लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : NEET अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, 9,911 नई MBBS सीटों; राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का बदला गया स्थल; मतदाता सूची पुनरीक्षण में 19 लाख से अधिक विसंगतियां

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


1- रेलवे : बिना टिकट यात्रा, लेडीज कोच में प्रवेश और ट्रेन में गंदगी फैलाना अब पड़ेगा भारी, 13 नियमों में बदलाव; RPF-TTE मौके पर ही वसूलेंगे जुर्माना
भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए रेलवे एक्ट, 1989 के तहत 13 महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव लागू किए हैं। अब बिना टिकट या गलत टिकट से यात्रा, दूसरे की आरक्षित सीट पर कब्जा, लेडीज कोच में पुरुषों का प्रवेश, ट्रेन या स्टेशन पर गंदगी फैलाना, नशे में हंगामा करना, नो-एंट्री क्षेत्र में घुसना, बिना लाइसेंस फेरी लगाना और खतरनाक सामान ले जाना जैसे मामलों में RPF और TTE मौके पर ही जुर्माना वसूल सकेंगे। जुर्माना नहीं भरने पर मामला कोर्ट जाएगा, जहां जुर्माने के साथ जेल की सजा भी हो सकती है। रेलवे का कहना है कि नए प्रावधानों का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन सुनिश्चित करना है।

2- नई दिल्ली : NEET अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, 9,911 नई MBBS सीटों और 25 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी; देश में सीटें 1.36 लाख के पार
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए देशभर में 9,911 नई MBBS सीटों और 25 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी है। इसके बाद देश में कुल MBBS सीटों की संख्या बढ़कर 1,36,939 हो गई है और अब 823 मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई होगी। नई सीटों में 2,111 सरकारी और 7,800 निजी मेडिकल कॉलेजों की हैं। उत्तर प्रदेश में निजी मेडिकल कॉलेजों में 800 सीटें बढ़ाई गई हैं, जबकि सरकारी कॉलेजों में कोई नई सीट नहीं जोड़ी गई। NMC ने स्पष्ट किया है कि सक्षम प्राधिकरण के किसी नए निर्णय की स्थिति में सीट मैट्रिक्स में संशोधन किया जा सकता है।

3- देहरादून : राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का बदला गया स्थल, कांग्रेस ने सुरक्षा का हवाला दिया; प्रशासन बोला- फैसला पूरी तरह प्रशासनिक
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का स्थल बदल दिया गया है। अब यह कार्यक्रम परेड ग्राउंड के बजाय बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होगा। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार के दबाव में पहले दी गई अनुमति रद्द की गई, जबकि प्रशासन का कहना है कि परेड ग्राउंड पहले से अन्य सरकारी कार्यक्रम के लिए आरक्षित था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दावा किया कि छात्रों और अभिभावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। वहीं, जिलाधिकारी आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि वैकल्पिक स्थल प्रशासनिक कारणों और कानून-व्यवस्था को देखते हुए उपलब्ध कराया गया है।

4- देहरादून : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को तीन साल बाद मिला स्थायी अध्यक्ष, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी संभालेंगे जिम्मेदारी
उत्तराखंड सरकार ने सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) का नया स्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया है। जून 2023 से आयोग में स्थायी अध्यक्ष का पद खाली था, जिससे कई महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही थीं। सरकार ने डॉ. हेमचंद्र पांडे को आयोग का सदस्य भी नियुक्त किया है। चंपावत निवासी गजेंद्र जोशी भारतीय सेना में 38 वर्षों से अधिक सेवा दे चुके हैं और ऑपरेशन पवन, ऑपरेशन रक्षक सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और सेना मेडल (SM) से सम्मानित किया जा चुका है।

5- उत्तराखंड : मतदाता सूची पुनरीक्षण में 19 लाख से अधिक विसंगतियां, दो लाख मतदाताओं के माता-पिता 'नाबालिग' और 92 हजार के दादा 'जवान' दर्ज
उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण में 19.04 लाख से अधिक रिकॉर्ड में विसंगतियां सामने आई हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, करीब 1.99 लाख मतदाताओं के माता-पिता की उम्र रिकॉर्ड में कथित तौर पर नाबालिग दर्शाई गई है, जबकि 92 हजार से अधिक मतदाताओं के दादा-दादी की उम्र भी असामान्य रूप से कम दर्ज मिली है। इसके अलावा 5.26 लाख से अधिक मतदाता ऐसे हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है। सबसे अधिक गड़बड़ियां ऊधमसिंह नगर जिले की रुद्रपुर विधानसभा में दर्ज हुई हैं। आयोग इन सभी रिकॉर्ड का सत्यापन कर रहा है और सुधार नहीं होने पर संबंधित मतदाताओं के नाम हटाए जाने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1- बदरीनाथ : चढ़ावा गणना में कथित अनियमितताओं पर BKTC की बड़ी कार्रवाई, रजिस्टर में कमियां मिलने के बाद खजांची हटाए गए; केदार सिंह रावत को नई जिम्मेदारी
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा हेराफेरी की जांच के बीच बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) ने दान गणना रजिस्टर में कमियां मिलने के बाद खजांची संदेश मेहता को पद से हटा दिया है। उनकी जगह पूजा कार्यालय से केदार सिंह रावत को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। मामले की फिलहाल त्रिस्तरीय जांच चल रही है, जिसमें बीकेटीसी, पुलिस और शासन स्तर की समितियां शामिल हैं। जांच समिति ने गणना कक्ष का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है। सूत्रों के अनुसार, मामले में अन्य कर्मचारियों को भी जल्द कारण बताओ नोटिस जारी किए जा सकते हैं।

2- हरिद्वार : कांवड़ मेले के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए कार सेवा का संतों का ऐलान, योगी सरकार से 9 अगस्त से पहले तिथि घोषित करने की मांग
हरिद्वार में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज की अध्यक्षता में हुई संतों की बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई गई। संतों ने कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद कार सेवा की तिथि घोषित करने की बात कही और 'चलो मथुरा चलें' का आह्वान किया। काली सेना प्रमुख स्वामी आनंद स्वरूप ने उत्तर प्रदेश सरकार से 9 अगस्त से पहले मंदिर निर्माण की तिथि घोषित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रतीकात्मक कार सेवा भी की जाएगी। संतों ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को भी कार सेवा में शामिल होने का निमंत्रण देने की बात कही है।

3- फ्रांस : राफेल लड़ाकू विमान में लेजर गाइडेड रॉकेट शामिल, ड्रोन रोधी क्षमता होगी मजबूत; भारत को भी मिल सकता है बड़ा फायदा
फ्रांस ने राफेल लड़ाकू विमान में 68 मिमी लेजर गाइडेड रॉकेट को सफलतापूर्वक एकीकृत कर उसकी ड्रोन रोधी क्षमता बढ़ा दी है। फ्रांसीसी रक्षा एजेंसियों के अनुसार, आठ महीने से भी कम समय में पूरी हुई इस परियोजना के तहत अब महंगी एयर-टू-एयर मिसाइलों की जगह कम लागत वाले हथियारों से ड्रोन का मुकाबला किया जा सकेगा। पहला बैच जुलाई के अंत से फ्रांसीसी वायु एवं अंतरिक्ष बल को सौंपा जाएगा। चूंकि भारत पहले से राफेल विमानों का संचालन कर रहा है और अतिरिक्त विमानों की खरीद प्रक्रिया भी जारी है, इसलिए भविष्य में इस तकनीकी उन्नयन का लाभ भारतीय वायुसेना को भी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

4- नई दिल्ली : दिव्यांगों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में समय रैना समेत 6 लोगों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, 3-3 लाख रुपये जुर्माना लगाया
सुप्रीम कोर्ट ने दिव्यांगों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़े मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना, रणवीर अलाहाबादिया, विपुल गोयल, बलराज परमजीत सिंह घई, सोनाली ठक्कर और निशांत तंवर पर 3-3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि अदालत के पूर्व निर्देशों का पालन नहीं किया गया और न्यायालय को गुमराह किया गया। कोर्ट ने दो सप्ताह में जुर्माना जमा करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि आदेश की अवहेलना होने पर राशि बढ़ाई जा सकती है। मामले की सुनवाई दिव्यांगों की गरिमा से जुड़े ऑनलाइन कंटेंट पर स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाने की मांग वाली याचिका पर हो रही है।

5- वॉशिंगटन/तेहरान : होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर 20% टैक्स लगाने का फैसला ट्रम्प ने 24 घंटे में वापस लिया, मध्य-पूर्व नेताओं से बातचीत का दिया हवाला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर 20% टैक्स लगाने का अपना फैसला महज 24 घंटे के भीतर वापस ले लिया। ट्रम्प ने कहा कि मध्य-पूर्व के नेताओं से बातचीत के बाद अब टैक्स की जगह खाड़ी देशों से अमेरिका में बड़े निवेश होंगे, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इससे पहले ईरान ने इस प्रस्ताव पर तंज कसते हुए कहा था कि यदि सुरक्षा के बदले शुल्क लिया जाना है तो 20% बहुत अधिक है। इस बीच अमेरिका-ईरान तनाव लगातार बना हुआ है और दोनों देशों की ओर से सैन्य गतिविधियों तथा कूटनीतिक बयानों का सिलसिला जारी है।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >

मुंबई की पहली मोटरबस सेवा की ऐतिहासिक शुरुआत
15 जुलाई 1926 को बॉम्बे (अब मुंबई) में पहली बार सार्वजनिक मोटरबस सेवा की शुरुआत की गई थी। अफगानिस्तान चर्च से क्रॉफर्ड मार्केट के बीच शुरू हुई इस सेवा ने भारत में शहरी ट्रांसपोर्ट की पूरी तस्वीर बदल दी और आगे चलकर यही 'बेस्ट' (BEST) बस सेवा मुंबई की लाइफलाइन बनी।

जवाहरलाल नेहरू को 'भारत रत्न' देने का ऐतिहासिक एलान

15 जुलाई 1955 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' देने की घोषणा की थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाने और देश के निर्माण में उनके योगदान के लिए उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया था।

किंगमेकर के. कामराज का जन्म और 'एजुकेशन डे'

15 जुलाई 1903 को भारतीय राजनीति के दिग्गज स्वतंत्रता सेनानी और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज का जन्म हुआ था। देश की राजनीति में 'किंगमेकर' कहे जाने वाले कामराज ने स्कूली बच्चों के लिए 'मिड-डे मील' (मुफ़्त भोजन) योजना की शुरुआत की थी, इसी वजह से उनके जन्मदिन को तमिलनाडु में 'शिक्षा विकास दिवस' के रूप में मनाया जाता है।


📈 मार्केट में आज कीमतें >




धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
###UK DESK###
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

अपना नाम दर्ज करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए