हो सका। अब बुधवार को इस पर चर्चा पूरी होने के बाद मतदान होगा और फिर विधेयक राज्यसभा में पेश किया जाएगा। इस दौरान शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की टिप्पणियों पर सदन और संसद परिसर में तीखी राजनीतिक बहस हुई। सत्ता पक्ष ने इसे चरित्र हनन बताते हुए आपत्ति जताई, जबकि स्पीकर ओम बिरला ने बिना तथ्यों के आरोप लगाने से बचने की नसीहत दी। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि संशोधन से पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
2. ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स : गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर में रचा इतिहास, हरजिंदर कौर का रजत; भारत के मुक्केबाजों ने भी पदक किए पक्के
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी और भारतीय सेना के नायब सूबेदार गुलवीर सिंह पुरुष 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर जीतने वाले पहले भारतीय बने। वहीं महिला वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने 69 किलोग्राम वर्ग में 227 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया। बॉक्सिंग में प्रीति पवार, प्रिया घांघस और जादूमणि सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम कांस्य पदक पक्का कर चुके हैं। भारत अब तक 2 स्वर्ण सहित कुल 12 पदक जीत चुका है, हालांकि पदक तालिका में टीम नौवें स्थान पर पहुंच गई है।
3. देहरादून : दून बासमती को फिर दिलाई जाएगी पुरानी पहचान, 160 किसान 75 हेक्टेयर में कर रहे खेती; सरकार ने शुरू किया पुनर्जीवन अभियान
उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन ऐतिहासिक दून बासमती चावल की खेती को फिर से बढ़ावा देने में जुटे हैं। पिछले वर्ष के पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद इस बार करीब 160 किसान 75 हेक्टेयर क्षेत्र में पारंपरिक दून बासमती की खेती कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य इस विशेष सुगंध वाले चावल को दोबारा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रीमियम ब्रांड के रूप में स्थापित करना है। अधिकारियों के अनुसार, विकासनगर में सीड बैंक, गुणवत्ता परीक्षण और ब्रांडिंग पर भी काम किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि उचित बाजार और बेहतर मूल्य मिलता रहा तो दून बासमती एक बार फिर प्रदेश की पहचान बन सकती है।
4. उत्तराखंड : अगस्त से बिजली बिल होगा महंगा, 29 लाख उपभोक्ताओं पर FPPCA सरचार्ज लागू; घरेलू उपभोक्ताओं को 14 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त देने होंगे
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने अगस्त 2026 की बिजली खपत पर लागू होने वाले फ्यूल एंड पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (FPPCA) सरचार्ज की नई दरें जारी कर दी हैं। इसके तहत प्रदेश के करीब 29 लाख उपभोक्ताओं को अतिरिक्त शुल्क देना होगा। मीटरयुक्त घरेलू उपभोक्ताओं पर 14 पैसे प्रति यूनिट, लाइफलाइन श्रेणी पर 5 पैसे और व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर 20 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त सरचार्ज लगाया गया है। UPCL के अनुसार, यह बिजली की मूल दरों में बढ़ोतरी नहीं बल्कि ईंधन और बिजली खरीद लागत के नियामकीय समायोजन के तहत लागू किया गया अस्थायी अतिरिक्त शुल्क है।
5. उत्तराखंड : विशेष मतदाता पुनरीक्षण में 19.04 लाख मतदाताओं को चुनाव आयोग का नोटिस, गलत जानकारी या फर्जी दस्तावेज पर हो सकती है कार्रवाई
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सामने आई विसंगतियों के आधार पर चुनाव आयोग ने 19.04 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में संबंधित मतदाताओं को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग के अनुसार, प्रस्तुत दस्तावेजों का स्वतंत्र सत्यापन कराया जाएगा। यदि कोई जानकारी या दस्तावेज गलत अथवा फर्जी पाया जाता है तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 217 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत जेल और जुर्माने सहित कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। आयोग ने सभी मतदाताओं से सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1. उत्तराखंड : आज भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 8 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी; 111 सड़कें बंद, कई नदियां खतरे के स्तर के करीब
उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन भी भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और टिहरी के कुछ क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 111 सड़कें, जिनमें 3 राष्ट्रीय राजमार्ग और 6 राज्य मार्ग शामिल हैं, भूस्खलन व अन्य कारणों से बंद हैं। रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी-अलकनंदा तथा पिथौरागढ़ की काली, गोरी और सरयू नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
