लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : NEET अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, 9,911 नई MBBS सीटों; राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दो पुलिस रिमांड पर; दरोगा भर्ती का अंतिम परिणाम जारी

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।


🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


1- रेलवे : बिना टिकट यात्रा, लेडीज कोच में प्रवेश और ट्रेन में गंदगी फैलाना अब पड़ेगा भारी, 13 नियमों में बदलाव; RPF-TTE मौके पर ही वसूलेंगे जुर्माना

भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए रेलवे एक्ट, 1989 के तहत 13 महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव लागू किए हैं। अब बिना टिकट या गलत टिकट से यात्रा, दूसरे की आरक्षित सीट पर कब्जा, लेडीज कोच में पुरुषों का प्रवेश, ट्रेन या स्टेशन पर गंदगी फैलाना, नशे में हंगामा करना, नो-एंट्री क्षेत्र में घुसना, बिना लाइसेंस फेरी लगाना और खतरनाक सामान ले जाना जैसे मामलों में RPF और TTE मौके पर ही जुर्माना वसूल सकेंगे। जुर्माना नहीं भरने पर मामला कोर्ट जाएगा, जहां जुर्माने के साथ जेल की सजा भी हो सकती है। रेलवे का कहना है कि नए प्रावधानों का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन सुनिश्चित करना है।

2- नई दिल्ली : NEET अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, 9,911 नई MBBS सीटों और 25 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी; देश में सीटें 1.36 लाख के पार

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए देशभर में 9,911 नई MBBS सीटों और 25 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी है। इसके बाद देश में कुल MBBS सीटों की संख्या बढ़कर 1,36,939 हो गई है और अब 823 मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई होगी। नई सीटों में 2,111 सरकारी और 7,800 निजी मेडिकल कॉलेजों की हैं। उत्तर प्रदेश में निजी मेडिकल कॉलेजों में 800 सीटें बढ़ाई गई हैं, जबकि सरकारी कॉलेजों में कोई नई सीट नहीं जोड़ी गई। NMC ने स्पष्ट किया है कि सक्षम प्राधिकरण के किसी नए निर्णय की स्थिति में सीट मैट्रिक्स में संशोधन किया जा सकता है।

3- अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दो आरोपी 14 घंटे की पुलिस रिमांड पर, चोरी की रकम और तरीके पर होगी पूछताछ; CEO पद के लिए 24 घंटे में 1000 आवेदन
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी रमाशंकर मिश्रा और रिटायर्ड बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव को बुधवार सुबह पुलिस 14 घंटे की रिमांड पर जेल से लेकर गई। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि चढ़ावे की रकम कथित तौर पर कैसे निकाली गई और उसे कहां छिपाया गया। जांच के दौरान रमाशंकर के बैंक खाते में 7.32 लाख रुपये मिलने की जानकारी सामने आई है। इससे पहले चार अन्य आरोपियों से भी रिमांड पर पूछताछ हो चुकी है। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट दानदाताओं की शिकायतों के बाद कुछ भेंट सामग्री लौटाने की प्रक्रिया पर भी विचार कर रहा है। दूसरी ओर, राम मंदिर के CEO पद के लिए भर्ती अधिसूचना जारी होने के 24 घंटे के भीतर 1000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।

4- उत्तर प्रदेश : दरोगा भर्ती का अंतिम परिणाम जारी, 4,543 अभ्यर्थियों का चयन; 954 महिलाओं ने हासिल की सफलता, 22 जुलाई को जारी होंगे अंक
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने दरोगा भर्ती-2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। कुल 4,543 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिनमें 954 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। चयन सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर पदवार और श्रेणीवार अपलोड कर दी गई है। भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण (PST), शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन शामिल थे। बोर्ड के अनुसार, लिखित परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड अंक 22 जुलाई 2026 को जारी किए जाएंगे। परीक्षा के लिए 15.75 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि अंतिम चयन 4,543 अभ्यर्थियों का हुआ।

5- पीलीभीत : मेडिकल कॉलेज में छात्रा की चाकू मारकर हत्या, एकतरफा प्रेम प्रसंग की आशंका; क्लासमेट गिरफ्तार, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल की 20 वर्षीय छात्रा कशिश पटेल की कथित तौर पर उसके सहपाठी सागर सिंह ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना मंगलवार सुबह सीटी स्कैन रूम के पास हुई, जहां दोनों के बीच कहासुनी के बाद आरोपी ने ताबड़तोड़ वार किए। बीच-बचाव में एक महिला कर्मचारी भी घायल हुई। गंभीर रूप से घायल कशिश को बरेली के एसआरएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी को मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में एकतरफा प्रेम प्रसंग का पहलू सामने आया है, हालांकि रंजिश सहित सभी संभावित कारणों की गहन जांच की जा रही है।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1- लखनऊ : फाइव स्टार होटल के कमरे में 22 वर्षीय युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह मृत मिले, बैटरी चालित ट्रैक्टर बनाकर बटोरी थी पहचान; मौत का कारण पोस्टमार्टम से होगा स्पष्ट
लखनऊ के विभूतिखंड स्थित नोवोटेल होटल में महराजगंज निवासी 22 वर्षीय युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे से बरामद हुआ। मंगलवार सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर राहुल बेड पर अचेत मिले, जबकि कमरे में उल्टी के निशान भी पाए गए। पुलिस ने फूड पॉइजनिंग या हार्ट अटैक की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है। राहुल बैटरी चालित इको-फ्रेंडली ट्रैक्टर के नवाचार से चर्चा में आए थे और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के इनोवेशन सेंटर में रिसर्च व पढ़ाई कर रहे थे। बेटे की मौत के बाद परिवार शोक में डूबा है।

2- अयोध्या : सेना का कथित फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर जीआरपी की कार्रवाई; वर्दी और सैन्य सामग्री बरामद
मिलिट्री इंटेलिजेंस, लखनऊ की अयोध्या इकाई की सूचना पर जीआरपी ने सेना का कथित फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी सेना की वर्दी पहनकर अयोध्या रेलवे स्टेशन और कैंट क्षेत्र में खुद को आर्टिलरी अधिकारी तथा डोगरा रेजिमेंट का कैंटीन इंचार्ज बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था। प्रारंभिक पहचान पत्र में उसका नाम करन यादव दर्ज था, जबकि पूछताछ में उसने अपनी वास्तविक पहचान चंदौली निवासी सुरेंद्र निषाद बताई। आरोपी के पास से सेना की यूनिफॉर्म, नेम प्लेट, सैन्य पहचान संबंधी सामग्री, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। एजेंसियां उसके उद्देश्य और संपर्कों की जांच कर रही हैं।

3- फ्रांस : राफेल लड़ाकू विमान में लेजर गाइडेड रॉकेट शामिल, ड्रोन रोधी क्षमता होगी मजबूत; भारत को भी मिल सकता है बड़ा फायदा
फ्रांस ने राफेल लड़ाकू विमान में 68 मिमी लेजर गाइडेड रॉकेट को सफलतापूर्वक एकीकृत कर उसकी ड्रोन रोधी क्षमता बढ़ा दी है। फ्रांसीसी रक्षा एजेंसियों के अनुसार, आठ महीने से भी कम समय में पूरी हुई इस परियोजना के तहत अब महंगी एयर-टू-एयर मिसाइलों की जगह कम लागत वाले हथियारों से ड्रोन का मुकाबला किया जा सकेगा। पहला बैच जुलाई के अंत से फ्रांसीसी वायु एवं अंतरिक्ष बल को सौंपा जाएगा। चूंकि भारत पहले से राफेल विमानों का संचालन कर रहा है और अतिरिक्त विमानों की खरीद प्रक्रिया भी जारी है, इसलिए भविष्य में इस तकनीकी उन्नयन का लाभ भारतीय वायुसेना को भी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

4- नई दिल्ली : दिव्यांगों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में समय रैना समेत 6 लोगों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, 3-3 लाख रुपये जुर्माना लगाया
सुप्रीम कोर्ट ने दिव्यांगों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़े मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना, रणवीर अलाहाबादिया, विपुल गोयल, बलराज परमजीत सिंह घई, सोनाली ठक्कर और निशांत तंवर पर 3-3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि अदालत के पूर्व निर्देशों का पालन नहीं किया गया और न्यायालय को गुमराह किया गया। कोर्ट ने दो सप्ताह में जुर्माना जमा करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि आदेश की अवहेलना होने पर राशि बढ़ाई जा सकती है। मामले की सुनवाई दिव्यांगों की गरिमा से जुड़े ऑनलाइन कंटेंट पर स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाने की मांग वाली याचिका पर हो रही है।

5- वॉशिंगटन/तेहरान : होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर 20% टैक्स लगाने का फैसला ट्रम्प ने 24 घंटे में वापस लिया, मध्य-पूर्व नेताओं से बातचीत का दिया हवाला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर 20% टैक्स लगाने का अपना फैसला महज 24 घंटे के भीतर वापस ले लिया। ट्रम्प ने कहा कि मध्य-पूर्व के नेताओं से बातचीत के बाद अब टैक्स की जगह खाड़ी देशों से अमेरिका में बड़े निवेश होंगे, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इससे पहले ईरान ने इस प्रस्ताव पर तंज कसते हुए कहा था कि यदि सुरक्षा के बदले शुल्क लिया जाना है तो 20% बहुत अधिक है। इस बीच अमेरिका-ईरान तनाव लगातार बना हुआ है और दोनों देशों की ओर से सैन्य गतिविधियों तथा कूटनीतिक बयानों का सिलसिला जारी है।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >

मुंबई की पहली मोटरबस सेवा की ऐतिहासिक शुरुआत
15 जुलाई 1926 को बॉम्बे (अब मुंबई) में पहली बार सार्वजनिक मोटरबस सेवा की शुरुआत की गई थी। अफगानिस्तान चर्च से क्रॉफर्ड मार्केट के बीच शुरू हुई इस सेवा ने भारत में शहरी ट्रांसपोर्ट की पूरी तस्वीर बदल दी और आगे चलकर यही 'बेस्ट' (BEST) बस सेवा मुंबई की लाइफलाइन बनी।

जवाहरलाल नेहरू को 'भारत रत्न' देने का ऐतिहासिक एलान

15 जुलाई 1955 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' देने की घोषणा की थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाने और देश के निर्माण में उनके योगदान के लिए उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया था।

किंगमेकर के. कामराज का जन्म और 'एजुकेशन डे'

15 जुलाई 1903 को भारतीय राजनीति के दिग्गज स्वतंत्रता सेनानी और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज का जन्म हुआ था। देश की राजनीति में 'किंगमेकर' कहे जाने वाले कामराज ने स्कूली बच्चों के लिए 'मिड-डे मील' (मुफ़्त भोजन) योजना की शुरुआत की थी, इसी वजह से उनके जन्मदिन को तमिलनाडु में 'शिक्षा विकास दिवस' के रूप में मनाया जाता है।


📈 मार्केट में आज कीमतें >



धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
###UP DESK###
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

अपना नाम दर्ज करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए