लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : NEET UG 2026 में OBC वर्ग का दबदबा; 21 दिन की भूख हड़ताल के बाद पुलिस सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई; मुख्य चुनाव आयुक्त का स्पष्ट संकेत- यूपी विधानसभा चुनाव तय समय पर होंगे

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।


🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


1. नई दिल्ली : NEET UG 2026 में OBC वर्ग का दबदबा, करीब हर दूसरा सफल अभ्यर्थी OBC से; 2027 से परीक्षा ऑनलाइन होगी
NEET UG 2026 के नतीजों में सामाजिक-शैक्षणिक रुझानों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। NTA के अनुसार, क्वालिफाई करने वाले छात्रों में 45.7% OBC वर्ग से हैं, जबकि सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी 26% रही। इस वर्ष करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 11.21 लाख मेडिकल, डेंटल, AYUSH समेत अन्य पाठ्यक्रमों के लिए सफल हुए। 2020-21 के बाद पहली बार कोई भी छात्र 720 में 720 अंक नहीं ला सका। वहीं, 2019 के बाद EWS और SC वर्ग के परीक्षार्थियों की संख्या में सबसे तेज वृद्धि दर्ज की गई। पेपर लीक के बाद दोबारा हुई परीक्षा के बीच केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि वर्ष 2027 से NEET-UG कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी।


2. नई दिल्ली : 21 दिन की भूख हड़ताल के बाद पुलिस सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई, जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को भी हटाया गया
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और कथित पेपर लीक मामले की जांच की मांग को लेकर 28 जून से आमरण अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह पुलिस सफदरजंग अस्पताल ले गई। इस दौरान जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें वहां से हटाना शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार वांगचुक का वजन 9.5 किलोग्राम से अधिक घट चुका है और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार को निर्देश दिया था कि उनका प्रतिदिन मेडिकल परीक्षण कराया जाए तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जाए।


3. लखनऊ : मुख्य चुनाव आयुक्त का स्पष्ट संकेत- यूपी विधानसभा चुनाव तय समय पर होंगे, जरूरत पड़ी तो जनगणना का कार्यक्रम बदलेगा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव संवैधानिक प्रक्रिया है, जबकि जनगणना कानूनी प्रक्रिया है। ऐसे में आवश्यकता पड़ने पर जनगणना के कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है, लेकिन चुनाव समय पर होंगे। उन्होंने बताया कि 22 मई 2027 से पहले विधानसभा चुनाव संपन्न करा दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के दौरान यदि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में पारिवारिक संबंधों से जुड़ी कोई त्रुटि सामने आती है तो शिकायत मिलने पर उसे भी सुधारा जाएगा। हालांकि मतदान प्रक्रिया में सीसीटीवी निगरानी की संभावना से उन्होंने निजता का हवाला देते हुए इनकार किया।


4. उत्तर प्रदेश : मानसून ने पकड़ी रफ्तार, गोरखपुर में सड़कें जलमग्न; 31 शहरों में बारिश-बिजली का अलर्ट, नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में शनिवार सुबह से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। गोरखपुर, बरेली समेत कई जिलों में तेज बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और कई स्थानों पर वाहन पानी में फंस गए। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से ललिता घाट की आरती का स्थान बदला गया, जबकि प्रतापगढ़ में एसपी कार्यालय में पानी भर गया। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 31 शहरों में गरज-चमक, तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम के कारण अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। सरयू और गंगा समेत कई नदियां भी उफान पर हैं, जिससे कई जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।


5. मेरठ : प्रेम प्रसंग के चलते पति की कथित हत्या का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी और प्रेमी पर सांप से डसवाने की साजिश रचने का आरोप
मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में स्कूल संचालक अतुल कुमार (32) की मौत के मामले में पुलिस ने पत्नी दामिनी और उसके कथित प्रेमी तुषार को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दावा किया गया है कि दोनों ने प्रेम संबंध और 20 लाख रुपये की बीमा राशि हासिल करने के उद्देश्य से हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियां दी गईं, फिर सपेरों की मदद से जहरीले सांप से डसवाया गया। शुरुआत में घटना को हादसा माना गया, लेकिन पूछताछ, कॉल डिटेल, सीसीटीवी और मोबाइल से मिले कथित साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या की साजिश की ओर मुड़ गया। पुलिस मामले में सपेरों समेत अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1. अयोध्या : चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच के बीच चंपत राय पहली बार करेंगे चातुर्मास, रामलला की शरण में चार माह तक साधना व मंत्र जाप

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने चढ़ावा चोरी प्रकरण की एसआईटी जांच के बीच पहली बार अयोध्या में चातुर्मास करने का निर्णय लिया है। धार्मिक परंपरा के अनुसार 25 जुलाई से 21 नवंबर (देवउठनी एकादशी) तक वह अयोध्या में रहकर साधना, मंत्र जाप, रामचरितमानस का पाठ और सात्विक जीवनचर्या का पालन करेंगे। उधर, राम मंदिर परिसर में 15 जुलाई से नौ दिवसीय प्रायश्चित पूजन जारी है, जिसमें 70 वैदिक आचार्य भगवान श्रीराम से क्षमा-याचना और परिसर के शुद्धिकरण के लिए अनुष्ठान कर रहे हैं। वहीं, एसआईटी ने चढ़ावा गणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नियमित बैंक कर्मचारियों की तैनाती सहित कई सिफारिशें की हैं।