2. उत्तराखंड : मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ने पर 13 गुलदार और 3 भालुओं को मारने की अनुमति, 118 मामलों में वन विभाग की कार्रवाई जारी
उत्तराखंड में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष के बीच वन विभाग ने 13 गुलदार और 3 भालुओं को मारने की अनुमति दी है। विभाग के अनुसार, ये ऐसे वन्यजीव हैं जिन्हें कई बार आबादी वाले क्षेत्रों में देखा गया और पकड़ने के प्रयास सफल नहीं हो सके। वर्तमान में राज्य में 118 मामलों में कार्रवाई चल रही है, जिनमें 90 गुलदार, 21 बाघ और 8 भालुओं को पकड़ने के लिए रेस्क्यू टीमें तैनात हैं। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में वन्यजीव हमलों में 327 लोगों की मौत हुई है, जबकि वर्ष 2026 में अब तक बाघ और गुलदार के हमलों में 28 लोगों की जान जा चुकी है।
3. नई दिल्ली : दिल्ली हाईकोर्ट ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक को बंद करने का आदेश दिया, RBI ने लाइसेंस रद्द होने के बाद दी जानकारी
दिल्ली हाईकोर्ट ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को बंद करने का आदेश दिया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मंगलवार को बताया कि बैंकिंग लाइसेंस रद्द होने के बाद कोर्ट ने यह कार्रवाई बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट और कंपनीज एक्ट के तहत की है। अदालत ने एसबीआई के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक गिरिकुमार एम. नायर को आधिकारिक लिक्विडेटर नियुक्त किया है, जो बैंक की संपत्तियों और देनदारियों के निपटारे की प्रक्रिया देखेंगे। RBI ने अप्रैल 2026 में लगातार नियामकीय उल्लंघनों का हवाला देते हुए बैंक का लाइसेंस रद्द किया था और कहा था कि यह कदम जमाकर्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
4. नई दिल्ली : CJP प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का दावा- 2,873 प्रदर्शनकारियों का आपराधिक रिकॉर्ड मिला, 101 पर हत्या के आरोप
दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई को हुए CJP के 'संसद चलो' प्रदर्शन को लेकर दावा किया है कि फेशियल रिकग्निशन सिस्टम और अन्य तकनीकी माध्यमों से की गई जांच में 2,873 प्रदर्शनकारियों का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया। पुलिस के अनुसार इनमें 989 लोगों पर गंभीर अपराध दर्ज हैं, जबकि 101 पर हत्या के मामलों में आरोप हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। दूसरी ओर, इस मामले को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है और प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
5. नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने छात्र प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई की स्वतंत्र जांच के संकेत दिए, नाबालिग प्रदर्शनकारियों की तत्काल रिहाई का आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई के छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर सुनवाई करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है और जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग के आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने निर्देश दिया कि जिन नाबालिग प्रदर्शनकारियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाए। कोर्ट ने सीसीटीवी, ड्रोन और बॉडी कैमरे सहित सभी डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा दिल्ली समेत आठ राज्यों से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त को होगी।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. भारत-श्रीलंका समझौते पर हुए हस्ताक्षर, दक्षिण एशिया की राजनीति में आया बड़ा मोड़
29 जुलाई 1987 को भारत के प्रधानमंत्री राजीव गांधी और श्रीलंका के राष्ट्रपति जे. आर. जयवर्धने ने भारत-श्रीलंका समझौते (Indo-Sri Lanka Accord) पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य श्रीलंका के जातीय संघर्ष का समाधान निकालना था। इस समझौते के बाद भारतीय शांति सेना (IPKF) श्रीलंका भेजी गई, जिसने आगे चलकर भारतीय राजनीति और विदेश नीति पर गहरा प्रभाव डाला।
2. चौधरी चरण सिंह बने भारत के प्रधानमंत्री, बिना लोकसभा का सामना किए छोड़नी पड़ी कुर्सी
29 जुलाई 1979 को चौधरी चरण सिंह ने भारत के पाँचवें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। हालांकि, बहुमत साबित करने से पहले ही कांग्रेस ने समर्थन वापस ले लिया, जिसके कारण उन्हें लोकसभा में विश्वास मत का सामना किए बिना इस्तीफा देना पड़ा। भारतीय संसदीय इतिहास में यह एक बेहद चर्चित राजनीतिक घटनाक्रम माना जाता है।
3. मॉस्को ओलंपिक में भारत ने जीता हॉकी का स्वर्ण पदक, आठवीं बार बना ओलंपिक चैंपियन
29 जुलाई 1980 को मॉस्को ओलंपिक में भारत ने पुरुष हॉकी के फाइनल में स्पेन को 4-3 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। यह भारतीय हॉकी इतिहास का आठवां ओलंपिक गोल्ड था और अब तक का आखिरी ओलंपिक स्वर्ण पदक भी है। यह उपलब्धि आज भी भारतीय खेल इतिहास के सबसे गौरवपूर्ण पलों में गिनी जाती है।