लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : हवाई किराए पर मनमानी पर लग सकती है लगाम; राम मंदिर ट्रस्ट ने पहली बार निकाली CEO की भर्ती; 40 मिनट में पूरा होगा लखनऊ-कानपुर सफर

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।


🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


1- नई दिल्ली : हवाई किराए पर मनमानी पर लग सकती है लगाम, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से 2 हफ्ते में मांगे नए रेगुलेशन; त्योहारों में बढ़े किराए पर सख्त रुख

सुप्रीम कोर्ट ने त्योहारों और आपात स्थितियों में एयरलाइंस द्वारा कथित मनमाने किराए वसूले जाने के मामले में केंद्र सरकार से हवाई किराया नियंत्रित करने के लिए तैयार नियमों की प्रति दो सप्ताह के भीतर सीलबंद लिफाफे में पेश करने को कहा है। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। केंद्र ने बताया कि नियम तैयार हैं और 30 दिनों में संसद में पेश किए जाएंगे। अदालत ने अगली सुनवाई 3 अगस्त तय की है। याचिका में स्वतंत्र रेगुलेटर बनाकर किराए और अतिरिक्त शुल्क की निगरानी की मांग की गई है।

2- अयोध्या : राम मंदिर ट्रस्ट ने पहली बार निकाली CEO की भर्ती, सुप्रीम कोर्ट ने चढ़ावा प्रकरण में SIT से मांगी स्टेटस रिपोर्ट; 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ी 


श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पहली बार CEO पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। आवेदन की अंतिम तिथि 18 जुलाई शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है। उम्मीदवार का हिंदू होना, आयु 50 से 70 वर्ष तथा स्नातक होना अनिवार्य है। वहीं, कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार, केंद्र और ट्रस्ट को नोटिस जारी कर SIT से जांच की स्टेटस रिपोर्ट मांगी तथा CCTV फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई 20 जुलाई को होगी। उधर, स्पेशल कोर्ट ने गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 27 जुलाई तक बढ़ा दी है।

3- उत्तर प्रदेश : 60 हजार करोड़ की सड़क परियोजनाओं का ऐलान, लखनऊ को मिलेगा 23 किमी लंबा तीन मंजिला फ्लाईओवर; गडकरी ने रखी विकास की रूपरेखा

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के दौरान उत्तर प्रदेश के लिए करीब 60 हजार करोड़ रुपये की नई सड़क एवं एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से शहीद पथ के कमता तक लगभग 23 किलोमीटर लंबा तीन मंजिला फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में कई नए हाईवे, फोरलेन और कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर भी तेजी से काम होगा। गडकरी ने कहा कि इन योजनाओं से प्रदेश में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और यात्रा का समय काफी कम होगा।

4- लखनऊ : अखिलेश विवाद में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने वकील से जताया खेद, बोले- माफी का मतलब आरोप स्वीकार करना नहीं

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण के आरोपी टिन्नू यादव को लेकर सोशल मीडिया पर हुई बयानबाजी के विवाद में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल के कानूनी नोटिस का जवाब भेजा है। उन्होंने नोटिस में लगाए गए आरोपों को निराधार बताया, लेकिन कहा कि यदि उनके किसी बयान से अनजाने में किसी की भावनाएं या प्रतिष्ठा आहत हुई हो तो उन्हें इसका खेद है और वह माफी मांगते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह माफी केवल विवाद समाप्त करने और सार्वजनिक संवाद की गरिमा बनाए रखने के लिए है, इसे किसी कानूनी गलती या आरोप स्वीकार करने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव से माफी नहीं मांगी है।

5- उत्तर प्रदेश : पैरामेडिकल शिक्षा में बड़ा बदलाव, अब एक डिग्री से चल सकेंगी कई जांच मशीनें; 36 से अधिक डिप्लोमा कोर्स होंगे बंद