2. गाजीपुर : मंत्री ओपी राजभर का विवादित दावा- 2026 की अधिकांश आपराधिक घटनाओं में यादव और मुस्लिम शामिल; बयान पर सियासत तेज
उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गाजीपुर के कासिमाबाद में आयोजित एनडीए चौपाल के दौरान दावा किया कि वर्ष 2026 में प्रदेश में हुई अधिकांश आपराधिक घटनाओं में यादव और मुस्लिम समाज के लोग शामिल रहे हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष की आलोचना की। राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। वहीं शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर, कैराना और गाजियाबाद की जनसभाओं में अपराध, कानून-व्यवस्था, कांवड़ यात्रा और विकास परियोजनाओं को लेकर विपक्ष पर हमला बोलते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।


3. श्रीहरिकोटा : भारत का पहला निजी ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ आज होगा लॉन्च, 450 किमी कक्षा में पहुंचाएगा पेलोड

हैदराबाद स्थित स्काईरूट एयरोस्पेस शनिवार सुबह 11:30 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से भारत का पहला निजी ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ लॉन्च करेगी। ‘मिशन आगमन’ के तहत यह रॉकेट 450 किलोमीटर ऊंची लो-अर्थ ऑर्बिट में विभिन्न तकनीकी और व्यावसायिक पेलोड स्थापित करेगा। रॉकेट के साथ 18 कैरेट सोने से बना विशेष माइक्रो-आर्ट पीस भी भेजा जाएगा, जिस पर डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, डॉ. विक्रम साराभाई और सर सी.वी. रमन की सूक्ष्म आकृतियां उकेरी गई हैं। स्काईरूट के अनुसार यह मिशन भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हो सकता है।


4. अमरावती : आंध्र प्रदेश में कोरोना के 12 मामले और 4 मौतें, वैरिएंट जांच के लिए सैंपल पुणे भेजे गए; कर्नाटक भी अलर्ट पर
आंध्र प्रदेश में 26 जून से 16 जुलाई के बीच कोरोना संक्रमण के 12 मामले सामने आए हैं, जबकि चार मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मृतक पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। राज्य सरकार ने वायरस के वैरिएंट की पहचान के लिए पांच सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV), पुणे भेजे हैं। फिलहाल तीन मरीज होम आइसोलेशन में हैं, दो अस्पताल में भर्ती हैं और तीन स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य सचिव वीरा पांडियन ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। सीमावर्ती क्षेत्रों को देखते हुए पड़ोसी राज्य कर्नाटक ने भी एहतियाती कदम बढ़ा दिए हैं।


5. नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी- वोटर लिस्ट से नाम हटने से नागरिकता खत्म नहीं होती, बंगाल सरकार और चुनाव आयोग से मांगा जवाब
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने मात्र से किसी व्यक्ति की नागरिकता समाप्त नहीं हो जाती। याचिका में मांग की गई है कि नागरिकता पर अंतिम निर्णय होने तक प्रभावित लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता रहे। मामले में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने चुनाव आयोग और पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। याचिका में दावा किया गया है कि वोटर लिस्ट से नाम हटने के बाद कई लोगों को राशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में कठिनाई हो रही है।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >

1. भारतीय स्वतंत्रता अधिनियम को मिली शाही मंजूरी (1947)

18 जुलाई 1947 को ब्रिटिश सम्राट किंग जॉर्ज VI ने 'भारतीय स्वतंत्रता अधिनियम' (Indian Independence Act) पर हस्ताक्षर किए थे. इसी ऐतिहासिक फैसले के बाद 15 अगस्त 1947 को भारत और पाकिस्तान नाम के दो स्वतंत्र देश अस्तित्व में आए और भारत में ब्रिटिश हुकूमत का हमेशा के लिए अंत हो गया.

2. इसरो की बड़ी छलांग: रोहिणी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण (1980)

साल 1980 में आज ही के दिन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने भारत में ही बने 'SLV-3' रॉकेट के जरिए 35 किलोग्राम के 'रोहिणी' (RS-1) उपग्रह को अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक स्थापित किया था. इस ऐतिहासिक कामयाबी के साथ ही भारत अंतरिक्ष में अपना उपग्रह भेजने वाला दुनिया का छठा देश बन गया था.

3. डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम बने देश के राष्ट्रपति (2002)

18 जुलाई 2002 को भारत के महान वैज्ञानिक और 'मिसाइल मैन' डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम देश के 12वें राष्ट्रपति चुने गए थे. देश के सबसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक को इस सर्वोच्च पद पर बिठाने के फैसले का पूरे भारत में बेहद गर्मजोशी और सम्मान के साथ स्वागत किया गया था।

4. रंगभेद के खिलाफ संघर्ष के प्रतीक नेल्सन मंडेला का जन्म (1918)

18 जुलाई 1918 को दक्षिण अफ्रीका के महान नेता नेल्सन मंडेला का जन्म हुआ था। 27 वर्ष जेल में रहने के बाद उन्होंने रंगभेद के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया और आगे चलकर देश के पहले अश्वेत राष्ट्रपति बने। उनके सम्मान में संयुक्त राष्ट्र हर वर्ष 18 जुलाई को 'नेल्सन मंडेला अंतरराष्ट्रीय दिवस' मनाता है।


📈 मार्केट में आज कीमतें >



धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
###UP DESK###
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

अपना नाम दर्ज करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए