नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1. नई दिल्ली : भारत में पहली बार डेंगू वैक्सीन QDENGA को मंजूरी, 4 से 60 वर्ष तक के लोग बिना प्री-स्क्रीनिंग लगवा सकेंगे टीका
भारत में पहली बार डेंगू की वैक्सीन QDENGA (TAK-003) को ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने बाजार में उपयोग की मंजूरी दे दी है। जापानी कंपनी ताकेदा की इस वैक्सीन को 4 से 60 वर्ष तक के लोगों को बिना यह जांच कराए लगाया जा सकेगा कि उन्हें पहले डेंगू हुआ था या नहीं। वैक्सीन की दो डोज तीन महीने के अंतराल पर दी जाएंगी। कंपनी के अनुसार 19 वैश्विक क्लीनिकल ट्रायल में 28 हजार से अधिक लोगों पर इसका परीक्षण हुआ। 'मेक इन इंडिया' के तहत इसका उत्पादन हैदराबाद की बायोलॉजिकल ई कंपनी करेगी। कीमत का ऐलान अभी नहीं हुआ है, जबकि WHO भी डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में इसके उपयोग की सिफारिश कर चुका है।
2. सिक्किम : निर्माणाधीन सुरंग पर लैंडस्लाइड से 7 मजदूरों की मौत, 20 अब भी फंसे; मीथेन गैस के बीच युद्धस्तर पर रेस्क्यू जारी
सिक्किम के नामची जिले के मामरिंग स्थित समरदुंग निर्माणाधीन सुरंग में सोमवार को लैंडस्लाइड होने से प्रवेश द्वार मलबे से बंद हो गया। प्रशासन के अनुसार सुरंग में फंसे 27 मजदूरों में से 7 की मौत हो गई, जबकि 20 मजदूरों को निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने सुरंग में मीथेन गैस की आशंका जताई है, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है और कुछ रेस्क्यूकर्मी बेहोश भी हुए। पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों के साथ विशेष टीम भी बुलाई गई है। यह सुरंग तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना के लिए बनाई जा रही है।
3. लखनऊ : 330 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेस-वे को आज मिल सकती है मंजूरी, प्रयागराज से सोनभद्र की दूरी आधे समय में होगी पूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह होने वाली कैबिनेट बैठक में प्रदेश के दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं को मंजूरी मिल सकती है। इनमें 330 किलोमीटर लंबा विंध्य एक्सप्रेस-वे और विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे शामिल हैं। प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेस-वे प्रयागराज के सोनवार क्षेत्र से शुरू होकर मिर्जापुर, भदोही, वाराणसी, चंदौली होते हुए सोनभद्र तक जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत 22,400 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके बनने से प्रयागराज से सोनभद्र की वर्तमान साढ़े छह घंटे की यात्रा घटकर करीब सवा तीन घंटे रह जाएगी। परियोजना से बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर संपर्क भी मजबूत होने की उम्मीद है।
4. अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में नई एसआईटी गठन की तैयारी, आईजी रेंज लखनऊ किरन एस को मिल सकती है जांच की जिम्मेदारी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार मंगलवार को नई एसआईटी के गठन का फैसला कर सकती है। सूत्रों के अनुसार नई एसआईटी की अध्यक्षता आईजी रेंज लखनऊ किरन एस को सौंपी जा सकती है, जबकि पूर्व एसआईटी के अध्यक्ष मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और विशेष सचिव वित्त नील रतन जांच टीम से बाहर होंगे। नई एसआईटी पुरानी जांच रिपोर्ट का अध्ययन करेगी, साथ ही नए तथ्यों की भी स्वतंत्र रूप से पड़ताल करेगी। सूत्रों के मुताबिक जांच जुलाई के अंत तक पूरी किए जाने का लक्ष्य है। इस बीच राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती भी दो शिफ्टों में दोबारा शुरू कर दी गई है और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नई निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
5. उत्तर प्रदेश : 63 जिलों में आज भारी से अतिभारी बारिश का अलर्ट, 60 जिलों में वज्रपात की चेतावनी; बरेली में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 18 जिलों में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 45 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कुल 63 जिलों में बारिश या अतिवृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि लगभग 60 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है। सोमवार को बरेली में 174 मिमी, लखीमपुर खीरी में 160 मिमी, रामपुर में 152 मिमी और शाहजहांपुर में 150.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा और बिजली गिरने की स्थिति बनी रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1. दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में मार्च कर रहे डिंपल यादव समेत 8 सपा सांसदों को पुलिस ने रोका, 2 घंटे बाद छोड़ा; यूपी में भी सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में सोमवार को संसद से जंतर-मंतर तक मार्च कर रहे सपा सांसद डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, इकरा हसन, प्रिया सरोज, रुचि वीरा समेत 8 सांसदों को दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर करीब 2 घंटे तक पार्लियामेंट थाने में बैठाए रखा। रिहाई के बाद डिंपल यादव ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ दुर्व्यवहार और बल प्रयोग के आरोप लगाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग की। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कार्रवाई की आलोचना की। दूसरी ओर यूपी के कई शहरों में सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। वाराणसी में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई, जबकि बीएचयू में छात्रों ने करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया।
