नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- कारगिल विजय दिवस 2026 : 84 दिन के भीषण युद्ध में भारत ने पाकिस्तान को चटाई थी धूल, 18 हजार फीट की ऊंचाई पर लिखी गई वीरता की गाथा
आज 26 जुलाई को देश 27वां कारगिल विजय दिवस मना रहा है। वर्ष 1999 में 3 मई को स्थानीय चरवाहों की सूचना पर पाकिस्तानी घुसपैठ का पता चला था, जिसके बाद 84 दिन तक चले युद्ध में भारतीय सेना ने 26 जुलाई को निर्णायक विजय हासिल की। ऑपरेशन विजय के दौरान टाइगर हिल, द्रास और बटालिक समेत कई अहम चोटियों पर दोबारा तिरंगा फहराया गया। इस युद्ध में कैप्टन विक्रम बत्रा, स्क्वॉड्रन लीडर अजय आहूजा सहित अनेक वीरों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
2- नई दिल्ली : पेपर लीक पर कानून और सख्त होगा, सोमवार को संशोधन विधेयक पेश होने की संभावना; 2 महीने में जांच और फास्ट ट्रैक ट्रायल का प्रावधान
केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 में संशोधन विधेयक पेश कर सकती है। प्रस्तावित बदलावों के अनुसार केंद्र सरकार स्पेशल टास्क फोर्स गठित कर सकेगी और जांच एजेंसी को मामला मिलने के दो महीने के भीतर जांच पूरी करनी होगी। चार्जशीट दाखिल होने के बाद विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट में तीन महीने के भीतर ट्रायल पूरा करने का प्रावधान रखा गया है। विधेयक में अपील की समय-सीमा भी तय की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही पेपर लीक के खिलाफ कड़े कदम उठाने का भरोसा जता चुके हैं।
3- उत्तराखंड : चारधाम, कांवड़ और कुंभ यात्रियों के लिए साइबर ठगी का अलर्ट, हेलीकॉप्टर टिकट-होटल बुकिंग में फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहने की सलाह
चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और आगामी कुंभ मेले को देखते हुए उत्तराखंड एसटीएफ ने श्रद्धालुओं के लिए साइबर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठग कथित तौर पर फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज और व्हाट्सएप नंबरों के जरिए हेलीकॉप्टर टिकट, होटल, होमस्टे और वीआईपी दर्शन के नाम पर लोगों से ऑनलाइन भुगतान करा रहे हैं। श्रद्धालुओं से केवल अधिकृत वेबसाइटों और सत्यापित माध्यमों से ही बुकिंग करने की अपील की गई है। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
4- उत्तराखंड : पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हीरा सिंह बिष्ट का निधन, 85 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और इंटक के प्रदेश अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट का शनिवार देर रात हृदयाघात से निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें देहरादून के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीन बार विधायक रहे हीरा सिंह बिष्ट ने एनडी तिवारी सरकार में परिवहन, श्रम और तकनीकी शिक्षा जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। खेलों के विकास और रायपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की पहल में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
5- उत्तराखंड मौसम : देहरादून, उत्तरकाशी समेत चार जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, लैंडस्लाइड से गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे प्रभावित
उत्तराखंड में आज भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की आशंका जताई गई है। शनिवार को उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय तक बाधित रहे, जबकि पिथौरागढ़ में 16 सड़कें बंद हो गईं। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- बद्रीनाथ : चढ़ावा चोरी के मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को कोर्ट से राहत नहीं, जमानत अर्जी खारिज; 6 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी मामले के मुख्य आरोपी और बदरी-केदार मंदिर समिति के वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को फिलहाल अदालत से राहत नहीं मिली है। शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायालय ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। साथ ही पुलिस की ओर से दाखिल पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) की मांग भी स्वीकार नहीं की गई। अदालत ने प्रमोद नौटियाल समेत दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 6 अगस्त तक बढ़ा दी है। मामले की जांच जारी है और अब दोनों आरोपी निर्धारित अवधि तक न्यायिक अभिरक्षा में रहेंगे।
