नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- नई दिल्ली : संसद का मानसून सत्र आज से शुरू, NEET पेपर लीक, SIR, महंगाई और राम मंदिर चढ़ावा मामले पर विपक्ष के हंगामे के आसार
संसद का मानसून सत्र आज 20 जुलाई से शुरू हो रहा है और इसकी शुरुआत हंगामेदार रहने की संभावना है। विपक्ष NEET-UG पेपर लीक, सोनम वांगचुक के अनशन, स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR), महंगाई और अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। सरकार इस सत्र में 7 विधेयक पेश करेगी। लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने वाला संशोधन विधेयक पेश होगा, जबकि राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक पेश करेंगे, जिसमें 'वंदे मातरम्' को भी कानूनी संरक्षण देने का प्रावधान शामिल है। यह सत्र 13 अगस्त तक चलेगा।
2- नई दिल्ली : जंतर-मंतर से संसद मार्च की तैयारी, 10 हजार प्रदर्शनकारी जुटे; बैरिकेडिंग टूटी, सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने की रखीं तीन शर्तें
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जंतर-मंतर पर करीब 10 हजार प्रदर्शनकारी जुटे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने संसद मार्च का ऐलान किया है, हालांकि दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी है और सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुबह प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़ने की घटना भी सामने आई, हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रित कर ली गई। उधर, 23 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने के लिए तीन शर्तें रखीं। उन्होंने सरकार से शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक की जिम्मेदारी स्वीकार करने तथा प्रतिनिधिमंडल को संसद में अपनी बात रखने का अवसर देने की मांग की है।
3- उत्तर प्रदेश : मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; काशी में गंगा उफान पर, 24 घंटे में सात लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली समेत कई जिलों में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में वर्षा का अलर्ट जारी किया है, जबकि अधिकांश जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण वाराणसी और प्रयागराज में गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई घाट जलमग्न हो गए हैं तथा काशी के करीब 40 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है। बलिया और लखीमपुर में नदी किनारे कटान तेज हो गया है। पिछले 24 घंटे में बारिश और आकाशीय बिजली से प्रदेश में सात लोगों की मौत की सूचना है। मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
4- मुजफ्फरनगर : लगातार बारिश से कच्चा मकान ढहा, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत; दो बच्चियां घायल, मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता का ऐलान
मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में रविवार रात लगातार बारिश के बीच कच्चा मकान ढहने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से 60 वर्षीय इस्लामुद्दीन और उनके चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां घायल हो गईं। घटना के समय परिवार के सात सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। सूचना पर पुलिस, प्रशासन और राहत दल ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
5- मेरठ : पति की हत्या के मामले में जेल में बंद दामिनी ने प्रेमी से मिलने की जताई इच्छा, जेल नियमों के चलते मुलाकात से किया गया इनकार
मेरठ जिला जेल में बंद स्कूल संचालक अतुल की हत्या की आरोपी दामिनी कथित तौर पर जेल पहुंचने के बाद लगातार अपने प्रेमी तुषार से मिलने की मांग कर रही है। जेल प्रशासन के अनुसार दामिनी ने कई बार मुलाकात कराने का अनुरोध किया, लेकिन जेल नियमावली के तहत केवल परिजनों या पति-पत्नी की मुलाकात ही संभव होने के कारण इसकी अनुमति नहीं दी गई। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि दामिनी, तुषार समेत सभी नए बंदियों को नियमानुसार 10 दिन तक अलग बैरक में रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें पुरानी बैरकों में शिफ्ट किया जाएगा। मामले की न्यायिक प्रक्रिया जारी है और आरोपों पर अंतिम निर्णय अदालत द्वारा किया जाएगा।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- लखनऊ : जौहर यूनिवर्सिटी बचाने की मुहिम में उतरे अखिलेश यादव, भाजपा पर बदले की राजनीति का आरोप; छात्रों और अभिभावकों के नाम लिखा खुला पत्र
