नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- नई दिल्ली : संसद का मानसून सत्र आज से शुरू, NEET पेपर लीक, SIR, महंगाई और राम मंदिर चढ़ावा मामले पर विपक्ष के हंगामे के आसार
संसद का मानसून सत्र आज 20 जुलाई से शुरू हो रहा है और इसकी शुरुआत हंगामेदार रहने की संभावना है। विपक्ष NEET-UG पेपर लीक, सोनम वांगचुक के अनशन, स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR), महंगाई और अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। सरकार इस सत्र में 7 विधेयक पेश करेगी। लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने वाला संशोधन विधेयक पेश होगा, जबकि राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक पेश करेंगे, जिसमें 'वंदे मातरम्' को भी कानूनी संरक्षण देने का प्रावधान शामिल है। यह सत्र 13 अगस्त तक चलेगा।
2- नई दिल्ली : जंतर-मंतर से संसद मार्च की तैयारी, 10 हजार प्रदर्शनकारी जुटे; बैरिकेडिंग टूटी, सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने की रखीं तीन शर्तें
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जंतर-मंतर पर करीब 10 हजार प्रदर्शनकारी जुटे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने संसद मार्च का ऐलान किया है, हालांकि दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी है और सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुबह प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़ने की घटना भी सामने आई, हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रित कर ली गई। उधर, 23 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने के लिए तीन शर्तें रखीं। उन्होंने सरकार से शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक की जिम्मेदारी स्वीकार करने तथा प्रतिनिधिमंडल को संसद में अपनी बात रखने का अवसर देने की मांग की है।
3- नैनीताल : धार्मिक स्थलों पर तेज आवाज वाले लाउडस्पीकरों के खिलाफ पुलिस का अभियान, 10 लाउडस्पीकर और एक एम्पलीफायर सीज
ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर जांच की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 लाउडस्पीकर और एक एम्पलीफायर सीज किए गए, जबकि दो मामलों में चालान भी किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय, उत्तराखंड हाईकोर्ट और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति या निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर बजाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
4- उत्तराखंड : अनुरोध आधारित शिक्षक तबादलों के लिए आज अंतिम दिन, शाम 5 बजे तक आवेदन और पोर्टल एंट्री अनिवार्य
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा विभाग में अनुरोध (रिक्वेस्ट) के आधार पर स्थानांतरण चाहने वाले शिक्षकों के लिए आज अंतिम अवसर है। विभाग के निर्देशानुसार इच्छुक प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता और एलटी संवर्ग के सहायक अध्यापक आज शाम 5 बजे तक संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन के साथ विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन विवरण दर्ज करना भी अनिवार्य किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक शिक्षक का आवेदन केवल एक ही स्थानांतरण श्रेणी में मान्य होगा। सभी सत्यापित आवेदन 24 जुलाई तक मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) को भेजे जाएंगे।
5- नैनीताल-हल्द्वानी : 26 साल बाद नैनीताल से शिफ्ट होगा उत्तराखंड हाईकोर्ट, नए परिसर के लिए हल्द्वानी में जमीन चयन की प्रक्रिया तेज
उत्तराखंड हाईकोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरित करने की प्रक्रिया अब तेज होने की संभावना है। सुप्रीम कोर्ट से नए परिसर के लिए रास्ता साफ होने के बाद राज्य सरकार गौलापार और बेलबाबा क्षेत्र में भूमि चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। वर्ष 1900 में बनी ऐतिहासिक इमारत से वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद हाईकोर्ट की न्यायिक यात्रा शुरू हुई थी। प्रस्तावित नए परिसर में आधुनिक न्यायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। हालांकि अंतिम स्थान का निर्णय अभी शेष है। माना जा रहा है कि शिफ्टिंग से हल्द्वानी में न्यायिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जबकि नैनीताल की स्थानीय अर्थव्यवस्था और 'हाईकोर्ट सिटी' की पहचान पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- उत्तराखंड : भारी बारिश से जनजीवन बेहाल, सभी जिलों में स्कूल बंद; केदारनाथ-बद्रीनाथ हाईवे पर भूस्खलन, कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी
उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में रेड अलर्ट, जबकि कई अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर राज्य के सभी जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र आज बंद रखे गए हैं। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ हाईवे और चमोली में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन के कारण प्रभावित हुए, हालांकि कुछ स्थानों पर मार्ग बाद में खोल दिया गया। देहरादून में अस्थायी पुल बह गया, रिस्पना और बिंदाल नदियां उफान पर हैं, जबकि चंपावत में कार खाई में गिरने से चार लोग घायल हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
2- बद्रीनाथ : चढ़ावा चोरी मामले में SIT ने 32 दिन की गायब CCTV फुटेज की रिकवर, तीन साल के रिकॉर्ड से होगा मिलान; नए खुलासों के संकेत
बद्रीनाथ धाम के कथित करोड़ों रुपये के चढ़ावा चोरी मामले की जांच निर्णायक चरण में पहुंच गई है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने पहले गायब हुई 32 दिन की CCTV फुटेज रिकवर कर ली है और अब उसका पिछले तीन वर्षों के खजाना रिकॉर्ड से मिलान किया जा रहा है। जांच एजेंसी के अनुसार पहले मिली 13 दिन की फुटेज में कुछ कर्मचारी नोटों के बंडल ले जाते दिखाई दिए थे, जिनसे दोबारा पूछताछ की तैयारी है। मामले में मंदिर समिति के पूर्व व्यवस्थापक सहायक प्रमोद नौटियाल सहित कुछ आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) ने चढ़ावे की गणना प्रक्रिया में सुरक्षा बढ़ाते हुए हाईटेक CCTV, खाली जेब और बिना मोबाइल प्रवेश जैसे नए नियम लागू करने का निर्णय लिया है।
3- भोपाल : मध्य प्रदेश कैबिनेट ने UCC विधेयक-2026 को दी मंजूरी, विधानसभा सत्र में पेश करने की तैयारी
मध्य प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में UCC विधेयक-2026 के मसौदे को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। अब इसे विधानसभा के मौजूदा सत्र में पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि समानता भारतीय संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड आजादी के बाद UCC लागू करने वाला पहला राज्य है, जबकि गुजरात और असम में भी UCC विधेयक पारित हो चुका है। अब मध्य प्रदेश इस दिशा में आगे बढ़ने वाला अगला प्रमुख राज्य बन गया है।
4- अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, SIT ने सीलबंद लिफाफे में सौंपी स्टेटस रिपोर्ट
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में अदालत में दाखिल कर दी है। यह मामला चढ़ावा चोरी से जुड़ी चार याचिकाओं से संबंधित है। दूसरी ओर, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच, खातों को सार्वजनिक करने और दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। वहीं, पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष को जेल भेज दिया गया है।
5- नई दिल्ली : बिना अनुमति सर्विस चार्ज वसूलने पर CCPA का बड़ा एक्शन, 41 रेस्तरां पर कार्रवाई; ग्राहकों को रिफंड का आदेश
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने ग्राहकों की अनुमति के बिना बिल में सर्विस चार्ज जोड़ने के मामले में देशभर के 41 रेस्तरां के खिलाफ कार्रवाई की है। उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने स्पष्ट किया कि सर्विस चार्ज पूरी तरह स्वैच्छिक है और इसे अनिवार्य रूप से वसूलना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है। चायोस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है तथा प्रभावित ग्राहकों को वसूली गई राशि लौटाने के निर्देश दिए गए हैं। CCPA ने संबंधित रेस्तरां को अपने बिलिंग सिस्टम में बदलाव करने और भविष्य में स्वतः सर्विस चार्ज जोड़ने पर रोक लगाने का भी आदेश दिया है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. बंगाल विभाजन का ऐतिहासिक फैसला (1905)
20 जुलाई 1905 को भारत के तत्कालीन वायसराय लॉर्ड कर्जन ने बंगाल विभाजन की आधिकारिक घोषणा की थी। अंग्रेजों ने प्रशासनिक सुविधा का बहाना बनाकर इसे लागू किया, लेकिन इसका असली मकसद भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और हिंदू-मुस्लिम एकता को तोड़ना था। इस फैसले के विरोध में देशभर में विशाल 'स्वदेशी आंदोलन' की शुरुआत हुई थी।
2. इंसान ने चांद पर पहली बार रखा कदम (1969)
20 जुलाई 1969 को अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के 'अपोलो 11' मिशन के जरिए इंसान ने पहली बार चंद्रमा की सतह पर कदम रखा। एस्ट्रोनॉट नील आर्मस्ट्रांग चांद पर चलने वाले पहले व्यक्ति बने थे। इस ऐतिहासिक क्षण ने पूरी दुनिया के विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान का ढांचा हमेशा के लिए बदल दिया।
3. एवरेस्ट विजेता सर एडमंड हिलेरी का जन्म (1919)
दुनिया की सबसे ऊंची चोटी 'माउंट एवरेस्ट' को सबसे पहले फतह करने वाले महान पर्वतारोही सर एडमंड हिलेरी का जन्म 20 जुलाई 1919 को हुआ था। उन्होंने 1953 में भारतीय-नेपाली मूल के शेरपा तेनजिंग नोर्गे के साथ मिलकर एवरेस्ट की चढ़ाई पूरी की थी, जो खेल और एडवेंचर के इतिहास में एक अमर रिकॉर्ड दर्ज हुआ।