नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- लद्दाख : 30 साल बाद माउंट एवरेस्ट से लौटेगा भारतीय जवान का पार्थिव शरीर, 'ग्रीन बूट्स' की पहचान DNA टेस्ट से लांस नायक दोरजे मोरुप के रूप में हुई
माउंट एवरेस्ट के 26,247 फीट ऊंचे 'डेथ जोन' में 1996 से बर्फ में दबा भारतीय पर्वतारोही का शव, जिसे दुनिया 'ग्रीन बूट्स' के नाम से जानती थी, DNA जांच में लांस नायक दोरजे मोरुप का निकला। दोरजे 10 मई 1996 को आईटीबीपी के शेवांग पाल्जोर और सूबेदार शेवांग समनला के साथ एवरेस्ट अभियान के दौरान बर्फीले तूफान में लापता हो गए थे। अत्यधिक ऊंचाई और ऑक्सीजन की कमी के कारण अब तक शव निकालना संभव नहीं हो सका था। अब अक्टूबर 2026 तक पार्थिव शरीर लद्दाख स्थित परिवार को सौंपे जाने की तैयारी है। उनकी 75 वर्षीय पत्नी ने पति को अंतिम बार देखने की इच्छा जताई है।
2- अमेरिका : ट्रम्प प्रशासन के निशाने पर 18 हजार भारतीय, बिना दस्तावेज वाले प्रवासियों को अपील या वकील का मौका नहीं मिलने का दावा
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन कथित तौर पर बड़े स्तर पर डिपोर्टेशन अभियान की तैयारी कर रहा है, जिसमें करीब 18 हजार अनडॉक्युमेंटेड भारतीय शामिल हो सकते हैं। रिपोर्टों के अनुसार, कार्रवाई के लिए सैन्य विमानों और नए डिटेंशन सेंटरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इमिग्रेशन मामलों से जुड़े वकीलों का दावा है कि पहले जहां सुनवाई का अवसर मिलता था, वहीं अब कई मामलों में सीधे डिटेंशन सेंटर भेजा जा रहा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार 2025 में 3,567 भारतीय और 2026 में जून तक 1,076 भारतीयों को अमेरिका से डिपोर्ट किया जा चुका है।
3- हरिद्वार : खेत में काम कर रहे दो ग्रामीणों पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर दोनों की मौत; प्रशासन ने शुरू की सहायता प्रक्रिया
हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र स्थित डालूवाला गांव में शनिवार शाम खेत में काम कर रहे दो ग्रामीणों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मौसम अचानक खराब होने के दौरान दोनों बिजली की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैन्तुरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को निर्धारित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
4- विकासनगर : 10 इंच की नाली के पाइप में फंसे 6 वर्षीय मासूम की मौत, सड़क निर्माण में लापरवाही के आरोप पर परिजनों का हंगामा
देहरादून के विकासनगर क्षेत्र की नवाबगढ़ खादर बस्ती में शनिवार को बारिश के दौरान खेल रहा 6 वर्षीय अरमान नाली के 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया। स्थानीय लोगों ने जेसीबी से पाइप तोड़कर करीब आधे घंटे बाद बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
5- देहरादून : सोशल मीडिया पर 'नकारात्मक नैरेटिव' का जवाब देने के लिए RSS तैयार कर रहा विशेष टीम, स्वयंसेवकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) सोशल मीडिया पर सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने के लिए दक्ष स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैयार कर रहा है। संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख संजय कुमार के अनुसार, देहरादून में विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। इस पहल का उद्देश्य सोशल मीडिया पर फैलने वाले कथित नकारात्मक प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देना और संगठन के सेवा कार्यों व विचारों को अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाना है। प्रशिक्षण में कंटेंट निर्माण, प्रसार और प्रतिक्रिया प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं। संघ का कहना है कि यह पहल डिजिटल माध्यमों पर सकारात्मक और तथ्य आधारित संवाद को मजबूत करने के लिए की जा रही है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- बागेश्वर : वेतन विवाद में प्रभारी प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या, स्कूल के वरिष्ठ सहायक को पुलिस ने कुछ घंटों में गिरफ्तार किया
उत्तराखंड के बागेश्वर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की शनिवार सुबह स्कूल जाते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, विद्यालय के वरिष्ठ सहायक (क्लर्क) नवल किशोर सोराड़ी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का करीब चार महीने से वेतन रुका हुआ था और उसने कथित तौर पर एक दिन पहले खंड शिक्षा अधिकारी को वेतन जारी न होने पर मारपीट की धमकी भी दी थी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