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की मुहिम का खुलकर समर्थन करते हुए छात्रों और उनके अभिभावकों के नाम खुला पत्र जारी किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर कथित तौर पर बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया और कहा कि यदि भवनों में कागजी कमियां हैं तो उन्हें पूरा कराकर विश्वविद्यालय को बचाया जाए। गौरतलब है कि रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवनों को अवैध बताते हुए 15 जुलाई को ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया था और 15 दिन का समय दिया है। अखिलेश ने दावा किया कि शिक्षा संस्थान को राजनीति का शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए।
2- प्रयागराज : घरेलू विवाद के बाद पति ने यमुना पुल से लगाई छलांग, पत्नी भी कूदी; युवक की मौत, महिला को नाविकों ने बचाया
प्रयागराज के कीडगंज क्षेत्र में रविवार शाम घरेलू विवाद के बाद दर्दनाक घटना सामने आई। नेवादा निवासी सब्जी विक्रेता आकाश सोनकर ने नए यमुना पुल से नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि उसने पहले फोन पर पत्नी मुस्कान को आत्महत्या करने की बात कही थी। पति के कूदने की जानकारी मिलने पर मुस्कान भी पुल से नदी में कूद गई, लेकिन मौके पर मौजूद नाविकों और गोताखोरों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है और हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आकाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
3- भोपाल : मध्य प्रदेश कैबिनेट ने UCC विधेयक-2026 को दी मंजूरी, विधानसभा सत्र में पेश करने की तैयारी
मध्य प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में UCC विधेयक-2026 के मसौदे को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। अब इसे विधानसभा के मौजूदा सत्र में पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि समानता भारतीय संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड आजादी के बाद UCC लागू करने वाला पहला राज्य है, जबकि गुजरात और असम में भी UCC विधेयक पारित हो चुका है। अब मध्य प्रदेश इस दिशा में आगे बढ़ने वाला अगला प्रमुख राज्य बन गया है।
4- अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, SIT ने सीलबंद लिफाफे में सौंपी स्टेटस रिपोर्ट
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में अदालत में दाखिल कर दी है। यह मामला चढ़ावा चोरी से जुड़ी चार याचिकाओं से संबंधित है। दूसरी ओर, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच, खातों को सार्वजनिक करने और दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। वहीं, पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष को जेल भेज दिया गया है।
5- नई दिल्ली : बिना अनुमति सर्विस चार्ज वसूलने पर CCPA का बड़ा एक्शन, 41 रेस्तरां पर कार्रवाई; ग्राहकों को रिफंड का आदेश
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने ग्राहकों की अनुमति के बिना बिल में सर्विस चार्ज जोड़ने के मामले में देशभर के 41 रेस्तरां के खिलाफ कार्रवाई की है। उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने स्पष्ट किया कि सर्विस चार्ज पूरी तरह स्वैच्छिक है और इसे अनिवार्य रूप से वसूलना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है। चायोस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है तथा प्रभावित ग्राहकों को वसूली गई राशि लौटाने के निर्देश दिए गए हैं। CCPA ने संबंधित रेस्तरां को अपने बिलिंग सिस्टम में बदलाव करने और भविष्य में स्वतः सर्विस चार्ज जोड़ने पर रोक लगाने का भी आदेश दिया है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. बंगाल विभाजन का ऐतिहासिक फैसला (1905)
20 जुलाई 1905 को भारत के तत्कालीन वायसराय लॉर्ड कर्जन ने बंगाल विभाजन की आधिकारिक घोषणा की थी। अंग्रेजों ने प्रशासनिक सुविधा का बहाना बनाकर इसे लागू किया, लेकिन इसका असली मकसद भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और हिंदू-मुस्लिम एकता को तोड़ना था। इस फैसले के विरोध में देशभर में विशाल 'स्वदेशी आंदोलन' की शुरुआत हुई थी।
2. इंसान ने चांद पर पहली बार रखा कदम (1969)
20 जुलाई 1969 को अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के 'अपोलो 11' मिशन के जरिए इंसान ने पहली बार चंद्रमा की सतह पर कदम रखा। एस्ट्रोनॉट नील आर्मस्ट्रांग चांद पर चलने वाले पहले व्यक्ति बने थे। इस ऐतिहासिक क्षण ने पूरी दुनिया के विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान का ढांचा हमेशा के लिए बदल दिया।
3. एवरेस्ट विजेता सर एडमंड हिलेरी का जन्म (1919)
दुनिया की सबसे ऊंची चोटी 'माउंट एवरेस्ट' को सबसे पहले फतह करने वाले महान पर्वतारोही सर एडमंड हिलेरी का जन्म 20 जुलाई 1919 को हुआ था। उन्होंने 1953 में भारतीय-नेपाली मूल के शेरपा तेनजिंग नोर्गे के साथ मिलकर एवरेस्ट की चढ़ाई पूरी की थी, जो खेल और एडवेंचर के इतिहास में एक अमर रिकॉर्ड दर्ज हुआ।