2- देहरादून : शिक्षकों के तबादलों में मेडिकल बोर्ड प्रमाणपत्र को लेकर भ्रम खत्म, 15 जून 2023 का शासनादेश ही रहेगा लागू
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों और कर्मचारियों के वार्षिक तबादलों में मेडिकल बोर्ड प्रमाणपत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनोद प्रसाद सिमल्टी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अनुरोध आधारित स्थानांतरण में 15 जून 2023 का शासनादेश ही प्रभावी रहेगा और कोई नया नियम लागू नहीं हुआ है। आदेश में कहा गया है कि वर्ष 2022 या उसके बाद जारी राज्य मेडिकल बोर्ड का प्रमाणपत्र ही मान्य होगा। सभी अपर निदेशकों, मुख्य शिक्षा अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को इसी व्यवस्था के अनुसार स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
3- देशभर में मानसून का असर : गुजरात में भारी बारिश से 5 मौतें, असम में बाढ़ से 61 की जान गई; यूपी समेत कई राज्यों में आज भी अलर्ट
देश के कई राज्यों में मानसून का प्रभाव जारी है। गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात के बीच 40,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि बारिश से जुड़े हादसों में 5 लोगों की मौत हुई है। असम में पिछले 24 घंटे में 14 और मौतों के बाद मृतकों की संख्या 61 पहुंच गई है तथा 12 जिले प्रभावित हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। वहीं खराब मौसम के कारण छह दिन से स्थगित अमरनाथ यात्रा शनिवार से दोबारा शुरू हो गई।
4- नई दिल्ली : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, प्रह्लाद जोशी को मिला अतिरिक्त प्रभार; NEET पेपर लीक विवाद के बीच बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को सौंपा गया। यह घटनाक्रम NEET पेपर लीक मामले को लेकर लगातार जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच सामने आया है। प्रह्लाद जोशी ने नई जिम्मेदारी पर खरा उतरने का भरोसा जताया, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा के लिए पद से अधिक देश और विद्यार्थियों का हित महत्वपूर्ण है। इस्तीफे के बाद प्रदर्शनकारी संगठनों ने इसे अपनी जीत बताया, हालांकि उन्होंने अन्य मांगें भी जारी रखने की बात कही।
5- स्वास्थ्य : जंक फूड से बच्चों में बढ़ रहा मोटापा, डायबिटीज और हाई बीपी का खतरा; ICMR-NIN ने हेल्थ टैक्स समेत सख्त कदम सुझाए
आईसीएमआर-एनआईएन की रिपोर्ट के अनुसार देश में जंक फूड और शक्कर वाले पेय बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि 5 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 4.1 करोड़ बच्चे अधिक वजन या मोटापे से प्रभावित हैं, जबकि बड़ी संख्या में बच्चे प्री-डायबिटीज, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। रिपोर्ट में ज्यादा फैट, नमक और चीनी वाले खाद्य पदार्थों पर हेल्थ टैक्स लगाने, पैकेट पर चेतावनी लेबल अनिवार्य करने, बच्चों को लक्षित विज्ञापनों पर सख्ती और स्कूलों के आसपास जंक फूड की बिक्री रोकने जैसे उपाय सुझाए गए हैं।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. कारगिल विजय दिवस: जब भारतीय सेना ने रचा इतिहास (1999)
26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन विजय' की सफलता का आधिकारिक ऐलान किया था. लद्दाख की हाड़ कंपा देने वाली ऊंची चोटियों पर करीब दो महीने तक चले इस युद्ध में भारत ने पाकिस्तानी सेना समर्थित घुसपैठियों को खदेड़कर तिरंगा लहराया था.
2. मुंबई में 24 घंटे का महा-जलप्रलय (2005)
26 जुलाई 2005 को मुंबई में महज 24 घंटे के भीतर 944 मिलीमीटर (37 इंच से ज्यादा) की रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई थी. इस अप्रत्याशित बारिश से आई भीषण बाढ़ ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी थी और यह आधुनिक भारतीय इतिहास की सबसे बड़ी कुदरती आपदाओं में से एक बन गई।
3. छत्रपति साहू जी महाराज का जन्म (1874)
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 26 जुलाई 1874 को जन्में राजर्षि छत्रपति साहू जी महाराज भारत के एक महान समाज सुधारक थे। उन्होंने अपने राज्य में पिछड़े और वंचित वर्गों के लिए पहली बार सरकारी नौकरियों में आरक्षण (50%) लागू कर सामाजिक समानता की मजबूत नींव रखी थी।