2. कानपुर देहात : चलते रोटावेटर में फंसकर युवक के हुए कई टुकड़े, 5 घंटे बाद निकाला गया शव; पुलिस की कार्रवाई पर परिजनों ने लगाए आरोप
कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में सोमवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। गजनेर निवासी दिलशाद (26) कथित तौर पर चलते रोटावेटर में फंसी घास निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी मशीन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव मशीन में बुरी तरह फंस गया, जिसे निकालने के लिए मिस्त्री बुलाना पड़ा और करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद रोटावेटर खोलकर शव के अवशेष निकाले गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने जल्दबाजी में शव को बोरी में भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिवार को साथ नहीं जाने दिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है और शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
3. यूक्रेन : कार्गो जहाज पर हमले में 4 भारतीयों की मौत, भारत ने की कड़ी निंदा; यूक्रेन ने रूसी मिसाइल हमला होने का दावा किया
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए कार्गो जहाज MV Golden Leo पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है। विदेश मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए कारोबारी जहाजों और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने की कड़ी निंदा की तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। यूक्रेनी अधिकारियों ने दावा किया कि जहाज पर तीन रूसी क्रूज मिसाइलों से हमला हुआ, हालांकि रूस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। जहाज पर कुल 17 क्रू सदस्य थे, जिनमें पांच भारतीय शामिल थे। घटना के बाद ब्लैक सी क्षेत्र में समुद्री व्यापार और अनाज निर्यात को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
4. संसद : सरकार का दावा- E20 पेट्रोल से इंजन खराब होने का कोई प्रमाण नहीं, 23 करोड़ से अधिक वाहन बिना बड़ी समस्या के चल रहे
राज्यसभा में सरकार ने स्पष्ट किया कि 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित E20 पेट्रोल से इंजन खराब होने या बड़े पैमाने पर वाहन बंद होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि 20 करोड़ से अधिक दोपहिया और 3 करोड़ से ज्यादा पेट्रोल कारों के सर्विस डेटा के आधार पर यह निष्कर्ष निकला है। सरकार के अनुसार पुरानी E10 गाड़ियों में माइलेज 3 से 5 प्रतिशत तक कम हो सकता है, लेकिन इंजन को नुकसान की पुष्टि नहीं हुई। फिलहाल E20 से आगे एथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
5. नई दिल्ली : जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन फिर शुरू, संसद मार्च का ऐलान; धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार शाम पुलिस द्वारा जंतर-मंतर खाली कराए जाने के कुछ घंटे बाद फिर से प्रदर्शन शुरू कर दिया। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों के साथ दोबारा मंच बनाकर मंगलवार को भी संसद मार्च करने का ऐलान किया और कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। सोमवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार झड़प हुई। दिल्ली पुलिस के अनुसार 90 से 100 पुलिसकर्मी और 50 से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हुए। वहीं, सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने से इनकार किया है, जबकि उनकी स्वास्थ्य संबंधी याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई होनी है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. अंतरिक्ष इतिहास : इंसान ने पहली बार चंद्रमा पर रखा कदम
21 जुलाई 1969 को भारतीय समयानुसार अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग चंद्रमा पर कदम रखने वाले दुनिया के पहले इंसान बने। उनके इस ऐतिहासिक कदम ने अंतरिक्ष विज्ञान में नया अध्याय लिखा और पूरी दुनिया ने इसे मानव इतिहास की सबसे बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धियों में से एक माना।
2. भारत की पहली महिला राष्ट्रपति : प्रतिभा पाटिल की ऐतिहासिक जीत
21 जुलाई 2007 को राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे घोषित हुए, जिसमें प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने जीत दर्ज कर भारत की पहली महिला राष्ट्रपति बनने का इतिहास रचा। यह भारतीय लोकतंत्र और महिला नेतृत्व के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जाता है।
3. काशी विद्यापीठ को मिला विश्वविद्यालय का दर्जा
21 जुलाई 1963 को काशी विद्यापीठ को आधिकारिक रूप से विश्वविद्यालय का दर्जा मिला। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े इस प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ने देश को अनेक राजनेता, शिक्षाविद और समाजसेवी दिए हैं तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में इसकी महत्वपूर्ण पहचान रही है।