2- बद्रीनाथ : चढ़ावा हेराफेरी जांच 'कुबेर के खजाने' तक पहुंची, SIT ने तीन साल का रिकॉर्ड तलब कर सोना-चांदी और नकदी के मिलान की प्रक्रिया शुरू की
बद्रीनाथ धाम में कथित चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच अब मंदिर के 'कुबेर के खजाने' तक पहुंच गई है। एसआईटी ने बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) से पिछले तीन वर्षों का रिकॉर्ड मांगा है और 26 दानपात्रों से प्राप्त नकदी, सोना, चांदी तथा अन्य बहुमूल्य आभूषणों का अभिलेखों से मिलान कराया जाएगा। इसके लिए विशेष लेखाकार भी नियुक्त किया गया है। मामले में अब तक दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और एक कर्मचारी को पद से हटाया गया है। जांच के दौरान CCTV फुटेज, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है, जबकि कुछ दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
3- संसद : TMC के 20 बागी सांसद और उद्धव गुट के 6 सांसद अलग बैठेंगे, लोकसभा स्पीकर की मंजूरी से NDA का संख्या बल बढ़ा
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने तृणमूल कांग्रेस छोड़ने वाले 20 बागी सांसदों तथा उद्धव ठाकरे गुट छोड़कर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए 6 सांसदों को अलग बैठने की मंजूरी दे दी है। मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और नई व्यवस्था इसी सत्र से लागू रहेगी। बागी टीएमसी सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय किया है। इन राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद लोकसभा में NDA का संख्या बल बढ़कर 318 पहुंच गया है, हालांकि संविधान संशोधन के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत से गठबंधन अभी भी पीछे है।
4- मौसम : जम्मू-कश्मीर में बादल फटने और फ्लैश फ्लड से 4 मौतें, उत्तराखंड में भूस्खलन; यूपी-बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
देशभर में मानसून दोबारा सक्रिय होने के बीच जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के लापता होने की सूचना है। राजौरी में फ्लैश फ्लड से करीब 200 से 250 वाहन बह गए। किश्तवाड़ में भी बादल फटने से घरों और खेतों को नुकसान पहुंचा है। उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की सेवा रोकी गई है और कैलाश-मानसरोवर यात्रा का एक दल भी रोक दिया गया। मौसम विभाग ने रविवार को उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
5- नई दिल्ली : सोनम वांगचुक की पत्नी हाईकोर्ट पहुंचीं, निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग; 22वें दिन भी भूख हड़ताल जारी
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर उन्हें सफदरजंग अस्पताल से निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग की है। उनका आरोप है कि मौजूदा स्थिति गैरकानूनी हिरासत जैसी है। शनिवार को दिल्ली पुलिस वांगचुक को जंतर-मंतर से अस्पताल लेकर गई थी। रविवार को उनकी भूख हड़ताल का 22वां दिन है और उन्होंने ड्रिप, ओआरएस तथा दवाएं लेने से भी इनकार किया है। दूसरी ओर CJP ने 20 जुलाई को संसद मार्च का आह्वान किया है, जबकि दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इसकी अनुमति देने से इनकार किया है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. मंगल पांडे का जन्म: आजादी की पहली चिंगारी
19 जुलाई 1827 को भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे का जन्म हुआ था। उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी थी। ब्रिटिश सेना के खिलाफ उनके विद्रोह ने पूरे देश में आजादी की ऐसी अलख जगाई, जिसने आगे चलकर अंग्रेजी हुकूमत को हिला कर रख दिया।
2. 14 बड़े बैंकों का राष्ट्रीयकरण: देश की अर्थव्यवस्था का ऐतिहासिक फैसला
साल 1969 में आज ही के दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश के 14 बड़े निजी बैंकों का राष्ट्रीयकरण (Nationalisation) करने का ऐतिहासिक फैसला लिया था। इस कदम के बाद बैंकिंग व्यवस्था आम जनता, किसानों और ग्रामीण इलाकों तक पहुंची, जिससे देश की अर्थव्यवस्था का चेहरा हमेशा के लिए बदल गया।
3. शहीद उधम सिंह की अस्थियां: लंदन से भारत वापसी का भावुक पल
19 जुलाई 1974 को महान क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह की अस्थियों को ब्रिटेन से वापस भारत (नई दिल्ली) लाया गया था। जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेने वाले उधम सिंह को लंदन में फांसी दी गई थी, और आजादी के सालों बाद उनकी अस्थियों को पूरे सम्मान के साथ उनके देश वापस लाया गया।