उत्तर प्रदेश में पैरामेडिकल शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार भविष्य में एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई जैसी एक ही श्रेणी की कई जांच मशीनों के संचालन के लिए अलग-अलग डिप्लोमा की आवश्यकता नहीं होगी। एक संयुक्त डिग्री से संबंधित सभी मशीनों का संचालन किया जा सकेगा। इसके तहत 36 से अधिक डिप्लोमा और कई सर्टिफिकेट कोर्स चरणबद्ध तरीके से बंद किए जाएंगे तथा नए जॉब-ओरिएंटेड संयुक्त पाठ्यक्रम तैयार किए जाएंगे। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार इसका उद्देश्य छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और सरकारी नौकरियों में शैक्षिक योग्यता से जुड़े विवादों को समाप्त करना है।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1- उत्तर प्रदेश : मानसून पड़ा कमजोर, प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा; 25 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, अब तक सामान्य से 19% कम वर्षा

उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह भी मानसून कमजोर बना रहा। लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी समेत कई शहरों में बादल छाए, लेकिन दिन चढ़ने के साथ उमस बढ़ गई। पहाड़ों में लगातार बारिश के कारण प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़कर घाटों की दुकानों तक पहुंच गया है, जबकि बिजनौर में मालन नदी भी उफान पर है। मौसम विभाग ने आज 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पाकिस्तान से आ रही सूखी हवाओं और मानसून ट्रफ के खिसकने से अगले 3-4 दिन पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना कम रहेगी। 1 जून से अब तक प्रदेश में औसत से 19% कम वर्षा दर्ज की गई है।

2- गोरखपुर : बसपा नेता हत्याकांड का आरोपी मुस्तफिजुल STF एनकाउंटर में ढेर, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई; 1 लाख का इनामी था

गोरखपुर में सोमवार देर रात यूपी STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू की हत्या के आरोपी मुस्तफिजुल हसन उर्फ बाबू की मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रामनगर-करजहा फोरलेन पर चेकिंग के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें STF का एक हेड कॉन्स्टेबल घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुस्तफिजुल 2024 में गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत से चलती ट्रेन से फरार हो गया था और उसके खिलाफ हत्या समेत 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

3- केरल : MBBS डॉक्टरों को सफाईकर्मी जितनी सैलरी मिलने का दावा, IMA बोला- जरूरत से कई गुना ज्यादा डॉक्टर होने से बिगड़े हालात

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के सर्वे के अनुसार केरल में बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टर कम वेतन और कठिन कार्य परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक कई निजी अस्पतालों में 12 से 24 घंटे की ड्यूटी के बदले MBBS डॉक्टरों को करीब 20 हजार रुपये मासिक वेतन मिल रहा है, जो सफाईकर्मियों के वेतन के बराबर बताया गया है। IMA का दावा है कि राज्य में जरूरत से कई गुना अधिक डॉक्टर तैयार होने के कारण यह स्थिति बनी है। राज्य सरकार ने कहा कि निजी अस्पताल स्वायत्त संस्थाएं हैं, इसलिए उनके वेतन ढांचे में सीधे हस्तक्षेप संभव नहीं है।

4- लखनऊ : 40 मिनट में पूरा होगा लखनऊ-कानपुर सफर, गडकरी ने एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया; बोले- '15 लाख करोड़ मेरी जेब में, पैसे की कमी नहीं'

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर बैरियर-लेस एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। यह एक्सप्रेस-वे मंगलवार सुबह 8 बजे से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच सफर करीब 40 मिनट में पूरा होगा। गडकरी ने कहा कि उनके विभाग के पास धन की कमी नहीं है और कई नई परियोजनाओं पर तेजी से काम होगा। कार्यक्रम में लखनऊ एयरपोर्ट से शहीद पथ तक एलिवेटेड रोड समेत कई नई सड़क परियोजनाओं की भी घोषणा की गई।

5- महाराजगंज : नेपाल सीमा पर अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार, बिना वैध दस्तावेज नेपाल में प्रवेश की कोशिश; समुद्री रास्ते से भारत आने का दावा

उत्तर प्रदेश के सोनौली क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 36 वर्षीय अमेरिकी नागरिक जॉर्डन ब्राउन को कथित तौर पर बिना वैध यात्रा दस्तावेज नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास करते हुए हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने दावा किया कि थाईलैंड में पासपोर्ट खोने के बाद वह श्रीलंका के रास्ते नवंबर 2025 में समुद्री मार्ग से भारत पहुंचा और तब से गोवा में रह रहा था। उसके पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने विदेशी एवं आव्रजन कानून की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >



📈 मार्केट में आज कीमतें >



धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
###UP DESK###
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

अपना नाम दर्ज करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए