नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1. नई दिल्ली : भारत में पहली बार डेंगू वैक्सीन QDENGA को मंजूरी, 4 से 60 वर्ष तक के लोग बिना प्री-स्क्रीनिंग लगवा सकेंगे टीका
भारत में पहली बार डेंगू की वैक्सीन QDENGA (TAK-003) को ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने बाजार में उपयोग की मंजूरी दे दी है। जापानी कंपनी ताकेदा की इस वैक्सीन को 4 से 60 वर्ष तक के लोगों को बिना यह जांच कराए लगाया जा सकेगा कि उन्हें पहले डेंगू हुआ था या नहीं। वैक्सीन की दो डोज तीन महीने के अंतराल पर दी जाएंगी। कंपनी के अनुसार 19 वैश्विक क्लीनिकल ट्रायल में 28 हजार से अधिक लोगों पर इसका परीक्षण हुआ। 'मेक इन इंडिया' के तहत इसका उत्पादन हैदराबाद की बायोलॉजिकल ई कंपनी करेगी। कीमत का ऐलान अभी नहीं हुआ है, जबकि WHO भी डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में इसके उपयोग की सिफारिश कर चुका है।
2. सिक्किम : निर्माणाधीन सुरंग पर लैंडस्लाइड से 7 मजदूरों की मौत, 20 अब भी फंसे; मीथेन गैस के बीच युद्धस्तर पर रेस्क्यू जारी
सिक्किम के नामची जिले के मामरिंग स्थित समरदुंग निर्माणाधीन सुरंग में सोमवार को लैंडस्लाइड होने से प्रवेश द्वार मलबे से बंद हो गया। प्रशासन के अनुसार सुरंग में फंसे 27 मजदूरों में से 7 की मौत हो गई, जबकि 20 मजदूरों को निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने सुरंग में मीथेन गैस की आशंका जताई है, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है और कुछ रेस्क्यूकर्मी बेहोश भी हुए। पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों के साथ विशेष टीम भी बुलाई गई है। यह सुरंग तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना के लिए बनाई जा रही है।
3. देहरादून : ओपन एक्सेस से बिजली खरीदने वाले उद्योगों पर 88 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त सरचार्ज का प्रस्ताव, 7 अगस्त तक मांगी गई आपत्तियां
उत्तराखंड में खुले बाजार (ओपन एक्सेस) से बिजली खरीदने वाले उद्योगों की बिजली महंगी हो सकती है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने ऐसे उपभोक्ताओं पर 88 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त सरचार्ज लगाने का प्रस्ताव दिया है, जिसे उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (UERC) ने स्वीकार कर सार्वजनिक सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। प्रस्तावित व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू करने की तैयारी है। UPCL का दावा है कि बड़े उद्योगों द्वारा ओपन एक्सेस अपनाने से पहले से खरीदी गई बिजली का उपयोग नहीं हो पाता और निगम को स्थिर लागत का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ता है। आयोग ने 7 अगस्त तक हितधारकों से लिखित सुझाव आमंत्रित किए हैं।
4. बद्रीनाथ : दान चढ़ावा कथित गड़बड़ी मामले में BKTC ने जांच समिति को सौंपे वित्तीय रिकॉर्ड, गिनती कक्ष होगा हाईटेक; 45 दिन तक सुरक्षित रहेगी रिकॉर्डिंग
बद्रीनाथ धाम के दान चढ़ावा मामले की जांच के बीच बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) ने जांच समिति को सभी वित्तीय अभिलेख उपलब्ध करा दिए हैं। जांच एजेंसियां चढ़ावे की गिनती, बैंक जमा रिकॉर्ड, कैश बुक और सीसीटीवी फुटेज का मिलान कर कथित अनियमितताओं की जांच करेंगी। इसके साथ ही चढ़ावा गणना कक्ष को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। समिति के अनुसार धाम में एआई क्लाउड आधारित सीसीटीवी स्टोरेज सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे लगभग 45 दिन तक रिकॉर्डिंग सुरक्षित रहेगी और अधिकारियों को लाइव निगरानी की सुविधा मिलेगी। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
5. उत्तराखंड : भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित, बागेश्वर-उत्तरकाशी में स्कूल बंद; 150 से अधिक सड़कें बाधित, चारधाम यात्रा फिलहाल रोकी गई
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर के लिए भारी से अत्यंत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में भी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी है। एहतियातन बागेश्वर और उत्तरकाशी में मंगलवार को सभी सरकारी, निजी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे गए हैं। भूस्खलन और मलबा आने से 150 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं तथा देहरादून-मसूरी मार्ग भी प्रभावित है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी है और विभिन्न मार्गों पर फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1. संसद : लोकसभा में पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को भावभीनी श्रद्धांजलि, अध्यक्ष ओम बिरला बोले- सदन उन्हें हमेशा याद रखेगा
संसद के मानसून सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और गढ़वाल से पांच बार सांसद रहे मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि दी गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन उनके संसदीय योगदान और सार्वजनिक जीवन को हमेशा याद रखेगा। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने उन्हें अपना प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि खंडूरी ने सैनिक, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में अनुशासन, ईमानदारी और पारदर्शिता की मिसाल पेश की। उल्लेखनीय है कि 19 मई 2026 को 91 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ था और हरिद्वार में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था।
2. देहरादून : कैफे के बाहर युवक पर जानलेवा फायरिंग का आरोप, दोस्त के बुलाने पर पहुंचा था पीजी संचालक; पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित स्वास्तिक कैफे के बाहर पीजी संचालक सन्नी पर कथित तौर पर जानलेवा फायरिंग का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार 19 जुलाई की तड़के शुभम ने फोन कर उन्हें मिलने बुलाया, जहां पहले गाली-गलौज हुई और फिर कथित रूप से पिस्टल से गोली चलाई गई। पीड़ित के दोस्तों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई, जबकि दूसरी बार फायरिंग का प्रयास मिसफायर होने के कारण असफल रहा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शुभम और युवराज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
3. यूक्रेन : कार्गो जहाज पर हमले में 4 भारतीयों की मौत, भारत ने की कड़ी निंदा; यूक्रेन ने रूसी मिसाइल हमला होने का दावा किया
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए कार्गो जहाज MV Golden Leo पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है। विदेश मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए कारोबारी जहाजों और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने की कड़ी निंदा की तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। यूक्रेनी अधिकारियों ने दावा किया कि जहाज पर तीन रूसी क्रूज मिसाइलों से हमला हुआ, हालांकि रूस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। जहाज पर कुल 17 क्रू सदस्य थे, जिनमें पांच भारतीय शामिल थे। घटना के बाद ब्लैक सी क्षेत्र में समुद्री व्यापार और अनाज निर्यात को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
4. संसद : सरकार का दावा- E20 पेट्रोल से इंजन खराब होने का कोई प्रमाण नहीं, 23 करोड़ से अधिक वाहन बिना बड़ी समस्या के चल रहे
राज्यसभा में सरकार ने स्पष्ट किया कि 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित E20 पेट्रोल से इंजन खराब होने या बड़े पैमाने पर वाहन बंद होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि 20 करोड़ से अधिक दोपहिया और 3 करोड़ से ज्यादा पेट्रोल कारों के सर्विस डेटा के आधार पर यह निष्कर्ष निकला है। सरकार के अनुसार पुरानी E10 गाड़ियों में माइलेज 3 से 5 प्रतिशत तक कम हो सकता है, लेकिन इंजन को नुकसान की पुष्टि नहीं हुई। फिलहाल E20 से आगे एथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
5. नई दिल्ली : जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन फिर शुरू, संसद मार्च का ऐलान; धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार शाम पुलिस द्वारा जंतर-मंतर खाली कराए जाने के कुछ घंटे बाद फिर से प्रदर्शन शुरू कर दिया। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों के साथ दोबारा मंच बनाकर मंगलवार को भी संसद मार्च करने का ऐलान किया और कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। सोमवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार झड़प हुई। दिल्ली पुलिस के अनुसार 90 से 100 पुलिसकर्मी और 50 से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हुए। वहीं, सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने से इनकार किया है, जबकि उनकी स्वास्थ्य संबंधी याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई होनी है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. अंतरिक्ष इतिहास : इंसान ने पहली बार चंद्रमा पर रखा कदम
21 जुलाई 1969 को भारतीय समयानुसार अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग चंद्रमा पर कदम रखने वाले दुनिया के पहले इंसान बने। उनके इस ऐतिहासिक कदम ने अंतरिक्ष विज्ञान में नया अध्याय लिखा और पूरी दुनिया ने इसे मानव इतिहास की सबसे बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धियों में से एक माना।
2. भारत की पहली महिला राष्ट्रपति : प्रतिभा पाटिल की ऐतिहासिक जीत
21 जुलाई 2007 को राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे घोषित हुए, जिसमें प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने जीत दर्ज कर भारत की पहली महिला राष्ट्रपति बनने का इतिहास रचा। यह भारतीय लोकतंत्र और महिला नेतृत्व के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जाता है।
3. काशी विद्यापीठ को मिला विश्वविद्यालय का दर्जा
21 जुलाई 1963 को काशी विद्यापीठ को आधिकारिक रूप से विश्वविद्यालय का दर्जा मिला। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े इस प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ने देश को अनेक राजनेता, शिक्षाविद और समाजसेवी दिए हैं तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में इसकी महत्वपूर्ण पहचान रही है।